विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस (World Mental Health Day) पर अक्सर यह सवाल उठता है कि डिप्रेशन या डिप्रेसिव डिसऑर्डर (Depressive Disorder) वास्तव में क्या है? समाज में आज भी कई लोग इसे महज मन का वहम, तनाव या आलस समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, डिप्रेसिव डिसऑर्डर एक गंभीर और मेडिकल रूप से प्रमाणित मानसिक बीमारी है, जिसका सही समय पर निदान और इलाज होना बेहद जरूरी है। WHO के मुताबिक डिप्रेसिव डिसऑर्डर एक मानसिक स्वास्थ्य समस्या है, जिसमें व्यक्ति लंबे समय तक उदासी, निराशा, खालीपन या चिड़चिड़ापन महसूस कर सकता है। इससे पीड़ित व्यक्ति को उन कामों में भी खुशी नहीं मिलती जिन्हें वो पहले पसंद करता था। अगर डिप्रेशन के लक्षण कम से कम 2 हफ्ते तक बने रहें और व्यक्ति की रोजमर्रा की जिंदगी, काम, पढ़ाई या रिश्तों को प्रभावित करने लगें, तो इसे गंभीरता से लेना चाहिए।

डिप्रेशन कैसे रोजमर्रा की जिंदगी पर करता है असर?

WHO के मुताबिक डिप्रेशन सिर्फ कुछ समय की उदासी या मूड खराब होने का नाम नहीं है। यह एक आम मानसिक स्वास्थ्य समस्या है, जो व्यक्ति की भावनाओं, सोच, काम करने की क्षमता और रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर सकती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, डिप्रेशन किसी भी व्यक्ति को प्रभावित कर सकता है और इसका प्रभाव परिवार, दोस्तों, पढ़ाई, काम और सामाजिक जीवन पर भी पड़ सकता है।

दुनिया में करीब 32.2 करोड़ लोग हैं डिप्रेशन का शिकार

WHO की 11 सितंबर 2026 को अपडेट की गई फैक्टशीट के अनुसार, दुनियाभर में करीब 5.2 प्रतिशत वयस्क डिप्रेशन से प्रभावित हैं। 2023 के अनुमान के मुताबिक दुनिया की करीब 4 प्रतिशत आबादी डिप्रेशन का सामना कर रही थी। इनमें वयस्कों में यह दर 5.2 प्रतिशत थी, जबकि पुरुषों में 4.1 प्रतिशत और महिलाओं में 6.2 प्रतिशत थी। 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के करीब 5.4 प्रतिशत वयस्क भी डिप्रेशन से प्रभावित थे। महिलाओं में डिप्रेशन पुरुषों की तुलना में करीब 1.5 गुना ज्यादा पाया जाता है। गर्भावस्था के दौरान और बच्चे को जन्म देने के बाद भी 10 प्रतिशत से ज्यादा महिलाएं डिप्रेशन का शिकार होती हैं। WHO के अनुसार, 2021 में अनुमानित 7.27 लाख लोगों की मौत आत्महत्या के कारण हुई। 15 से 29 साल की उम्र के लोगों में आत्महत्या मौत का तीसरा प्रमुख कारण है।

डिप्रेशन और सामान्य उदासी में क्या अंतर है?

WHO के मुताबिक सामान्य उदासी से मतलब है कि रोजमर्रा की जिंदगी में मूड में बदलाव या किसी घटना के कारण कुछ समय के लिए उदास महसूस करना जबकि डिप्रेशन इससे अलग है। इसमें व्यक्ति लंबे समय तक उदास मूड में रह सकता है या उन गतिविधियों में खुशी और रुचि कम हो सकती है, जिन्हें वो पहले पसंद करता था। डिप्रेसिव एपिसोड में व्यक्ति लगभग हर दिन उदासी, चिड़चिड़ापन या खालीपन महसूस कर सकता है। ये लक्षण कम से कम दो सप्ताह तक बने रह सकते हैं।

डिप्रेशन के लक्षण क्या हैं?

