राहु का धनिष्ठा नक्षत्र में गोचर 2026: वैदिक ज्योतिष शास्त्र में राहु को छाया और मायावी ग्रह माना जाता है, जो एक निश्चित अवधि के बाद राशि और नक्षत्र परिवर्तन करते हैं। इस समय राहु कुंभ राशि और शतभिषा नक्षत्र में संचरण कर रहे हैं। वहीं 30 जून को राहु नक्षत्र परिवर्तन करके धनिष्ठा नक्षत्र में प्रवेश कर जाएंगे। मंगल के नक्षत्र में राहु के जाने से 12 राशियों के साथ-साथ वैश्विक स्तर में असर देखने को मिल सकता है। आइए जानते हैं राहु के धनिष्ठा नक्षत्र में जाने से देश-दुनिया में क्या असर होगा और ये नक्षत्र परिवर्तन क्यों माना जा रहा है महत्वपूर्ण…
वैदिक ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, स्पष्ट राहु 30 जून 2026, मंगलवार को 11:07 पी एम बजे धनिष्ठा नक्षत्र में प्रवेश कर जाएंगे और दिसंबर तक इसी नक्षत्र में रहेंगे। आकाश मंडल के 27 नक्षत्रों में से23वां नक्षत्र धनिष्ठा है। इस संस्कृत शब्द का अर्थ है सबसे धनी या सबसे प्रसिद्ध होता है। इस नक्षत्र के स्वामी मंगल और इसकी राशि मकर और कुंभ होगी। पहले दो चरण मकर राशि और अंतिम दो चरण कुंभ राशि में आते है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार धनिष्ठा का संबंध धन, संगीत, नृत्य, समृद्धि, उपलब्धियां और परोपकार से जुड़ा माना जाता है।
राहु के धनिष्ठा नक्षत्र में जाने से देश-दुनिया में असर
पंडित केपी शुक्ल के अनुसार, मंगल के नक्षत्र धनिष्ठा में राहु के जाने से 12 राशियोें के साथ वैश्विक स्तर में भी असर देखने को मिल सकता है। मंगल भूमि और संपत्ति के कारक माने जाते हैं। ऐसे में प्रॉपर्टी और जमीन से जुड़े क्षेत्रों में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। तकनीकी क्षेत्र में भी कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। आर्थिक स्थिति में भी असर देखने को मिल सकता है। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ने की संभावना बताई जाती है, इसलिए निवेशकों को सावधानी और विवेक से निर्णय लेने की सलाह दी जाती है। मंगल के प्रभाव के कारण लोगों में क्रोध, अधीरता और टकराव की प्रवृत्ति भी बढ़ सकती है, जिससे सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर तनावपूर्ण स्थितियां बन सकती हैं।
राहु का धनिष्ठा नक्षत्र में जाना क्यों है महत्वपूर्ण?
राहु का धनिष्ठा नक्षत्र में प्रवेश करना ज्योतिष शास्त्र में काफी महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि राहु मंगल के नक्षत्र धनिष्ठा नक्षत्र में प्रवेश कर रहे हैं यानी तीनों की ऊर्जाएं एक साथ काम कर सकती है। ऐसे में राहु जीवन में कई अचानक घटनाएं करा सकते हैं। राहु को अचानक घटनाओं, महत्वाकांक्षा, तकनीक, विदेशी संबंधों, भ्रम, जोखिम आदि का कारक माना जाता है। वहीं दूसरी ओर धनिष्ठा नक्षत्र की बात करें, तो उसे समृद्धि, संसाधन, प्रतिष्ठा, संगीत, नेतृत्व और सामाजिक सफलता से जोड़कर देखा जाता है और ग्रहों के सेनापति मंगल की बात करें तो साहस, ऊर्जा, भूमि, संपत्ति, प्रतिस्पर्धा और कार्रवाई का प्रतिनिधित्व माना जाता है। ऐसे में राहु के इस नक्षत्र में जाने से उपलब्धि और महत्वाकांक्षा में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है। व्यक्ति की तेजी से आगे बढ़ने या फिर तेजी से धन कमाने की चाहत में बढ़ोतरी हो सकती है।
राहु को आधुनिक तकनीक से भी जोड़कर देखा जाता है। ऐसे में इसके कारण नई तकनीक, एआई या फिर डिजिटल क्षेत्र में कोई नया बदलाव हो सकता है। धनिष्ठा मंगल का नक्षत्र होने के कारण संपत्ति, साहस, आत्मविश्वास से लेकर बुनियादी ढांचे से जुड़े क्षेत्रों पर अधिक ध्यान दे सकते हैं। राहु आपके हर एक चीज तेजी से करने के लिए प्रेरित करता है। ऐसे में आपको अचानक से तेजी से नुकसान या फिर लाभ हो सकता है। ऐसे में व्यक्ति के अंदर जोखिम लेने की प्रवृत्ति में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है। इसके अलावा मंगल के कारण क्रोध, अधीरता और प्रतिस्पर्धा में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। ऐसे में राहु के यहां आ जाने से लोग हर काम को जल्दबाजी से कर सकते हैं या फिर बिना सोचे समझे निर्णय भी ले सकते हैं।
डिसक्लेमर- यह लेख पूरी तरह से ज्योतिषीय गणनाओं और मान्यताओं पर आधारित है। जनसत्ता इसकी सत्यता या इससे होने वाले किसी भी लाभ-हानि की पुष्टि नहीं करता है। अधिक जानकारी के लिए पंचांग, शास्त्र या फिर किसी पंडित से अवश्य जानकारी लें।
