भूलने की आदत या मन का भटकाव, क्या केवल थकान? अक्सर जिसे हम उम्र का असर समझते हैं, वह मानसिक सेहत से जुड़ा गहरा संकेत हो सकता है। अमेरिका में रहने वाली 33 वर्षीया अंकिता दास सालों तक छोटी-छोटी बातें भूलने और खुद को सुस्त समझने की उलझन से जूझती रहीं। लेकिन जब डॉक्टरी जांच हुई, तो सामने आया कि वह ADHD (अटेंशन डेफिसिट हाइपरएक्टिविटी डिसऑर्डर) से पीड़ित हैं। बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट भी इसी न्यूरो डेवलपमेंट डिसऑर्डर का सामना कर चुकी हैं। अक्सर लोग इसे केवल आलस या ध्यान की कमी मान लेते हैं, लेकिन विशेषज्ञों के मुताबिक वयस्कों में इसके लक्षणों की पहचान देर से होना बेहद आम है। आइए मेडिकल रिपोर्ट्स के आधार पर आसान भाषा में समझते हैं कि क्या है यह स्थिति, इसके मुख्य लक्षण क्या हैं और जीवनशैली में बदलाव से इसे कैसे नियंत्रित किया जा सकता है।
अमेरिका की इस घटना से समझें ADHD के मरीज की कहानी
अमेरिका के कैलिफोर्निया का एक मामला सामने आया है। कैलिफोर्निया स्थित सैन डिएगो में रहने वाली अंकिता दास एक निजी लैब में फील्ड एप्लिकेशन साइंटिस्ट के तौर पर काम करती थीं। एक दिन वह लॉन्ग बीच में काम के सिलसिले में एक होटल में सेल्स ट्रेनिंग पूरी करके निकलीं। इसके बाद उन्हें अपने घर सैन डिएगो पहुंचने में तीन घंटे और लग गए। रात करीब 10 बजे वह घर पहुंचीं। अगले दिन उन्हें ट्रेनिंग सेंटर पर जाना था, उन्हें इस बात की खुशी थी कि अगले दिन की तैयारी करने, नहाने और खाना खाने के लिए उनके पास पर्याप्त समय है। उन्हें जहां ट्रेनिंग के लिए जाना था वो ट्रेनिंग सेंटर उनके घर से केवल आधे घंटे की दूरी पर था। इसलिए उन्हें किसी बात की खास चिंता नहीं थी।
लेकिन जल्द ही 33 साल की अंकिता को एहसास हुआ कि वह अपना सूटकेस घर लाना ही भूल गई थीं, जिसमें लैब से जुड़ा जरूरी सामान रखा था। अगले दिन की ट्रेनिंग के लिए यह सामान बेहद जरूरी था। अंकिता ने उस घटना को याद करते हुए बताया, “मैं घबरा गई थी। मेरे सहकर्मी पहले से ही मेरी काम करने की क्षमता पर सवाल उठाने लगे थे। उन्होंने गौर करना शुरू कर दिया था कि मैं चीजें भूल जाती हूं और जल्दबाजी करती हूं। सबसे बुरी बात यह थी कि मुझे खुद भी नहीं पता था कि मेरा बैग कहां है। उन्होंने आगे बताया मेरे भूलने की आदत से मेरे पति भी परेशान थे। उन्हें इस बात की बहुत चिंता थी कि मैं इतनी देर रात अकेले गाड़ी चलाकर अपना सामान लेने वापस जा रही हूं। लेकिन मुझे ऐसा लग रहा था कि कोई मुझे समझ ही नहीं रहा है। मैं खुद को सबसे अलग-थलग और मानसिक रूप से बहुत परेशान महसूस कर रही थी।
बचपन से महिला खुद को मानती थी सुस्त