WHO के मुताबिक डिप्रेशन में कई तरह के लक्षण दिखाई दे सकते हैं। इनमें शामिल हैं

  • लगातार उदासी, चिड़चिड़ा या खाली महसूस करना
  • पहले पसंद आने वाली गतिविधियों में रुचि या खुशी कम होना
  • ध्यान लगाने में परेशानी
  • खुद को लेकर अत्यधिक अपराध बोध
  • भविष्य को लेकर निराशा
  • मौत या आत्महत्या के विचार आना
  • नींद में बदलाव
  • भूख या वजन में बदलाव
  • बहुत ज्यादा थकान या एनर्जी में कमी होने जैसे लक्षण दिख सकते हैं। लक्षण हल्के से लेकर मध्यम और गंभीर भी हो सकते हैं। WHO के मुताबिक इसके अलग-अलग पैटर्न भी हो सकते हैं। कुछ लोगों में यह पहली बार हो सकता है, जबकि कुछ लोगों में बार-बार डिप्रेसिव एपिसोड हो सकते हैं।

किन लोगों में डिप्रेशन का खतरा ज्यादा?

WHO के अनुसार डिप्रेशन किसी को भी हो सकता है लेकिन कुछ खास परिस्थितियों जैसे  बेरोजगारी, किसी करीबी के दूर जाने पर, दुर्व्यवहार, किसी गंभीर नुकसान का अनुभव और तनावपूर्ण या सदमे वाली घटनाओं की वजह से किसी को भी डिप्रेशन हो सकता है। डिप्रेशन सिर्फ मानसिक सेहत से ही नहीं जुड़ा है बल्कि ये शारीरिक स्वास्थ्य से भी जुड़ा हुआ है। शारीरिक गतिविधि की कमी और शराब का हानिकारक सेवन जैसे कुछ कारक डिप्रेशन के साथ-साथ दिल के रोग, कैंसर, डायबिटीज और सांस से जुड़ी बीमारियों के जोखिम से भी जुड़े हैं।

डिप्रेशन से बचाव कैसे करें?

  • WHO के मुताबिक, नियमित शारीरिक गतिविधि, सामाजिक रूप से जुड़े रहना, पसंदीदा गतिविधियों में शामिल होना और शराब के हानिकारक सेवन से बचना मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर रखने में मदद कर सकता है।
  • डिप्रेशन से बचाव करने के लिए आप रोज कुछ समय पैदल चलें या दूसरी शारीरिक गतिविधि करें।
  • रोज लगभग एक ही समय पर सोने और जागने की कोशिश करें।
  • परिवार और दोस्तों से जुड़े रहें।
  • अपनी पसंद के काम करें। जिन गतिविधियों से आपको खुशी या सुकून मिलता है, उनके लिए समय निकालें।
  • लगातार तनाव में रहने पर आराम, बातचीत और जरूरत पड़ने पर मानसिक रोग  विशेषज्ञ से सलाह लें।
  • शराब से परहेज करें और संतुलित भोजन का सेवन करें।
  • लंबे समय तक उदासी, निराशा या किसी काम में रुचि न रहने पर मनोचिकित्सक या मनोवैज्ञानिक से सलाह लें।
  • WHO के मुताबिक डिप्रेशन के लिए प्रभावी इलाज उपलब्ध हैं। इनमें मनोवैज्ञानिक उपचार और दवाएं शामिल हैं।
  • मनोवैज्ञानिक डिप्रेशन का इलाज थेरेपी, ऑनलाइन टॉक थेरेपी, सेल्फ-हेल्प मैनुअल, वेबसाइट और ऐप आधारित सहायता से करते हैं।
  • डिप्रेशन के प्रभावी मनोवैज्ञानिक उपचार में बिहेवियरल एक्टिवेशन, कॉग्निटिव बिहेवियरल थेरेपी (CBT), इंटरपर्सनल साइकोथेरेपी और प्रॉब्लम-सॉल्विंग थेरेपी का इस्तेमाल किया जाता है। कुछ मामलों में एंटीडिप्रेसेंट दवाएं भी दी जाती हैं।

डिस्क्लेमर: यह लेख विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें दी गई जानकारी का उद्देश्य डिप्रेशन के लक्षण, जोखिम और उपचार के बारे में सामान्य जानकारी देना है। यह किसी व्यक्ति की व्यक्तिगत चिकित्सा जांच, निदान या इलाज का विकल्प नहीं है। अगर आपको या आपके किसी करीबी को लंबे समय से उदासी, निराशा, किसी काम में रुचि न रहने या आत्महत्या जैसे विचार आ रहे हैं, तो बिना देरी किए मनोचिकित्सक से सलाह लें। दवाओं का सेवन डॉक्टर की सलाह के बिना न करें।