Monthly Horoscope May 2026। मासिक राशिफल मई 2026: मई 2026 ज्योतिष के लिहाज़ से बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि इस महीने कई बड़े ग्रह अपनी चाल बदलेंगे और इसका असर लगभग सभी राशियों पर देखने को मिलेगा। सूर्य, मंगल, बुध और शुक्र ये चार प्रमुख ग्रह इस दौरान गोचर करेंगे, जिससे कई महत्वपूर्ण योग बनेंगे। सूर्य और बुध मिलकर बुध आदित्य राजयोग बनाएंगे, मंगल अपनी ही राशि मेष में रहकर रूचक राजयोग बनाएंगे, जबकि शुक्र वृषभ राशि में जाकर मालव्य राजयोग का निर्माण करेंगे। इसके अलावा बुध और गुरु के बीच 60 डिग्री का संबंध बनने से लाभ दृष्टि योग भी बनेगा। 17 मई को शनि रेवती नक्षत्र में प्रवेश करेंगे, जो एक और महत्वपूर्ण बदलाव होगा। जानें पंडित केपी शुक्ल से मेष, वृषभ, कर्क, सिंह, मिथुन, कन्या, तुला, वृश्चिक, धनु, मकर, कुंभ और मीन राशि का कैसा बीतेगा ये माह। जानें मई माह का मासिक राशिफल
ग्रहों के गोचर की शुरुआत 11 मई से होगी, जब मंगल मेष राशि में रहकर ऊर्जा और सफलता देंगे। 14 मई को शुक्र मिथुन राशि में प्रवेश करेंगे, जिससे प्रेम और आकर्षण बढ़ेगा। 15 मई को सूर्य वृषभ राशि में आएंगे और उसी दिन बुध भी वृषभ में प्रवेश कर बुध आदित्य राजयोग बनाएंगे। 16 मई को शनि जयंती और शनिचरी अमावस्या एक साथ पड़ रही है, जिसे विशेष रूप से शुभ और प्रभावशाली माना जाता है। इसके अगले दिन, 17 मई को शनि नक्षत्र परिवर्तन करेंगे। महीने के अंत में, 29 मई को बुध मिथुन राशि में प्रवेश करेंगे, जिससे उनकी शक्ति और बढ़ेगी। इस दौरान शनि, गुरु, राहु और केतु अपनी वर्तमान स्थिति में स्थिर रहेंगे, जबकि चंद्रमा हर ढाई दिन में राशि बदलते रहेंगे।
मेष राशि मासिक राशिफल (Aries Monthly Horoscope)
मेष राशि वालों के लिए समय मिला-जुला रहेगा। व्यक्तिगत जीवन अच्छा रहेगा, लेकिन करियर में कुछ चुनौतियां आ सकती हैं। मेष राशि वालों के लिए मई का महीना ऊर्जा और आत्मविश्वास से भरपूर रहेगा, क्योंकि उनके स्वामी मंगल अपनी ही राशि में मजबूत स्थिति में रहेंगे। इससे मन में नया उत्साह आएगा, पुराने डर और असमंजस धीरे-धीरे खत्म होंगे और कुछ नया करने की इच्छा बढ़ेगी। करियर के क्षेत्र में धीरे-धीरे प्रगति होगी और जो लोग नौकरी या बदलाव की तलाश में हैं, उनके लिए मौके बनने लगेंगे। स्वास्थ्य पहले से बेहतर रहेगा और पुरानी समस्याओं में राहत मिल सकती है, लेकिन गुस्से पर नियंत्रण रखना बेहद जरूरी होगा।
वृषभ राशि मासिक राशिफल (Taurus Monthly Horoscope)
वृषभ राशि के लोगों के लिए यह समय बहुत शुभ है। रुके हुए काम पूरे होंगे, आय के नए स्रोत बनेंगे और पदोन्नति के योग बन सकते हैं। आपकी कार्यक्षमता में सुधार होगा और आप अपने काम को बेहतर तरीके से कर पाएंगे, हालांकि बीच-बीच में निर्णय को लेकर भ्रम की स्थिति बन सकती है। करियर में नए रास्ते खुलेंगे, खासकर जो लोग ऑनलाइन या विदेश से जुड़े काम करना चाहते हैं उनके लिए समय अनुकूल है। छात्रों को भी अच्छे अवसर मिल सकते हैं। आर्थिक रूप से लाभ के योग हैं, लेकिन खर्च भी बढ़ सकते हैं, खासकर यात्रा या नई योजनाओं के कारण। पारिवारिक जीवन सामान्य रहेगा।
मिथुन राशि मासिक राशिफल (Gemini Monthly Horoscope)
मिथुन राशि वालों के जीवन में प्रेम, रोमांस और सुख-सुविधाओं में वृद्धि होगी। हालांकि बुध के अस्त होने से थोड़ी उलझन महसूस हो सकती है, लेकिन गुरु और शुक्र का प्रभाव सकारात्मक परिणाम देगा। छात्रों के लिए यह समय बहुत अच्छा है और वे अपनी पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। खर्च बढ़ सकते हैं, खासकर धार्मिक या यात्रा से जुड़े कार्यों में, लेकिन इससे अनुभव और मानसिक संतुलन भी मिलेगा। परिवार और दोस्तों के साथ अच्छा समय बीतेगा। स्वास्थ्य को लेकर थोड़ी सावधानी जरूरी है, क्योंकि थकान या हल्की परेशानी हो सकती है।
