यूरोपीय देशों में विमानों को बम से उड़ाने की धमकी का सिलसिला लगातार जारी है। 2 और 3 नवंबर की घटना के बाद 5 नवंबर 2026 को भी ऐसी एक घटना सामने आई है। गुरुवार को आयरलैंड की राजधानी डबलिन से रोम जा रही एयर लिंगस की फ्लाइट को बम की धमकी मिली जिसके बाद फ्लाइट को फ्रांस की ओर डायवर्ट कर दिया गया। विमान को नॉरमैंडी के एवरेक्स स्थित फ्रांसीसी सैन्य एयरबेस पर लैंड कराया गया। इस घटना के बाद यूरोप में कई फ्लाइट्स को डायवर्ट कर दिया गया है।
फ्रांस सरकार ने इस घटना की पुष्टि की है। फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबास्टियन लेकोर्नू का कार्यालय इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। हालांकि, विमान को मिली धमकी और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
पेरिस के पास पहुंचने के बाद फ्लाइट को किया डायवर्ट
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, एयर लिंगस एयरलाइन का विमान पेरिस के पास पहुंचने के बाद अपने निर्धारित मार्ग से मुड़ गया। विमान ने इन-फ्लाइट इमरजेंसी घोषित की और एवरेक्स के आसपास चक्कर लगाने के बाद फ्रांस के सैन्य एयरबेस पर लैंडिंग की।
प्राग जा रही चार फ्लाइटों को भी मिली धमकी
इसके अलावा प्राग जा रहे चार विमानों को भी इस तरह की धमकियां मिली हैं। चेक पुलिस ने इन घटनाओं की जानकारी देते हुए कहा है कि प्राग जा रहे चार प्लेन को बम की धमकी मिली थी। यह धमकियां उस वक्त मिलीं जब फ्लाइट लैंडिंग की तैयारी कर रही थीं। प्राग की घटनाओं से फ्रांस, बेल्जियम, इटली, बुल्गारिया और चेक रिपब्लिक जाने वाली फ्लाइट्स पर असर पड़ा है, जिसके कारण अधिकारियों को सिक्योरिटी प्रोसेस एक्टिवेट करने और लैंडिंग के बाद एयरक्राफ्ट की जांच करनी पड़ी।
यूरोप में लगातार मिल रही ऐसी धमकियां
यूरोपीय देशों में विमानों को बम से उड़ाने की धमकी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मंगलवार (03 नवंबर) को ही को कम से कम सात उड़ानों और एक क्रूज शिप को उड़ाने की धमकी मिली थी। धमकी मिलने वाली उड़ानों में पोलिश एयरलाइन LOT, स्कैंडिनेवियन एयरलाइंस, विज एयर और रायनएयर शामिल थीं।
इन घटनाओं के चलते वारसॉ एयरपोर्ट को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा, जबकि रोम में एक विमान को एयर फोर्स के विमान की मदद से उतारा गया। हालांकि जांच के दौरान किसी भी विमान या क्रूज शिप से विस्फोटक उपकरण बरामद नहीं हुआ।
यूरोपीय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
यूरोप में विमानों को मिल रही धमकियों की घटना ने यूरोपीय हवाई सुरक्षा व्यवस्था के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। यूरोप में हाल के दिनों में संदिग्ध गतिविधियों और सुरक्षा संबंधी घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इनमें सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेशन सिस्टम पर हमले, ड्रोन के जरिए संवेदनशील क्षेत्रों में घुसपैठ और आपातकालीन अलर्ट ऐप्स के रहस्यमयी सक्रिय होने जैसी घटनाएं शामिल हैं।
इन घटनाओं को लेकर यूरोपीय अधिकारियों ने हाइब्रिड खतरों की आशंका जताई है। लगातार मिल रही बम की धमकियों के बीच यूरोपीय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।
यह भी पढ़ें: अमेरिका ने ईरान के केशम द्वीप पर किया हमला, तेल की कीमतों में आया उछाल
मिडिल ईस्ट में पिछले 8-9 महीने से चल रहे युद्ध को अमेरिका ने एकबार फिर भड़काने का काम किया है। दरअसल, मंगलवार को अमेरिका ने ईरान के केशम आइलैंड पर हमला कर दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका का यह हमला पूरी तरह से सीक्रेट अटैक था। ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA ने भी केशम आइलैंड पर एयरस्ट्राइक की बात को माना है। रिपोर्ट में कहा गया है कि केशम द्वीप पर कई हमले हुए हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…
