क्या किसी एक टेस्ट से यह तय किया जा सकता है कि कोई व्यक्ति कितना बुद्धिमान है? जब भी दिमागी क्षमता का जिक्र होता है, तो सबसे पहले IQ (Intelligence Quotient) की बात सामने आती है। लेकिन क्या IQ पूरी तरह जन्मजात होता है, या फिर सही खानपान, नियमित अभ्यास और स्वस्थ जीवनशैली से इसमें सुधार किया जा सकता है? वैज्ञानिकों के अनुसार IQ पर जेनेटिक्स का महत्वपूर्ण प्रभाव होता है, लेकिन यह अकेला कारक नहीं है। बचपन का माहौल, शिक्षा, पोषण और मानसिक गतिविधियां भी संज्ञानात्मक क्षमता को प्रभावित करती हैं। आइए जानते हैं कि IQ क्या है, इसे कैसे मापा जाता है और आधुनिक न्यूरोसाइंस इस बारे में क्या कहती है।
IQ क्या हैं?
आईक्यू (IQ) का पूरा नाम Intelligence Quotient है। यह किसी व्यक्ति की सोचने, तर्क करने, समस्याओं को हल करने, नई जानकारी को समझने और उसे सही तरीके से इस्तेमाल करने की क्षमता का एक माप है। सरल शब्दों में यह बताता है कि कोई व्यक्ति अलग-अलग परिस्थितियों में लॉजिकल तरीके से कितनी प्रभावी सोच रखता है।
IQ टेस्ट क्या हैं?
हेल्थलाइन के मुताबिक IQ का मतलब इंटेलिजेंस कोशेंट (Intelligence Quotient) होता है। IQ टेस्ट किसी व्यक्ति की बौद्धिक क्षमता (Intellectual Ability) और उसकी मानसिक क्षमता का आकलन करने के लिए बनाए गए मानकीकृत (Standardized) परीक्षण हैं। ये टेस्ट भाषा समझने की क्षमता, जानकारी को प्रोसेस करने की गति , याददाश्त, तर्कशक्ति , लॉजिक और समस्या सुलझाने की क्षमता जैसी कई संज्ञानात्मक क्षमताओं को मापते हैं।
किसी व्यक्ति का आईक्यू जानने के लिए IQ टेस्ट किया जाता हैं। इन टेस्टों में केवल सामान्य ज्ञान नहीं, बल्कि तर्क क्षमता (Reasoning), पैटर्न पहचानने की क्षमता, समस्या-समाधान, ध्यान, प्रोसेसिंग स्पीड और याददाश्त जैसे कई मानसिक कौशल का आकलन किया जाता है। याददाश्त भी इन क्षमताओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें शॉर्ट-टर्म मेमोरी और लॉन्ग-टर्म मेमोरी दोनों शामिल होती हैं। IQ का कम और ज्यादा होना जेनेटिक कारणों पर भी निर्भर करता है। जेनेटिक कारणों के अलावा IQ के लिए आस-पास का माहौल भी जिम्मेदार है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, IQ टेस्ट आपके सामान्य ज्ञान या पढ़ाई से हासिल की गई जानकारी को नहीं मापता। बल्कि ये यह समझने की कोशिश करते हैं कि आपका मस्तिष्क जानकारी को कितनी प्रभावी ढंग से समझता है, उसका विश्लेषण करता है और समस्याओं का समाधान खोजता है।
क्या आईक्यू को बढ़ाया जा सकता है? रिसर्च
कई रिसर्च में ये बात साबित हो चुकी है कि IQ (Intelligence Quotient) को बढ़ाया जा सकता है। लंबे समय तक वैज्ञानिकों का मानना था कि इंसान का IQ जन्मजात होता है और इसे बदला नहीं जा सकता। लेकिन आधुनिक न्यूरोसाइंस ने ‘न्यूरोप्लास्टिसिटी’ (Neuroplasticity) की खोज की है। न्यूरोप्लास्टिसिटी का मतलब है कि हमारा दिमाग कोई स्थिर मशीन नहीं है, बल्कि यह जीवनभर नए न्यूरॉन्स बना सकता है, पुराने कनेक्शनों को मजबूत कर सकता है और अपने आकार को बदल सकता है-ठीक वैसे ही जैसे जिम जाने से मांसपेशियां विकसित होती हैं।
University of Michigan और Proceedings of the National Academy of Sciences (PNAS) की रिसर्च के वैज्ञानिक सुजैन जेगी द्वारा की गई लैंडमार्क स्टडी में बताया गया है कि बुद्धि दो प्रकार की होती है क्रिस्टलाइज्ड यानी जो हम सीखते हैं और फ्लूइड जो बिना किसी पिछले ज्ञान के नई समस्याओं को सुलझाने की क्षमता है। डॉ. जेगी की रिसर्च में पाया गया कि जिन लोगों ने रोजाना 20 मिनट ‘Dual N-Back’ जो एक प्रकार का दिमागी खेल है जो वर्किंग मेमोरी को चुनौती देता है, का अभ्यास किया, उनके फ्लूइड इंटेलिजेंस और ओवरऑल IQ में महत्वपूर्ण बढ़त दर्ज की गई। यह साबित करता है कि टारगेटेड ब्रेन ट्रेनिंग से वर्किंग मेमोरी का दायरा बढ़ता है।
