आजकल हम सभी सेहत और पर्यावरण के प्रति जागरूक होकर प्लास्टिक की जगह स्टेनलेस स्टील (Stainless Steel) की बोतलों का इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन क्या कभी आपने गौर किया है कि आपकी स्टील की बोतल से पानी पीने पर उसमें हल्का धातु जैसा (Metallic Taste) स्वाद आता है? अगर हां, तो यह सिर्फ स्वाद का मामला नहीं है, बल्कि आपकी सेहत और बोतल के रख-रखाव से जुड़ी एक महत्वपूर्ण चेतावनी हो सकती है। इंटीग्रेटेड गट, हार्मोनल और वेट लॉस स्पेशलिस्ट, डाइटिशियन अनुषी जैन के अनुसार पानी में धातु जैसा स्वाद आने का कारण अक्सर पानी नहीं बल्कि बोतल की गुणवत्ता होती है। एक्सपर्ट के मुताबिक और रिसर्च के अनुसार स्टील की बोतल में पानी का स्वाद बदलने के पीछे खराब क्वालिटी का मटीरियल, ऑक्सीकरण (Oxidation) या बैक्टीरिया का जमा होना जैसे कई वैज्ञानिक कारण हो सकते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि स्टील की बोतल में पानी धातु जैसा क्यों लगता है?
स्टील की बोतल में पानी धातु जैसा क्यों लगता है?
एक्सपर्ट के मुताबिक पानी में धातु जैसा स्वाद आमतौर पर कम गुणवत्ता वाले स्टेनलेस स्टील या बोतल के अंदरूनी हिस्से की खराब फिनिशिंग की ओर इशारा करता है। सभी स्टेनलेस स्टील एक जैसे नहीं होते। हाई क्वालिटी वाले स्टेनलेस स्टील खासकर 304 या 316 ग्रेड को पीने का पानी रखने के लिए सुरक्षित माना जाता है और यह पानी के स्वाद को प्रभावित नहीं करता। ये ग्रेड ज़ंग और रासायनिक प्रतिक्रियाओं के प्रति अधिक प्रतिरोधी होते हैं, इसलिए इनमें से ऐसे तत्व निकलने की संभावना कम होती है जो पानी के स्वाद को बदल दें।
एक्सपर्ट ने बताया सस्ती बोतलों में अक्सर कम गुणवत्ता वाला स्टील इस्तेमाल किया जाता है या उनके अंदरूनी हिस्से ठीक से पॉलिश नहीं किए जाते। समय के साथ नमी, गर्मी या खट्टे पेय जैसे नींबू पानी के संपर्क में आने से बोतल की अंदरूनी सतह हल्की प्रतिक्रिया कर सकती है, जिससे पानी में धातु जैसा स्वाद महसूस हो सकता है। गलत तरीके से सफाई करना भी इसका कारण बन सकता है। अगर नल के पानी के खनिज या पुराने पानी के अवशेष बोतल के अंदर जमा हो जाते हैं, तो वे भी पानी के स्वाद को बदल सकते हैं।
क्या डबल-लेयर स्टील बोतल ज्यादा सुरक्षित होती है?
कई लोग मानते हैं कि इंसुलेटेड यानी डबल-लेयर स्टील बोतल अपने आप ज्यादा सुरक्षित होती है, लेकिन ये पूरी तरह सही नहीं है। डबल-लेयर बोतलें पानी को रासायनिक रूप से अधिक सुरक्षित नहीं बनातीं। पानी की सुरक्षा मुख्य रूप से इस्तेमाल किए गए स्टेनलेस स्टील के ग्रेड पर निर्भर करती है, न कि बोतल की परतों की संख्या पर। डबल-लेयर बोतलें तापमान को बनाए रखती हैं और बाहरी गर्मी के प्रभाव को कम करती हैं, जिससे पानी लंबे समय तक ठंडा रहता है। ये खास तौर पर गर्म मौसम में जरूरी हैं, क्योंकि लंबे समय तक गर्म तापमान पर रखा पानी बैक्टीरिया के बढ़ने की संभावना बढ़ सकता है। अगर आप पूरा दिन पानी साथ लेकर चलते हैं, तो इंसुलेटेड बोतलें सिंगल-लेयर बोतलों की तुलना में बेहतर पीने का अनुभव और थोड़ी बेहतर सफाई दे सकती हैं।
बोतल में धातु जैसा स्वाद आने से कैसे बचें?
- अनुषी जैन इसके लिए कुछ आसान सुझाव देती हैं जैसे 304 या 316 ग्रेड स्टेनलेस स्टील से बनी बोतल का ही चुनाव करें।
- खट्टे ड्रिंक को लंबे समय तक बोतल में न रखें।
- बोतल को नियमित रूप से हल्के साबुन से धोकर पूरी तरह सूखने दें
- अगर बोतल में जंग, गड्ढे या लगातार बदबू आने लगे तो उसे बदल दें
- आमतौर पर हल्का धातु जैसा स्वाद कोई गंभीर हेल्थ रिस्क नहीं होता, बल्कि यह बोतल की गुणवत्ता से जुड़ी समस्या हो सकती है। फिर भी अच्छी गुणवत्ता की स्टील बोतल खरीदना और उसकी सही तरीके से देखभाल करना आपकी हेल्थ और ताज़गी भरे पानी के अनुभव दोनों के लिए बेहतर साबित हो सकता है।
कैसे चेक करें और ठीक करें?
- बोतल के अंदर टॉर्च जलाकर देखें। अगर आपको छोटे भूरे धब्बे या सफेद खनिज जमा दिख रहे हैं तो मेटल जैसा स्वाद वहीं से आ रहा है। अगर बोतल में अगर जंग है, तो बोतल बदल दें।
- अक्सर स्वाद बोतल से नहीं, बल्कि ढक्कन के रबर से आता है। रबर को निकालें और उसे सूंघें। अगर वहां से गंध आ रही है तो उसे विनेगर में भिगोकर साफ करें।
- बोतल को खाली करें और सूंघें। अगर खाली बोतल से सिक्कों जैसी गंध आ रही है तो इसका मतलब है कि स्टील की सुरक्षा परत खराब हो चुकी है।
डिस्क्लेमर:
यह लेख केवल सामान्य स्वास्थ्य जानकारी और जागरूकता के उद्देश्य से लिखा गया है। इसमें दी गई जानकारी विशेषज्ञों की राय और उपलब्ध शोध पर आधारित है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प न समझें। यदि आपको पानी के स्वाद, बोतल की गुणवत्ता या स्वास्थ्य से जुड़ी कोई समस्या महसूस हो रही है, तो डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें।
