अक्सर हम वजन बढ़ने या थकान को नॉर्मल मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन चिकित्सा विज्ञान की नजर में ये आपकी ‘मेटाबॉलिक हेल्थ’ बिगड़ने का संकेत हो सकता है। भारत के प्रसिद्ध लिवर विशेषज्ञ और पद्म भूषण से सम्मानित डॉक्टर एस.के. सरीन के अनुसार, खराब मेटाबॉलिज्म न केवल मोटापे का कारण बनता है, बल्कि यह शरीर में उन 4  क्रॉनिक गंभीर बीमारियों की नींव भी रखता है जो जीवन के लिए खतरा हो सकती हैं। एक्सपर्ट के मुताबिक मेटाबॉलिक हेल्थ का मतलब है शरीर की वह स्थिति, जिसमें आपका शरीर सही तरीके से ऊर्जा को इस्तेमाल और स्टोर कर पा रहा हो। यानी आपका ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, ब्लड प्रेशर और वजन सब कंट्रोल में हों।

डॉक्टरों का कहना है कि शरीर कई बार खुद ही बीमारी के संकेत देता है। अगर इन संकेतों को समय रहते समझ लिया जाए, तो बड़ी बीमारियों से बचा जा सकता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि मेटाबॉलिक हेल्थ खराब होने से बॉडी में कौन कौन सी चार बीमारियों का खतरा बढ़ता है, इन बीमारियों की वजह से कौन-कौन से लक्षण दिखते हैं और इनका उपचार कैसे किया जा सकता है।

मेटाबॉलिक हेल्थ खराब होने से बॉडी के कुछ हिस्सों में उसके लक्षण दिखने लगते हैं जैसे

  • गर्दन का मोटा या छोटा दिखना
  • स्किन पर कालापन या मोटेपन के निशान
  • शरीर में असामान्य चर्बी जमा होना
  • पेट और गर्दन के आसपास चर्बी जमा होना
  • बार-बार थकान या सुस्ती
  • ब्लड शुगर का बढ़ना
  • हाई ब्लड प्रेशर
  • ट्राइग्लिसराइड और LDL कोलेस्ट्रॉल का बढ़ना
  • चेहरे और बॉडी स्ट्रक्चर में बदलाव होना शामिल है।

क्यों होती है मेटाबॉलिक गड़बड़ी?

मेटाबॉलिक गड़बड़ी होने के लिए कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं जैसे गलत खानपान, ज्यादा शुगर, जंक फूड का ज्यादा सेवन,फिजिकल एक्टिविटी की कमी, ज्यादा तनाव, नींद की कमी और मोटापा की वजह से हो सकती है मेटाबॉलिक गड़बड़ी।

मेटाबॉलिक हेल्थ खराब होने पर बढ़ने वाली बीमारियां

मेटाबॉलिक हेल्थ खराब होने पर बॉडी में कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है जैसे

  • डायबिटीज (Diabetes)
  • हाई ब्लड प्रेशर (Hypertension)
  • हार्ट डिजीज (Heart Disease)
  • फैटी लिवर (Fatty Liver)

मेटाबॉलिक हेल्थ में कैसे करें सुधार

  1. डॉक्टर सरीन ने बताया अगर आप अपनी मेटाबॉलिक हेल्थ में सुधार करना चाहते हैं तो बॉडी को एक्टिव रखें। बॉडी को एक्टिव रखने के लिए जरूरी नहीं है कि आप रोजाना जिम जाएं, आप रोज 30-40 मिनट एक्सरसाइज करके भी अपनी मेटाबॉलिक हेल्थ में सुधार कर सकते हैं।
  2. डाइट में हरी सब्जियां, फल और होल ग्रेन्स का सेवन करें। डाइट में इन फल और सब्जियों का सेवन करने से आपका पाचन दुरुस्त रहेगा, वजन कंट्रोल रहेगा और क्रॉनिक बीमारियों से भी बचाव होगा।
  3. शुगर और प्रोसेस्ड फूड्स का सेवन कम करें। मेटाबॉलिक हेल्थ को बेहतर रखने के लिए शुगर और प्रोसेस्ड फूड्स का सेवन कम करना बेहद जरूरी है। ये दोनों चीजें शरीर के अंदर धीरे-धीरे कई समस्याओं की वजह बनती हैं। ज्यादा चीनी शरीर को फैट स्टोर करने वाली मशीन बना देती है जिससे बॉडी में डायबिटीज और वेट गेन का खतरा बढ़ सकता है।
  4. वजन कंट्रोल में रखें। मेटाबॉलिक हेल्थ को बेहतर बनाए रखने के लिए वजन कंट्रोल में रखना बेहद अहम है। बढ़ता हुआ वजन सिर्फ देखने में ही खराब नहीं लगता, बल्कि यह शरीर के अंदर कई बीमारियों की शुरुआत भी कर सकता है। ज्यादा वजन, ज्यादा बीमारियों का खतरा बढ़ाता है।
  5. 7-8 घंटे की नींद लें। अच्छी और 7–8 घंटे की पर्याप्त नींद सिर्फ आराम के लिए नहीं, बल्कि पूरे शरीर की सेहत, खासकर मेटाबॉलिक हेल्थ के लिए बेहद जरूरी है। जब हम ठीक से सोते हैं, तो शरीर खुद को रिपेयर करता है और हार्मोन बैलेंस बना रहता है।
  6. तनाव को कंट्रोल करें। तनाव कंट्रोल करने के लिए योग और मेडिटेशन करें। अगर समय रहते तनाव को कंट्रोल न किया जाए तो मेटाबॉलिक हेल्थ, दिल और दिमाग तीनों पर बुरा असर डाल सकता है।

डिस्क्लेमर

यह लेख केवल सामान्य जानकारी और जागरूकता के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें दी गई सलाह, उपाय और जानकारी किसी भी प्रकार की पेशेवर मेडिकल सलाह, निदान (Diagnosis) या उपचार (Treatment) का विकल्प नहीं है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या, डाइट, सप्लीमेंट, दवा या लाइफस्टाइल में बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श जरूर लें।