भारतीय घरों में केला लगभग हर दिन मौजूद रहता है। केला का इस्तेमाल पूजा में चढ़ाने से लेकर बच्चों के टिफिन तक में मौजूद होता है। अस्पताल में मरीजों को केला दिया जाता है ताकि उनकी रिकवरी फास्ट हो और बॉडी को एनर्जी मिले। मरीज के लिए केला खाना आसान होता है। भारतीय योग गुरु, लेखक, शोधकर्ता और टीवी पर्सनालिटी डॉक्टर हंसा योगेंद्र (Hansa Yogendra) के मुताबिक आप हर सुबह दिन की शुरुआत एक गिलास गुनगुना पानी से करें और उसके बाद एक मीडियम साइज का पका हुआ केला खाएं। रोजाना एक से डेढ़ महीने तक केला का सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है,एनर्जी बूस्ट होती है और मूड में सकारात्मक बदलाव आते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि रोज एक केला खाना क्यों जरूरी है।
क्यों फायदेमंद है सुबह केला खाना?
आजकल कई लोग दिन की शुरुआत केवल चाय या कॉफी से करते हैं जिसकी वजह से दिन के 11 बजे तक बॉडी में थकान, एसिडिटी और चिड़चिड़ापन महसूस होने लगता है। ये आदत लंबे समय में पाचन तंत्र को कमजोर कर सकती है। एक्सपर्ट के मुताबिक एक व्यस्क इंसान को रोजाना लगभग 25 से 40 ग्राम फाइबर की जरूरत होती है, जबकि ज्यादातर लोग इससे कम फाइबर लेते हैं। एक केले में लगभग 3 ग्राम फाइबर होता है। इसमें मौजूद पेक्टिन जैसे घुलनशील फाइबर मल को मुलायम बनाता हैं और आंतों के गुड बैक्टीरिया को पोषण देता हैं। ये प्रीबायोटिक की तरह काम करता है, जिससे गट माइक्रोबायोम संतुलित रहता है।
ब्लड प्रेशर और दिल के लिए है फायदेमंद
एक केले में करीब 350–400 मिलीग्राम पोटैशियम होता है। पर्याप्त पोटैशियम का सेवन ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखने और स्ट्रोक के जोखिम को कम करने में मदद कर सकता है।
दिनभर मिलती है एनर्जी
केले में नेचुरल कार्बोहाइड्रेट और फाइबर होता हैं, जो ग्लूकोज को धीरे-धीरे रिलीज करता हैं। इससे शरीर को अचानक एनर्जी मिलती है बॉडी में थकान या एनर्जी ड्रॉप होने की समस्या नहीं होती। स्टूडेंट, ऑफिस जाने वाले लोग और गृहिणियों के लिए केला का सेवन सुबह की थकान कम करने में मददगार हो सकता है। केले में विटामिन B6 भी होता है, जो सेरोटोनिन जैसे न्यूरोट्रांसमीटर के निर्माण में सहायक है। इससे मूड और नर्वस सिस्टम बैलेंस रहता है।
केला खाने का सही तरीका
ज्यादातर लोगों के लिए खाली पेट केला का सेवन फायदेमंद माना जाता है। ये रातभर के 12 घंटों के फास्ट के बाद बॉडी को एनर्जी देता है। अगर किसी को तेज एसिडिटी या संवेदनशील पाचन की समस्या है, तो केला कुछ भीगे हुए बादाम या आधा चम्मच देसी घी के साथ खा सकते है।
कच्चा केला फायदेमंद है या पका हुआ
कच्चे केले में रेसिस्टेंट स्टार्च अधिक होता है, जो फाइबर की तरह काम करता है लेकिन पचने में थोड़ा भारी हो सकता है। जिन लोगों का पाचन मजबूत है वो सीमित मात्रा में पका हुआ केला का सेवन करें। ऐसे लोग कच्चा केला ले सकते हैं।
किन लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए?
डायबिटीज कंट्रोल नहीं रहती तो केला खाते समय सावधानी बरतें। एक पके केले में लगभग 12–14 ग्राम प्राकृतिक शुगर होती है जो डायबिटीज मरीजों की शुगर बढ़ा सकती है। बहुत ज्यादा कच्चा केला नियमित रूप से खाने से गैस या पेट फूलने की समस्या हो सकती है। केला सस्ता, आसानी से उपलब्ध और पूरे साल मिलने वाला फल है। इसमें आंतों के लिए फाइबर, दिल के लिए पोटैशियम, नसों के लिए पोषण और दिनभर के लिए प्राकृतिक ऊर्जा मौजूद है। सही तरीके और संतुलन में इसका सेवन फायदा पहुंचाएगा।
एक्सपर्ट की सलाह
एक्सपर्ट के मुताबिक केला का सेवन दूध के साथ नहीं करें तो बेहतर है। जिन लोगों को साइनस की परेशानी है या फिर पाचन कमजोर है तो वो केला और दूध का सेवन एक साथ नहीं करें।
डिस्क्लेमर:
यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें दी गई जानकारी किसी भी प्रकार की चिकित्सीय सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं है। अपनी डाइट या जीवनशैली में किसी भी तरह का बदलाव करने से पहले डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें, विशेषकर यदि आप किसी पुरानी बीमारी, एलर्जी या अन्य स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे हैं।
