Chicago Shooting: कैलिफोर्निया के बाद शिकागो में सोमवार (23 जनवरी, 2023) को गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई है। एक अपार्टमेंट में घुसकर कुछ लोगों ने फायरिंग की, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इससे पहले रविवार को चीनीलनव वर्ष के एक कार्यक्रम में अंधाधुंध फायरिंग हुई थी, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई थी। पिछले 2 दिनों में हुई इन दो गोलीबारियों में अब तक 12 लोगों की जान चली गई है।
पुलिस ने बताया, प्लानिंग के साथ दिया गया घटना को अंजाम
शिकागो पुलिस और अग्निशमन अधिकारियों ने कहा कि शूटिंग दोपहर करीब 1:45 बजे हुई। पुलिस ने कहा कि संदिग्ध घटनास्थल से भाग गए। उप पुलिस प्रमुख सीन लॉगरन ने इस घटना को टारगेट किलिंग बताया है। एक समाचार ब्रीफिंग के दौरान लॉगरन ने कहा कि यह कोई अचानक से हुई घटना नहीं है, किसी ने प्लानिंग के साथ इसको अंजाम दिया है।
लॉगरन ने कहा कि दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और तीन लोगों को गंभीर हालत में यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने कहा, पीड़ितों में से एक मदद के लिए करीब आधा मील (0.8 किलोमीटर) दूर एक व्यवसाय में गया था।
एक स्कूल में भी गोलीबारी, 2 बच्चों समेत तीन गंभीर रूप से घायल
इसके अलावा, अमेरिका के डेस मोइंस में भी गोलीबारी की घटना हुई है। यहां एक स्कूल में फायिरंग हुई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सीएनएन ने डेस मोइंस पुलिस विभाग का हवाला देते हुए बताया कि सोमवार को अमेरिकी राज्य आयोवा में डेस मोइंस शहर के एक स्कूल में हुई गोलीबारी में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, घायल हुए तीन लोगों में से दो की हालत गंभीर है जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों में दो छात्र भी शामिल हैं और एक स्टाफ का सदस्य है। सीएनएन के मुताबिक, पुलिस ने बताया, “शूटिंग की घटना के लगभग बीस मिनट बाद और दो मील दूर डेस मोइंस पुलिस विभाग के गश्ती अधिकारियों और जासूसों ने ट्रैफिक रुकने के बाद कई संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।”