आजकल आपने प्रोबायोटिक्स (Probiotics) के बारे में जरूर सुना होगा। कभी ये दही और योगर्ट के पैकेट पर लिखे मिलते हैं तो कभी पेट की सेहत सुधारने वाले सप्लीमेंट्स के रूप में इनकी चर्चा होती है। दरअसल, प्रोबायोटिक्स ऐसे अच्छे बैक्टीरिया और यीस्ट होते हैं, जो शरीर में मौजूद सूक्ष्मजीवों का संतुलन बनाए रखने में मदद करते हैं। खासतौर पर इनका संबंध हमारी आंतों और पाचन तंत्र की सेहत से होता है।

माना जाता है कि ये पाचन को बेहतर बनाने, कुछ तरह के दस्त और पेट फूलने की समस्या में राहत देने के साथ इम्यून सिस्टम को सपोर्ट करने में भी मदद कर सकते हैं। लेकिन क्या हर किसी को प्रोबायोटिक्स लेने की जरूरत होती है? ये शरीर में कैसे काम करते हैं और इन्हें डाइट में शामिल करने का सही तरीका क्या है? आइए जानते हैं।

क्या होते हैं प्रोबायोटिक्स?

प्रोबायोटिक्स जीवित सूक्ष्मजीव (Microorganisms) होते हैं, जिनमें अच्छे बैक्टीरिया और कुछ तरह के यीस्ट शामिल होते हैं। जब इन्हें सही मात्रा में शरीर में पहुंचाया जाता है, तो ये सेहत को फायदा पहुंचा सकते हैं। हमारे शरीर में पहले से ही लाखों-करोड़ों सूक्ष्मजीव मौजूद होते हैं। इनमें कुछ शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं, जबकि कुछ नुकसान पहुंचा सकते हैं। प्रोबायोटिक्स अच्छे और बुरे सूक्ष्मजीवों के बीच संतुलन बनाए रखने में मदद करते हैं।

अमेरिका के नेशनल इंस्टीट्यूट्स ऑफ हेल्थ (NIH) के तहत आने वाले ऑफिस ऑफ डाइटरी सप्लीमेंट्स (ODS) के मुताबिक, प्रोबायोटिक्स ऐसे जीवित सूक्ष्मजीव हैं, जो पर्याप्त मात्रा में दिए जाने पर शरीर को स्वास्थ्य संबंधी फायदे पहुंचाते हैं।

इनमें लैक्टोबैसिलस, बिफिडोबैक्टीरियम और सैकरोमाइसिस बोलार्डी जैसी बैक्टीरिया और यीस्ट की प्रजातियां शामिल हैं। हालांकि, हर प्रोबायोटिक की भूमिका एक जैसी नहीं होती। अलग-अलग स्ट्रेन शरीर में अलग-अलग तरीके से काम कर सकती हैं।

शरीर में क्या काम करते हैं प्रोबायोटिक्स?

हमारी आंतों में कई तरह के सूक्ष्मजीव रहते हैं। इन सभी को मिलाकर गट माइक्रोबायोम (Gut Microbiome) कहा जाता है। ये सिर्फ भोजन पचाने में ही मदद नहीं करते, बल्कि पोषक तत्वों के अवशोषण और इम्यून सिस्टम को सही तरीके से काम करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

NIH के मुताबिक, प्रोबायोटिक्स आंतों में हानिकारक सूक्ष्मजीवों की संख्या को कंट्रोल करने, कुछ उपयोगी पदार्थों का उत्पादन करने और आंतों की अंदरूनी सुरक्षा परत को मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा, कुछ प्रोबायोटिक स्ट्रेन इम्यून सिस्टम की गतिविधियों को भी प्रभावित करती हैं। हालांकि, इनका असर प्रोबायोटिक की प्रजाति और स्ट्रेन के आधार पर अलग-अलग हो सकता है।

प्रोबायोटिक्स के क्या हैं फायदे?

