July Horoscope 2026 Leo: जुलाई 2026 सिंह राशि के जातकों के लिए कई बड़े ग्रह परिवर्तन लेकर आ रहा है। महीने की शुरुआत में 4 जुलाई को शुक्र देव सिंह राशि में प्रवेश करेंगे, जिससे व्यक्तित्व, आकर्षण और रिश्तों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। वहीं 16 जुलाई को ग्रहों के राजा सूर्य देव कर्क राशि में गोचर करेंगे, जिससे खर्च, विदेश, आध्यात्म और आत्मचिंतन से जुड़े मामलों पर ध्यान बढ़ सकता है।
वहीं 27 जुलाई को कर्मफल दाता शनि मीन राशि में वक्री होंगे, जिसका असर निवेश, साझा संपत्ति और लंबी अवधि की योजनाओं पर दिखाई दे सकता है। इसके अलावा कर्क राशि में शुक्रादित्य राजयोग और गजकेसरी राजयोग, जबकि मिथुन राशि में भद्र राजयोग का निर्माण सिंह राशि के जातकों के लिए करियर, सामाजिक प्रतिष्ठा और आय के नए अवसर लेकर आ सकता है। आइए जानते हैं सिंह राशि के लोगों के लिए जुलाई का महीना कैसा रह सकता है…
कारोबार का हो सकता है विस्तार
वैदिक ज्योतिष के अनुसार जुलाई का महीना नौकरीपेशा लोगों के लिए प्रगति के संकेत दे रहा है। भद्र राजयोग के प्रभाव से आपके संपर्क बढ़ेंगे और प्रभावशाली लोगों का सहयोग मिल सकता है। यदि लंबे समय से प्रमोशन, नई नौकरी या जिम्मेदारी का इंतजार था तो महीने के दूसरे भाग में अच्छी खबर मिल सकती है। व्यवसायियों के लिए नए क्लाइंट, साझेदारी और विस्तार के अवसर बनेंगे। हालांकि 27 जुलाई के बाद शनि के वक्री होने से किसी बड़े निवेश या कानूनी दस्तावेज पर जल्दबाजी करने से बचें। सोच-समझकर लिए गए फैसले भविष्य में लाभ देंगे।
आय के नए स्त्रोत बन सकते हैं
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार आर्थिक दृष्टि से जुलाई मिश्रित लेकिन लाभदायक रहने की संभावना है। शुक्रादित्य राजयोग और गजकेसरी राजयोग आय के नए स्रोत खोल सकते हैं। रुका हुआ पैसा मिलने या किसी पुराने निवेश से लाभ मिलने के संकेत हैं। हालांकि सूर्य के कर्क राशि में आने के बाद अचानक खर्च बढ़ सकते हैं। यात्रा, स्वास्थ्य या परिवार से जुड़े खर्च बजट बिगाड़ सकते हैं। इसलिए बचत पर विशेष ध्यान देना आपके लिए फायदेमंद रहेगा।
अविवाहित लोगों को आ सकता है रिश्ते का प्रस्ताव
प्रेम संबंधों में यह महीना सकारात्मक रहेगा। शुक्र के आपकी राशि में आने से आकर्षण बढ़ेगा और रिश्तों में मधुरता आएगी। अविवाहित लोगों को नया रिश्ता मिलने की संभावना बन सकती है। जो लोग पहले से रिलेशनशिप में हैं, उनके बीच विश्वास मजबूत होगा। विवाहित जीवन में जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा, हालांकि महीने के अंतिम सप्ताह में छोटी-छोटी बातों पर बहस से बचना बेहतर रहेगा। संवाद बनाए रखने से रिश्ते मजबूत होंगे।
मानसिक तनाव हो सकता है
स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन मानसिक तनाव और अनियमित दिनचर्या से बचना जरूरी होगा। सूर्य के बारहवें भाव के प्रभाव से नींद की कमी, थकान या आंखों से जुड़ी परेशानी महसूस हो सकती है। योग और ध्यान मानसिक शांति देने में मदद करेंगे।
मेहनत का फल मिल सकता है
छात्रों के लिए जुलाई मेहनत का फल देने वाला महीना साबित हो सकता है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को अच्छे परिणाम मिलने की संभावना है। उच्च शिक्षा या विदेश में पढ़ाई की योजना बना रहे छात्रों के लिए भी समय अनुकूल दिखाई दे रहा है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी ज्योतिषीय गणनाओं और सामान्य मान्यताओं पर आधारित है। जनसत्ता इसकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी तरह के निर्णय पर पहुंचने से पहले संबंधित विषय के विशेषज्ञ से सलाह अवश्य लें। एक राशि के नाम के करोड़ों जातक होते हैं। ऐसे में किसी भी तरह के परिणाम में पहुंचने से पहले अपनी कुंडली की जांच किसी शास्त्र के ज्ञाता, ज्योतिषी, पंडित को अवश्य दिखाएं।
