मीन राशि के जातक कलात्मक विचारों के होते हैं। मीन राशिफल के अनुसार, कला, संगीत, साहित्य लेखन जैसे विषय मीन राशि वालों के प्रिय विषय होते हैं। यदि शिक्षा क्षेत्र में जातक इन विषयों का चुनाव करते हैं तो जातक अधिक सफलता प्राप्त होती है। इसके अलावा इन्हें फोटोग्राफी, ज्योतिष, सामुद्रिक शास्त्र, अंकशास्त्र तथा लाइब्रेरी से संबंधित विषयों में ख़ास रुचि होती है। मीन राशि के जातक दूसरों की अपेक्षा अधिक धन कमाते हैं। परंतु फिजूलख़र्ची में भी पीछे नहीं रहते हैं। कई बार तो ऐसा हो जाता है कि फिजूलखर्ची के कारण इन्हें दूसरों से क़र्ज़ लेने की आवश्यकता पड़ जाती है और अपनी विश्वसनीयता के कारण इन्हें आसानी से ऋण भी मिल जाता है। आर्थिक क्षेत्र में इन्हें बार-बार उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ता है। हालाँकि ज्यादातर समय इनके पास धन की कमी नहीं रहती है।
ये परिस्थितियों को आसानी से समझ लेते हैं। नए माहौल में आसानी से घुल-मिल जाते हैं। रिलेशनशिप में अहंकारी नहीं होते हैं। ये थोड़े आलसी प्रवृत्ति के भी होते हैं, हालांकि स्वभाव से ये दयालु और कोमल हृदय वाले होते हैं। इस राशि के लोग तार्किक और स्पष्टवादी होते हैं।
इस राशि के जातक प्रेम जीवन में रोमांटिक होते हैं। मीन राशि जातक अपने साथी के भीतर सौंदर्य के साथ गुणों को भी देखते हैं। यदि इनका प्रेम सच्चा होता है तो ये अपने प्यार की ख़ातिर सबकुछ बलिदान करने को तैयार रहते हैं।