आईक्यू बढ़ाने के लिए किन फूड्स का करें सेवन
ऑयली फिश (Oily Fish) खाएं
अगर आप अपना आईक्यू तेज करना चाहते हैं तो अपनी डाइट में कई तरह की फिश जैसे सैल्मन, मैकेरल, टूना, हेरिंग और सार्डिन का सेवन करें। ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर ये मछली की किस्म मस्तिष्क की कोशिकाओं की संरचना को मजबूत बनाने और न्यूरॉन्स के बीच बेहतर संचार बनाने में मदद करती है। रिसर्च के मुताबिक
शरीर में ओमेगा-3 का स्तर अधिक होने पर दिमाग में रक्त प्रवाह बेहतर रहता है, जिससे याददाश्त, सीखने की क्षमता और सोचने-समझने की शक्ति में सुधार हो सकता है।
डार्क चॉकलेट खाएं
चॉकलेट खाते हैं तो डार्क चॉकलेट खाएं आपकी बौद्धिक क्षमता में सुधार होगा। डार्क चॉकलेट में मौजूद कोको (Cacao) फ्लेवोनॉयड्स नामक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होता है जो दिमाग में रक्त का प्रवाह बढ़ाता है,न्यूरॉन्स की वृद्धि को प्रोत्साहित करने में मदद करता है और सीखने-समझने की क्षमता को बेहतर बनाता है। कई रिसर्च में ये बात साबित हो चुकी है कि 70% कोको वाली डार्क चॉकलेट का सेवन मस्तिष्क की प्लास्टिसिटी बढ़ा सकती है और आपकी नई नई चीजें सीखने की क्षमता भी बढ़ा सकती है।
बेरीज (Berries) भी हैं असरदार
एंथोसायनिन, क्वेरसेटिन और अन्य एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर स्ट्रॉबेरी, ब्लूबेरी, ब्लैकबेरी, ब्लैक करंट और शहतूत आपकी दिमागी क्षमता बढ़ाने में असरदार हैं। ये यौगिक ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कंट्रोल करते हैं और सूजन को कंट्रोल करते हैं। कई रिसर्च में ये बात साबित हो चुकी है कि बेरीज का सेवन करने से दिमागी कोशिकाओं के बीच संचार बेहतर होता हैं और याददाश्त और सीखने की क्षमता तेज होती है।
नट्स और सीड्स (Nuts and Seeds) खाएं
बादाम, हेज़लनट और सूरजमुखी के बीज जैसे नट्स व सीड्स खाएं आपका आईक्यू तेज होगा। ये सीड्स हेल्दी फैट, ओमेगा-3 फैटी एसिड और विटामिन E से भरपूर होते हैं। विटामिन E एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है जो मस्तिष्क की कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाता है। नियमित रूप से नट्स और सीड्स का सेवन उम्र बढ़ने के साथ मानसिक क्षमता को बनाए रखने और अल्जाइमर जैसी बीमारियों के जोखिम को कम करने में सहायक हो सकता है।
साबुत अनाज (Whole Grains) खाएं
अगर ब्रेन को शार्प बनाना चाहते हैं तो डाइट में फास्ट फूड और जंक फूड से परहेज करें। आप डाइट में ब्राउन राइस, जौ, ओट्स, होल ग्रेन ब्रेड और होल व्हीट पास्ता जैसे साबुत अनाज का सेवन करें। ये अनाज दिमाग को लगातार एनर्जी देते हैं। इनमें मौजूद विटामिन E, फाइबर और दूसरे पोषक तत्व मस्तिष्क की हेल्थ में सुधार करते हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी और वैज्ञानिक अध्ययनों पर आधारित है। इसका उद्देश्य किसी भी बीमारी का निदान, उपचार या चिकित्सीय सलाह देना नहीं है। IQ (Intelligence Quotient) किसी व्यक्ति की संपूर्ण बुद्धिमत्ता, रचनात्मकता, भावनात्मक बुद्धिमत्ता (Emotional Intelligence), व्यक्तित्व या जीवन में सफलता का अंतिम पैमाना नहीं है। आहार, ब्रेन ट्रेनिंग और स्वस्थ जीवनशैली मस्तिष्क के स्वास्थ्य और कुछ संज्ञानात्मक क्षमताओं को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकते हैं, लेकिन इनसे हर व्यक्ति का IQ निश्चित रूप से बढ़ जाएगा, ऐसा दावा वैज्ञानिक रूप से स्थापित नहीं है।
