सर्दी की सुबह में एक कप गर्म कॉफी न सिर्फ सर्दी से राहत देती है बल्कि सुस्ती को भी छूमंतर करती है। अक्सर लोग दिन की शुरुआत दूध वाली कॉफी से करते हैं। कॉफी और चाय में कैफीन मौजूद होता है जो एकाग्रता बढ़ाकर थकान को दूर करती है। हर रोज एक कप कॉफी एकाग्रता में सुधार करने और मूड को बेहतर बनाने में मदद करती है। कॉफी का सेवन करने से स्टैमिना बूस्ट होता है, मेटाबॉलिज्म तेज होता है। एक कप कॉफी उम्र बढ़ने पर होने वाली मानसिक बीमारियों जैसे अल्जाइमर और पार्किंसन से बचाव करती है। कॉफी का सेवन न्यूरोलॉजिकल बीमारियों के जोखिम को कम कर सकता है।

कुछ लोग कॉफी का सेवन दूध के साथ करते हैं तो कुछ लोग बिना दूध की कॉफी यानी ब्लैक कॉफी पीते  हैं। कई रिसर्च में ये बात साबित हो चुकी है कि अगर कॉफी का सेवन बिना दूध के किया जाए तो ये सेहत को बहुत फायदा पहुंचाती है। आइए जानते हैं कि ब्लैक कॉफी का सेवन रोज करने से सेहत को कौन-कौन से फायदे होते हैं।

वजन रहता है कंट्रोल

KIMS हॉस्पिटल, ठाणे में चीफ डाइटीशियन डॉ. अमरीन शेख ने बताया अगर रोज बिना दूध की ब्लैक कॉफी पी जाए तो उसका सबसे बड़ा फायदा ये होता है कि बॉडी में कैलोरी इनटेक कम होता जाता है। एक्सपर्ट ने बताया दूध वाली कॉफी, खासकर जब उसमें चीनी भी हो तो उसमें दूध के फैट के साथ चीनी की कैलोरी भी जुड़ जाती है जो बॉडी का वेट बढ़ाने में जिम्मेदार साबित होती है। इसके उलट ब्लैक कॉफी लगभग कैलोरी-फ्री होती है। अगर एक हफ्ते तक सिर्फ ब्लैक कॉफी का सेवन किया जाए तो आप अपनी बॉडी को हल्का महसूस करेंगे। रोज ब्लैक कॉफी का सेवन पेट की सूजन या ब्लोटिंग कंट्रोल करने में मदद करती है।

ब्लड शुगर रहता है कंट्रोल

दूध और चीनी वाली कॉफी के बजाए ब्लैक कॉफी का सेवन करने से ब्लड शुगर का स्तर कंट्रोल रहता है। ब्लैक कॉफी का सेवन इंसुलिन रेजिस्टेंस या प्रीडायबिटीज से जूझ रहे लोगों के लिए ब्लड शुगर को बेहतर तरीके से कंट्रोल करने में मदद कर सकती है। समय के साथ जब कुल शुगर इनटेक कम होता है, तो इंसुलिन सेंसिटिविटी में भी सुधार देखा जा सकता है।

ब्लैक कॉफी एनर्जी लेवल को करती है प्रभावित

ब्लैक कॉफी का सेवन एनर्जी को बेहतर तरीके से प्रभावित करता है। इस कॉफी में दूध और चीनी न होने की वजह से एनर्जी लेवल ज्यादा स्थिर रहता है और एनर्जी में अचानक गिरावट कम होती है। ऐसा इसलिए क्योंकि ब्लैक कॉफी ब्लड शुगर में तेज़ बदलाव नहीं लाती।

क्या ब्लैक कॉफी पीने से बॉडी में पोषक तत्वों की कमी होती है?   

एक्सपर्ट ने बताया ब्लैक कॉफी का सेवन करते हैं तो उसमें दूध और चीनी नहीं होती। दूध कैल्शियम और प्रोटीन का अच्छा स्रोत होता है, इसलिए जब आप कॉफी से दूध को स्किप करते हैं तो बॉडी में कुछ पोषक तत्व घट सकते हैं। ऐसे में बॉडी में पोषक तत्वों की कमी को बैलेंस करने के लिए आप अपनी डाइट में कुछ खास फूड जैसे दही, पनीर, नट्स, बीज और हरी पत्तेदार सब्ज़ियों को शामिल करें। एक्सपर्ट ने बताया ब्लैक कॉफी सेहत के लिए बहुत उपयोगी हैं, क्योंकि उसमें खुद एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो सीमित मात्रा में सेवन करने पर दिल और मेटाबॉलिक हेल्थ को सपोर्ट करते हैं।

क्या ब्लैक कॉफी सभी के लिए उपयुक्त है?

ब्लैक कॉफी का सेवन सभी लोगों पर एक जैसा असर नहीं करता। गैस्ट्राइटिस, एंग्जायटी डिसऑर्डर या नींद से जुड़ी समस्याओं वाले लोगों को ब्लैक कॉफी का सेवन सीमित करना चाहिए। एक्सपर्ट ने बताया आदर्श रूप से ब्लैक कॉफी दिन में 1 से 2 कप तक ही पीनी चाहिए और इसे शाम या देर रात पीने से बचना चाहिए।

डिस्क्लेमर

यह स्टोरी सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार की गई है। किसी भी तरह के स्वास्थ्य संबंधी बदलाव या डाइट में परिवर्तन करने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

रात में सोते-सोते पेशाब के लिए भागते हैं और यूरिन हो जाता है लीक, ये 2 चीजें बिना दवा रोकेंगी मूत्र रिसाव, डॉक्टर ने बताया नुस्खा। पूरी जानकारी के लिए लिंक पर क्लिक करें।