अक्सर लोग दिन की शुरुआत गर्म चाय पीकर करते हैं। चाय की गर्म चुस्की से ही कुछ लोगों की सुबह की नींद खुलती है। लेकिन आप जानते हैं कि रोजाना खाली पेट दिन की शुरुआत चाय से करने से ये आपके पाचन को बिगाड़ सकती है। खाली पेट चाय का सेवन पाचन, एसिड लेवल और यहां तक कि एनर्जी के स्तर तक पर पड़ सकता है। शुरुआत में इसका असर साफ़ नज़र नहीं आता, लेकिन एक महीने अगर रोज चाय का सेवन किया जाए तो पाचन पर इसके साफ संकेत दिखने लगते हैं।
एस्टर आरवी हॉस्पिटल, बेंगलुरु की सीनियर क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट अदिति प्रसाद आप्टे के मुताबिक चाय में टैनिन, कैफीन, दूध, चीनी और मसाले होते हैं जो पाचन तंत्र को उत्तेजित करते हैं। जब पेट में कुछ खाने को न हो तो ये उत्तेजना ज़्यादा तीखी हो सकती है। एक्सपर्ट ने बताया खाली पेट चाय पीने से ना सिर्फ पाचन स्लो होता है बल्कि मेटाबॉलिज्म भी प्रभावित होता है। सुबह के समय पेट में कुछ खाना नहीं होता ऐसे में खाली पेट चाय का सेवन उत्तेजना बढ़ा सकता है, जिससे गैस्ट्रिक एसिड का स्राव बढ़ जाता है।
एसिडिटी और पेट में करती है जलन
ग्लेनईगल्स हॉस्पिटल, परेल के सीनियर कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. शंकर जंवर बताते हैं कि लंबे समय तक ऐसा करने से पेट की अंदरूनी परत में जलन हो सकती है। एक्सपर्ट के मुताबिक खाली पेट नियमित रूप से चाय पीने से पेट की परत में इरिटेशन हो सकती है, क्योंकि चाय में मौजूद टैनिन एसिड के स्तर को बढ़ाता हैं। इसी वजह से सीने में जलन, मतली, पेट फूलना या ऊपरी पेट में भारीपन महसूस होने जैसी दिक्कत हो सकती है। जिन्हें पहले से एसिड रिफ्लक्स या गैस्ट्राइटिस की समस्या है, उनमें ये लक्षण ज़्यादा बढ़ सकते हैं।
ब्लोटिंग, असहजता और टॉयलेट की आदतें
एक्सपर्ट ने बताया खाली पेट चाय का सेवन कुछ लोगों के पेट में प्रेशर बढ़ाने का काम भी करता है। कुछ लोग इसे पाचन के लिए अच्छा मानते हैं, लेकिन बिना खाना खाए बार-बार ऐसा होना आंतों को ज़्यादा संवेदनशील बना सकता है। चाय में मौजूद दूध कुछ लोगों में पाचन को धीमा कर देता है, जिससे गैस या भारीपन महसूस हो सकता है। वहीं कैफीन नर्वस सिस्टम और आंतों को उत्तेजित करता है।
एनर्जी का उतार-चढ़ाव और पोषक तत्वों के अवशोषण पर दिखता है असर
सुबह की चाय पीकर बॉडी में जो फुर्ती दिखती है वो असली होती है, लेकिन ये स्टेबल नहीं होती। कैफीन थोड़ी देर के लिए एनर्जी बढ़ाता है, जिसके बाद बेचैनी या अचानक थकान महसूस हो सकती है, खासकर जब नाश्ता देर से किया जाए।
खाली पेट चाय पीने के ये भी हैं साइड इफेक्ट
अगर सुबह खाली पेट नाश्ते की जगह सिर्फ चाय पी जाए तो भूख के नेचुरल सिग्नल दब सकते हैं, जिससे अनियमित खाने की आदत बन जाती है। अगर चाय में चीनी हो, तो ब्लड शुगर तेज़ी से बढ़कर गिर सकता है, जिससे क्रेविंग और मिड-मॉर्निंग थकान बढ़ती है। इसके अलावा चाय में मौजूद टैनिन आयरन के अवशोषण को भी कम कर सकता हैं, खासकर जब चाय खाली पेट पी जाए। लंबे समय में ये उन लोगों के लिए ज़्यादा नुकसानदायक हो सकती है, जिनमें पहले से आयरन की कमी है।
सुबह की चाय का विकल्प
- सुबह चाय का सेवन करने से गैस एसिडिटी बढ़ती है। चाय से पहले 1-2 गिलास गुनगुना पानी पिएं।
- अगर आप सुबह चाय पीते हैं तो उसके साथ 2 बिस्कुट, मखाना या भीगे हुए बादाम जरूर लें ताकि पेट में एसिड का सीधा असर नहीं हो।
- सोकर उठने के कम से कम 30-45 मिनट बाद ही चाय पिएं।
निष्कर्ष
चाय का सेवन पाचन को बिगाड़ता है और बॉडी को कई तरह से नुकसान भी पहुंचाता है, इसका मतलब ये नहीं है कि आप सुबह की चाय पूरी तरह छोड़ दें। डॉक्टर का मानना है कि अगर आप चाय पीना चाहते हैं तो आप चाय का सेवन नाश्ते के बाद या फिर खाने के साथ करें। इस तरह चाय पीने से एसिडिटी कम होती है और चाय पेट के लिए ज़्यादा सौम्य साबित होती है।
Papaya for Digestion: रोजाना सुबह के समय पपीता खाने से पाचन पर कैसा होता है असर, रिसर्च से समझें
डिस्कलेमर:
इस लेख में साझा की गई जानकारी केवल सामान्य जागरूकता और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार के विकल्प के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। अपनी डाइट, एक्सरसाइज या दवाओं में कोई भी बदलाव करने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति के मामले में तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।