अक्सर हम मूड स्विंग्स, ध्यान न भटकने या छोटी-छोटी बातों पर चिड़चिड़ेपन को आम थकावट या उम्र का असर मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन कई बार यह किसी छिपी हुई मानसिक स्थिति का संकेत हो सकता है। अंकिता दास 33 साल तक एक बीमारी के लक्षणों के साथ जीती रही। 33 साल के बाद महिला को पता चला कि वह वास्तव में अटेंशन डेफिसिट हाइपरएक्टिविटी डिसऑर्डर (ADHD) से पीड़ित हैं। न्यूरोलॉजिस्ट और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, वयस्कों (Adults) में ADHD के लक्षणों की पहचान देर से होना काफी आम है।
बॉलीवुड अभिनेत्री भी है ADHD की शिकार
बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट भी ADHD से जूझ रही हैं। ये एक न्यूरो डेवलेपमेंट डिसआर्डर है जिससे आलिया भट्ट बचपन से जूझ रही हैं। आलिया में इस बीमारी के लक्षण बचपन से ही दिख रहे थे लेकिन उन्हें इस बीमारी का अंदाजा 31 सालों बाद हुआ। इस बीमारी का खुलासा आलिया ने 2024 में खुद ही किया था। आलिया ने इंटरव्यू में बताया था कि तकरीबन तीन दिनों तक मेडिकल टेस्ट के बाद उन्हें पता चला था कि वो एंजाइटी और ADHD से जूझ रही हैं। अब सवाल ये उठता है कि आखिर ADHD कैसी बीमारी है और बॉडी में इसके कौन कौन से लक्षण दिखाई देते हैं और ये क्या ठीक हो सकती है।
ADHD कौन सी परेशानी है?
cleveland clinic की रिपोर्ट के मुताबिक Attention Deficit Hyperactivity Disorder एक न्यूरो डेवलपमेंट डिसऑर्डर है। यह दिमाग के विकास और उसके काम करने के तरीके को प्रभावित करता है। इस स्थिति में व्यक्ति को ध्यान केंद्रित करने, काम व्यवस्थित करने, चीजें याद रखने और अपने व्यवहार या गतिविधियों को कंट्रोल करने में परेशानी हो सकती है। ADHD के लक्षण आमतौर पर बचपन में, 12 साल की उम्र से पहले शुरू हो जाते हैं। हालांकि कई लोगों में इसकी पहचान वयस्क होने के बाद होती है। ADHD का मतलब यह नहीं है कि व्यक्ति आलसी है या उसमें इच्छाशक्ति की कमी है। सही पहचान और इलाज से इसके लक्षणों को कंट्रोल करने और रोजमर्रा की जिंदगी को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।
ADHD होने के क्या कारण हैं?
ADHD का कोई एक निश्चित कारण नहीं है। इसके पीछे आनुवंशिक और मस्तिष्क के विकास से जुड़े कई कारक हो सकते हैं। ADHD में फैमिली हिस्ट्री काफी जिम्मेदार है। अगर माता-पिता या भाई-बहन को ADHD है, तो दूसरे सदस्यों में भी इसका जोखिम बढ़ सकता है। इस परेशानी में ध्यान नियंत्रित करने, योजना बनाने, काम व्यवस्थित करने और निर्णय लेने से जुड़ी मस्तिष्क की प्रक्रियाएं अलग तरह से काम कर सकती हैं। इस बीमारी के लिए गर्भ में तंबाकू, शराब या सीसे जैसे विषैले पदार्थों के संपर्क में रहना जोखिम कारक माना जाता है। प्रीमैच्योर जन्म और जन्म के समय कम वजन का ADHD के बढ़े हुए जोखिम से संबंध देखा गया है।
ADHD के लक्षण क्या हैं?