कर्क राशि मासिक राशिफल (Cancer Monthly Horoscope)
कर्क राशि के जातकों के लिए यह महीना शानदार रहेगा। करियर में तरक्की, विदेश से अवसर और समाज में सम्मान बढ़ेगा। लंबे समय से चली आ रही समस्याएं कम होंगी और आत्मविश्वास बढ़ेगा। करियर में आगे बढ़ने के मौके मिलेंगे, आय के नए स्रोत बनेंगे और सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। यात्रा के योग भी बन सकते हैं और किसी अनुभवी व्यक्ति से लाभ मिलने की संभावना है। आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी और निवेश या संपत्ति से जुड़े मामलों में भी सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।
सिंह राशि मासिक राशिफल (Leo Monthly Horoscope)
सिंह राशि वालों को अचानक धन लाभ और बड़ी सफलता मिल सकती है। सूर्य और मंगल की अनुकूल स्थिति से करियर में उन्नति होगी, नई नौकरी या पदोन्नति के अवसर मिल सकते हैं। सामाजिक जीवन में सम्मान बढ़ेगा और आत्मविश्वास मजबूत होगा। आर्थिक रूप से लाभ के संकेत हैं, हालांकि कुछ खर्च भी बढ़ सकते हैं। घर में छोटे-मोटे बदलाव या मरम्मत के काम हो सकते हैं। स्वास्थ्य के मामले में सतर्क रहने की जरूरत है, खासकर परिवार के बुजुर्गों की सेहत का ध्यान रखें। उपाय के तौर पर सूर्य को जल अर्पित करना और शनि जयंती पर पूजा करना लाभकारी रहेगा।
कन्या राशि मासिक राशिफल (Virgo Monthly Horoscope)
कन्या राशि वालों को कुछ उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन संतान से जुड़ी खुशखबरी मिल सकती है। कामकाज में प्रगति धीमी रहेगी और नौकरीपेशा लोगों को अधिक मेहनत करनी पड़ेगी, हालांकि गुरु और शुक्र की युति से कुछ राहत और अनुकूलता भी मिलेगी। आर्थिक स्थिति सामान्य से अच्छी रह सकती है, बचत के अवसर मिलेंगे और अचानक धन लाभ के योग भी बन सकते हैं। निवेश करने का मन बने तो सोच-समझकर कदम उठाना बेहतर रहेगा।
कुछ लोग आपके खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन आप स्थिति को संभाल लेंगे। स्वास्थ्य को लेकर थोड़ी सतर्कता जरूरी है और परिवार, खासकर जीवनसाथी का ध्यान रखना भी महत्वपूर्ण रहेगा।
तुला राशि मासिक राशिफल (Libra Monthly Horoscope)
तुला राशि के लिए समय लाभदायक रहेगा। रुके काम पूरे होंगे, प्रतिष्ठा बढ़ेगी और प्रेम जीवन बेहतर होगा। तुला राशि वालों के लिए यह महीना नए बदलाव लेकर आएगा। शुरुआत धीमी हो सकती है, लेकिन समय के साथ ऊर्जा और उत्साह बढ़ेगा। यात्राओं के योग बनेंगे, खासकर धार्मिक यात्राएं और गुरुजनों का मार्गदर्शन मिलेगा। पढ़ाई कर रहे लोगों के लिए समय अनुकूल रहेगा और उन्हें अच्छे अवसर मिल सकते हैं। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
आय के नए स्रोत बन सकते हैं और साझेदारी से लाभ मिलने की संभावना है। करियर में भी आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे, खासकर महीने के मध्य के बाद। हालांकि स्वास्थ्य के मामले में त्वचा, पेट या नसों से जुड़ी परेशानियों का ध्यान रखना जरूरी है और खानपान में सावधानी बरतनी चाहिए।
वृश्चिक राशि मासिक राशिफल (Scorpio Monthly Horoscope)
वृश्चिक राशि वालों को संपत्ति से फायदा हो सकता है, लेकिन छिपे हुए विरोधियों से सावधान रहना जरूरी है। मंगल की स्थिति उन्हें शक्ति देगी, जिससे वे शत्रुओं और समस्याओं पर नियंत्रण पा सकेंगे। आय और खर्च दोनों बने रहेंगे, यानी पैसा आएगा भी और खर्च भी होगा। यात्रा के योग बनेंगे और इसके साथ खर्च भी बढ़ सकता है।
