नाइजीरिया में सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। 25 यात्रियों और सात चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रहा सैन्य विमान देश के दक्षिण-पश्चिमी ओंडो राज्य में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 32 लोगों की मौत हो गई।

नाइजीरिया के विमानन मंत्री फेस्टस कीयामो ने बताया कि यह एयर फोर्स का ATR-42 विमान था। विमान बेनिन सिटी से लागोस के लिए एक नियमित मिशन पर उड़ान भर रहा था। उड़ान के दौरान सोमवार सुबह करीब 8:13 GMT (लोकल टाइम) पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल का विमान से संपर्क टूट गया।

अधिकारियों ने विमान से दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद विमान के लापता होने की सूचना दी गई। बाद में खोज और बचाव टीमों ने ओंडो राज्य के तटीय शहर इग्बोकोडा के पास विमान का मलबा खोज लिया।

राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने जताया दुख

नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने हादसे पर गहरा दुख जताया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वायुसेना प्रमुख ने उन्हें हादसे की जानकारी दी है।

राष्ट्रपति ने नाइजीरियाई वायुसेना को दुर्घटना के कारणों की तत्काल और विस्तृत जांच शुरू करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जांच का उद्देश्य हादसे की वजह पता लगाना और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना है।

हाल के वर्षों का सबसे भीषण हादसा

यह दुर्घटना नाइजीरिया में हाल के वर्षों में हुए सबसे घातक विमान हादसों में से एक बताई जा रही है। हादसे के बाद बचाव और खोज अभियान चलाया गया, लेकिन राष्ट्रपति के बयान के अनुसार विमान में सवार कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बचा।

विमान के एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूटने और दुर्घटना के बीच की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि विस्तृत जांच के बाद हादसे की सही वजह सामने आ सकेगी।

यह भी पढ़ें: चॉपर से उतरते वक्त गिरने से बचीं अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की पत्नी, गोद में था 9 हफ्ते का बेटा

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की पत्नी उषा वेंस सोमवार को उस वक्त एक हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गईं जब वह हेलीकॉप्टर से उतर रही थीं। उस वक्त उनकी गोद में उनका 9 हफ्ते का बेटा भी था। घटना का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।