अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने शुक्रवार को पाकिस्तानी सेना पर काबुल और देश के अन्य क्षेत्रों में रात भर चले हवाई हमलों में आम लोगों के घरों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। तालिबान ने कहा कि इन हमलों में कम से कम छह लोग मारे गए और कई अन्य घायल हुए।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संयम बरतने की अपील के बावजूद दोनों पड़ोसी देशों के बीच लड़ाई का यह तीसरा सप्ताह है।

अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि पाकिस्तान के विमानों ने कंधार हवाई अड्डे के पास स्थित निजी एयरलाइन ‘काम एयर’ के ईंधन डिपो (ईंधन भंडार केंद्र) पर भी हमला किया।

मुजाहिद ने कहा, ”यह कंपनी नागरिक विमानों के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र के विमानों को ईंधन की आपूर्ति करती है।” इस बीच, पाकिस्तान के सरकारी टेलीविजन ने बताया कि देश के सशस्त्र बलों ने अभियान के तहत अफगानिस्तान के अंदर सफल हवाई हमले किए, जिसमें अफगानिस्तान में चार आतंकवादी ठिकानों और उनके सहायक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया। ये घटनाक्रम दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच सामने आया है, जिसे पाकिस्तान ने खुला युद्ध करार दिया है।

पाकिस्तान का कहना है कि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार उन आतंकवादी समूहों को पनाह दे रही है जो उसके खिलाफ हमले करते हैं और साथ ही वह भारत के साथ गठबंधन कर रही है। तालिबान ने आतंकवादी समूहों को पनाह देने से इनकार किया है।

फरवरी के आखिर से ही पाकिस्तान और अफगानिस्तान एक-दूसरे के सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहे हैं। अफगानिस्तान ने कहा था कि उसने पाकिस्तानी हमलों के जवाब में पाकिस्तानी चौकियों को निशाना बनाकर हमले किए थे।

पाकिस्तान की सेना का कहना है कि उसके अभियानों में पाकिस्तानी तालिबान (टीटीपी) और उसके समर्थक नेटवर्क को निशाना बनाया गया था।

यह भी पढ़ें- पाकिस्तान में बम धमाका, सात पुलिसकर्मियों की मौत

पाकिस्तान में शुक्रवार को एक पुलिस वाहन को निशाना बनाकर किए गए आईईडी बम धमाके में कम से कम सात पुलिसकर्मी मारे गए। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।