स्वास्थ्य और वाहन से जुड़ी सावधानी रखना जरूरी है। परिवार में कुछ तनाव या मतभेद हो सकते हैं, लेकिन समय के साथ स्थिति संभल जाएगी और आत्मविश्वास बढ़ेगा।
धनु राशि मासिक राशिफल (Sagittarius Monthly Horoscope)
धनु राशि वालों को नए आय स्रोत मिलेंगे, हालांकि निजी जीवन में सतर्क रहना होगा। धनु राशि के लिए यह समय काफी अनुकूल रह सकता है। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और धन लाभ के अच्छे अवसर मिलेंगे। यात्राओं के योग बनेंगे और शिक्षा के क्षेत्र में भी सफलता मिलने की संभावना है। हालांकि परिवार और बच्चों को लेकर थोड़ी चिंता रह सकती है।
साझेदारी में हल्की अनबन हो सकती है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में रहेगी। स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहना जरूरी है, क्योंकि अचानक समस्याएं सामने आ सकती हैं।
मकर राशि मासिक राशिफल (Capricorn Monthly Horoscope)
मकर राशि वालों के लिए यह महीना काफी अच्छा है करियर में प्रगति, प्रेम संबंधों में सुधार और संपत्ति या वाहन खरीदने के संकेत हैं। मकर राशि वालों के लिए यह महीना सकारात्मक बदलाव लेकर आएगा। आर्थिक लाभ के अवसर मिलेंगे और कार्यक्षेत्र में प्रगति होगी। हालांकि जिद या गुस्से से बचना जरूरी है, वरना रिश्तों में तनाव आ सकता है।
स्वास्थ्य में सुधार के संकेत हैं और छात्रों के लिए समय अच्छा रहेगा। करियर में थोड़ी बाधाएँ आ सकती हैं, लेकिन महीने के अंत तक स्थितियाँ बेहतर हो जाएंगी।
कुंभ राशि मासिक राशिफल (Aquarius Monthly Horoscope)
कुंभ राशि वालों को आर्थिक मजबूती, नए अवसर और बेहतर स्वास्थ्य मिलेगा। नई नौकरी या शिक्षा से जुड़े अच्छे मौके मिल सकते हैं। रचनात्मकता बढ़ेगी और अपने कौशल से आप बेहतर प्रदर्शन कर पाएंगे। आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी और आय के नए स्रोत बन सकते हैं। हालांकि मानसिक चिंता या उदासी बनी रह सकती है, लेकिन आत्मविश्वास बढ़ने से आप इनसे उबर पाएंगे।
मीन राशि मासिक राशिफल (Pisces Monthly Horoscope)
मीन राशि वालों को करियर में उन्नति के अवसर मिलेंगे, लेकिन प्रेम संबंधों में धैर्य और समझदारी की जरूरत होगी। घर-परिवार में शुभ कार्य हो सकते हैं और खुद पर खर्च बढ़ सकता है, खासकर सजावट या व्यक्तिगत चीजों पर। परिवार का सहयोग मिलेगा और माता-पिता से मार्गदर्शन प्राप्त होगा। खर्च के साथ-साथ बचत भी संभव रहेगी। स्वास्थ्य को लेकर विशेष ध्यान देना होगा, खासकर पेट और पैरों से जुड़ी समस्याओं पर। शिक्षा के क्षेत्र में सफलता के योग हैं और एकाग्रता बढ़ेगी।
ग्रहों की स्थिति के हिसाब से ये राशिफल निकाला जाता है, जो सामान्य होता है। इसलिए जरूरी नहीं है कि ये हर व्यक्ति पर 100% एक जैसा लागू हो। हर व्यक्ति की जिंदगी अलग होती है क्योंकि जन्म कुंडली (Birth Chart) में दशा–अंतर्दशा, लग्न, ग्रह स्थिति हर एक चीज अलग-अलग होते हैं।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी ज्योतिषीय गणनाओं और सामान्य मान्यताओं पर आधारित है। जनसत्ता इसकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी तरह के निर्णय पर पहुंचने से पहले संबंधित विषय के विशेषज्ञ से सलाह अवश्य लें। एक राशि के नाम के करोड़ों जातक होते हैं। ऐसे में किसी भी तरह के परिणाम में पहुंचने से पहले अपनी कुंडली की जांच किसी शास्त्र के ज्ञाता, ज्योतिषी, पंडित को अवश्य दिखाएं।
