मिथुन राशि के व्यक्ति का गुण, स्वभाव और व्यक्तित्व
राशि व्यक्तित्व
मिथुन राशि के लोग अस्थिर स्वभाव के लेकिन आकर्षक व्यक्तित्व एवं चरित्र के होते हैं। उन्हें हर दिन नए परिवर्तन, भ्रमण और विविधता प्रिय होती है। ये बेहद हाजिर जवाब और फ़ुर्तीले होते हैं। इन लोगों की जिज्ञासु प्रवृत्ति और चतुराई इनको सामाजिक समारोहों और किसी भी पार्टी में आकर्षण का केन्द्र बना देती हैं। ये लोग न केवल अच्छे वक्ता होते हैं बल्कि अच्छे श्रोता भी होते हैं।
मिथुन राशि वालों को घूमना-फिरना, गायन, सिलाई करना, सिनेमा देखना, किताबें पढ़ना आदि जैसी कलात्मक चीज़ों का शौक रहता है। ये एक समय में बहुत कुछ जानने की इच्छा रखते हैं। इस राशि के जातक लोगों का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित करना चाहते हैं, लेकिन वैसा होते ही इनकी रुचि उस व्यक्ति या वस्तु से समाप्त हो जाती है। ये चंचल प्रकृति के और घूमने-फिरने वाले स्वाभाग के होते हैं। इनकी सबसे बड़ी कमी यह है कि ये साहस-प्रिय नहीं होते हैं तथा ढोंग और आडंबर जैसी चीज़ों में अधिक रुचि लेते हैं।
मिथुन राशि के व्यक्ति राजनीति में चतुर होते हैं। ये दयावान, दृढ़ संकल्पी और धार्मिक रहते हैं। इस राशि के लोग सबके साथ एक समान व्यवहार रखते हैं। ये बेहद ईमानदार, सभ्य, चरित्रवान और सहनशील भी होते हैं। इनका हर काम अच्छे से सोच-विचार के बाद ही होता है। मिथुन राशि का व्यक्ति अगर एक बार किसी को वचन दे दे या किसी चीज़ की संकल्प ले तो वे उसे निभाते हैं। ये लोग अपने उत्तरदायित्व को अच्छी तरह से निभाना अपना फर्ज मानते हैं।