ADHD के लक्षण खासतौर पर दो श्रेणियों में देखे जाते हैं। ध्यान की कमी और अतिसक्रियता या आवेगपूर्ण व्यवहार, कुछ लोगों में दोनों तरह के लक्षण हो सकते हैं। बात करें ध्यान केंद्रित करने में परेशानी की तो इससे पीड़ित इंसान का काम करते समय बार-बार ध्यान भटकता है। इसके लक्षणों में छोटी-छोटी गलतियां करना या जरूरी बातें भूलना, काम शुरू करने के बाद उसे पूरा न कर पाना, चीजें, दस्तावेज या जरूरी सामान बार-बार खो देना,काम को व्यवस्थित करने और समय पर पूरा करने में कठिनाई होना और लंबे समय तक पढ़ने या किसी की बात सुनने में परेशानी होना शामिल है।
अतिसक्रियता और आवेगपूर्ण व्यवहार में जो लक्षण दिखाई देते हैं उनमें बैठे-बैठे हाथ-पैर हिलाते रहना या बेचैनी महसूस करना,लंबे समय तक एक जगह बैठने में परेशानी होना,जरूरत से ज्यादा बोलना या दूसरों की बात बीच में काटना, अपनी बारी का इंतजार करने में कठिनाई, बिना सोचे-समझे जल्दबाजी में काम करना, लगातार सक्रिय रहने या शांत बैठने में मुश्किल महसूस करना शामिल है।
हर बार चीजें भूलना या काम टालना ADHD है?
रिपोर्ट के मुताबिक हर बार चीजें भूलना या काम टालना ADHD नहीं है। ADHD की पहचान के लिए कोई एक ब्लड टेस्ट या यूरिन टेस्ट नहीं है। डॉक्टर व्यक्ति के व्यवहार, लक्षणों और मेडिकल हिस्ट्री का आकलन करते हैं।
आमतौर पर डॉक्टर इन बातों पर ध्यान देते हैं जैसे
- लक्षण 12 साल की उम्र से पहले शुरू हुए हों
- लक्षण कम से कम छह महीने से मौजूद हों।
- परेशानी घर, स्कूल या कार्यस्थल जैसी कम से कम दो परिस्थितियों में दिखाई देती हो।
- लक्षण पढ़ाई, नौकरी, रिश्तों या रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रहे हों।
- दूसरी संभावित वजहों, जैसे चिंता, अवसाद या नींद की समस्या, का आकलन किया गया हो।
- बच्चों में जरूरत के अनुसार माता-पिता और शिक्षकों से भी जानकारी ली जा सकती है। वयस्कों में बचपन के व्यवहार और वर्तमान जीवन पर लक्षणों के प्रभाव को समझना जरूरी होता है।
ADHD का इलाज क्या है?
ADHD का कोई स्थायी इलाज या एक ऐसा तरीका नहीं है जो हर व्यक्ति के लिए समान रूप से काम करे। हालांकि, दवाओं, व्यवहार संबंधी थेरेपी और व्यावहारिक रणनीतियों की मदद से लक्षणों को कंट्रोल किया जा सकता है। डॉक्टर जरूरत के अनुसार ADHD की दवाएं दे सकते हैं। ये ध्यान केंद्रित करने, आवेगों को नियंत्रित करने और अतिसक्रियता से जुड़े लक्षणों को कम करने में मदद कर सकते हैं। दवा का चुनाव, उसकी खुराक और उसके साइड इफेक्ट की जानकारी खुद करते हैं।
रोजमर्रा के बदलाव से हो सकती है परेशानी कंट्रोल
- ADHD के लक्षणों को कंट्रोल करना चाहते हैं तो जरूरी कामों के लिए अलार्म और रिमाइंडर लगाएं।
- बड़े काम को छोटे और आसान चरणों में बांटें।
- जरूरी सामान रखने के लिए एक निश्चित जगह तय करें।
- काम की प्राथमिकताएं लिखकर रखें।
- नियमित नींद और शारीरिक गतिविधि को दिनचर्या में शामिल करें।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी और जागरूकता के उद्देश्य से लिखा गया है। इसमें दी गई जानकारी किसी भी तरह से डॉक्टरी सलाह, जांच या इलाज का विकल्प नहीं है। अगर आप या आपका कोई परिचित ध्यान केंद्रित करने, अत्यधिक भूलने या तनाव जैसी समस्या से जूझ रहा है, तो तुरंत किसी योग्य मनोचिकित्सक (Psychiatrist) या न्यूरोलॉजिस्ट से परामर्श लें।
