अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे और कमर्शियल ट्रक ड्राइवर के रूप में काम कर रहे भारत के लगभग 30 लोगों को एक संघीय अभियान के तहत गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इन सभी को जल्द ही उनके देश वापस भेजा जाएगा।

अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा एजेंसी (U.S. Customs and Border Protection) ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि 11 से 15 मई के बीच एरिजोना के युमा सेक्टर में चलाए गए ‘ऑपरेशन चेकमेट’ के दौरान बॉर्डर पेट्रोल एजेंटों ने अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे 52 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें 36 लोग सेमी-ट्रक (भारी मालवाहक ट्रक) चलाते हुए पाए गए।

गिरफ्तार किए गए इन अवैध ट्रक चालकों में 30 भारत से हैं जबकि बाकी छह मेक्सिको, अल सल्वाडोर और रूस से हैं। उनके पास कैलिफोर्निया, न्यूयॉर्क, वाशिंगटन और वर्जीनिया जैसे राज्यों के वाणिज्यिक चालक लाइसेंस थे जबकि कुछ के पास किसी भी तरह का चालक लाइसेंस नहीं था। इनमें से अधिकतर लोगों के पास ऐसे रोजगार प्राधिकरण दस्तावेज थे जो अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के नेतृत्व वाले प्रशासन के दौरान हासिल किए गए थे और अब वैध नहीं हैं।

सभी लोगों के खिलाफ संघीय कानून के तहत कार्रवाई की गई है और उन्हें निर्वासित (Deport) किया जाएगा। ‘ऑपरेशन चेकमेट’ का उद्देश्य देश में अवैध रूप से रह रहे और वाणिज्यिक मोटर वाहन चला रहे लोगों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करना और आव्रजन कानूनों को लागू कर सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत करना है।

अमेरिकी सीमा गश्त के युमा सेक्टर के कार्यवाहक मुख्य गश्त एजेंट डस्टिन कॉडल ने कहा, ”ऑपरेशन चेकमेट समुदायों और सड़कों को ऐसे चालकों से सुरक्षित रखने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है जो गैरकानूनी रूप से रहकर वाहन चलाते हैं और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम पैदा करते हैं।”

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाले प्रशासन के तहत परिवहन विभाग ने अयोग्य विदेशी चालकों को वाणिज्यिक ट्रक और बस चलाने के लिए लाइसेंस प्राप्त करने से रोकने का आदेश जारी किया है। पिछले कई महीनों में अमेरिका में कमर्शियल वाहन चलाते समय घातक हादसे करने के आरोप में भारतीय मूल के ट्रक चालकों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ आरोप तय किए जाने के मामले सामने आए हैं।

समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ

अमेरिका: शादी के कुछ ही घंटे बाद हेलीकॉप्टर हुआ क्रैश

अमेरिका के जॉर्जिया स्थित अटलांटा में भारतीय मूल के एक युवक की शादी के कुछ ही घंटे बाद हेलीकॉप्टर क्रैश में मौत हो गई है। अटलांटा न्यूज फर्स्ट के मुताबिक, युवक का नाम डेव फिजी था और उसकी शादी शुक्रवार की रात हुई थी।

इस क्रैश में दूल्हा डेव फिजी और रॉबिन्सन आर66 हेलीकॉप्टर के पायलट दोनों की मौत हो गई। इन दोनों के अलावा डेव की पत्नी जेसनी भी इसी हेलीकॉप्टर में सवार थी। शादी के बाद वह हेलीकॉप्टर डॉसनविले में उनके विवाह स्थल के पास क्रैश हो गया। हालांकि अभी तक पायलट का नाम सामने नहीं आया है।