  1. पाचन को बेहतर बनाने में मददगार

प्रोबायोटिक्स का सबसे ज्यादा संबंध पेट और पाचन तंत्र की सेहत से माना जाता है। ये आंतों में अच्छे बैक्टीरिया का संतुलन बनाए रखने और भोजन से मिलने वाले कुछ पोषक तत्वों के अवशोषण में मदद कर सकते हैं। कुछ खास तरह के प्रोबायोटिक्स कब्ज, गैस, पेट फूलने और इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (IBS) जैसी समस्याओं के लक्षणों को कम करने में भी मददगार हो सकते हैं।

  1. एंटीबायोटिक्स से होने वाले दस्त का खतरा कम कर सकते हैं

जब हम किसी संक्रमण के इलाज के लिए एंटीबायोटिक्स लेते हैं, तो ये नुकसान पहुंचाने वाले बैक्टीरिया के साथ आंतों में मौजूद कुछ अच्छे बैक्टीरिया को भी प्रभावित कर सकती हैं। इससे कई बार दस्त की समस्या होने लगती है। अमेरिका के NIH की रिसर्च समीक्षा के मुताबिक, कुछ खास प्रोबायोटिक स्ट्रेन एंटीबायोटिक्स से होने वाले दस्त (Antibiotic-associated diarrhea) का खतरा कम कर सकती हैं। इनमें लैक्टोबैसिलस रहमनोसस GG और सैकरोमाइसिस बोलार्डी शामिल हैं। हालांकि, इनका फायदा उम्र, स्वास्थ्य स्थिति और इस्तेमाल की जाने वाली स्ट्रेन पर निर्भर करता है।

  1. इम्यूनिटी को सपोर्ट करते हैं

हमारी आंतों और इम्यून सिस्टम के बीच गहरा संबंध होता है। आंतों में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को सही तरीके से काम करने में मदद करते हैं। अमेरिका के नेशनल इंस्टीट्यूट्स ऑफ हेल्थ (NIH) के ऑफिस ऑफ डाइटरी सप्लीमेंट्स के मुताबिक, प्रोबायोटिक्स आंतों की सुरक्षा परत को मजबूत बनाने, इम्युनोग्लोबुलिन के उत्पादन को बढ़ावा देने और शरीर की कुछ इम्यून गतिविधियों को बेहतर बनाने में भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि, इन्हें संक्रमण से बचाने वाली किसी गारंटी के तौर पर नहीं देखना चाहिए।

  1. IBS और पेट फूलने की समस्या में मददगार

इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (IBS) से परेशान लोगों को अक्सर पेट दर्द, गैस, पेट फूलने और मल त्याग में बदलाव जैसी समस्याएं होती हैं। ऐसे में कुछ खास प्रोबायोटिक स्ट्रेन लक्षणों को कम करने में मदद कर सकती हैं। NIH की फैक्टशीट में प्रकाशित एक मेटा-एनालिसिस में 2,575 लोगों पर किए गए 23 रैंडमाइज्ड कंट्रोल्ड ट्रायल (RCTs) के नतीजों का विश्लेषण किया गया। इसमें पाया गया कि प्रोबायोटिक्स लेने वाले लोगों में IBS के लक्षण बने रहने या उनमें सुधार न होने का जोखिम करीब 21 फीसदी कम था। हालांकि, रिसर्च में शामिल अध्ययनों की गुणवत्ता सीमित थी और अलग-अलग प्रोबायोटिक स्ट्रेन का असर भी अलग पाया गया।

  1. आंतों की सुरक्षा परत को मजबूत बनाते हैं

हमारी आंतों की अंदरूनी परत शरीर को नुकसान पहुंचाने वाले सूक्ष्मजीवों और हानिकारक पदार्थों को खून में पहुंचने से रोकने का काम करती है। कुछ प्रोबायोटिक्स इस परत को मजबूत बनाए रखने और म्यूकस (Mucus) के उत्पादन को बढ़ावा देने में मदद कर सकते हैं। इससे आंतों की प्राकृतिक सुरक्षा व्यवस्था को सपोर्ट मिलता है।

किन चीजों में पाए जाते हैं प्रोबायोटिक्स?

प्रोबायोटिक्स पाने के लिए जरूरी नहीं कि आप महंगे सप्लीमेंट्स ही लें। कई ऐसी चीजें हैं, जिन्हें अपनी रोजमर्रा की डाइट में शामिल करके भी फायदेमंद सूक्ष्मजीव प्राप्त किए जा सकते हैं।

  • दही और योगर्ट: इनमें जीवित और सक्रिय बैक्टीरिया की कुछ प्रजातियां मौजूद हो सकती हैं।
  • केफिर (Kefir): यह फर्मेंटेड दूध से तैयार किया जाने वाला पेय है, जिसमें कई तरह के सूक्ष्मजीव हो सकते हैं।
  • छाछ: पारंपरिक तरीके से तैयार की गई छाछ में भी फायदेमंद बैक्टीरिया हो सकते हैं।
  • किमची (Kimchi): यह फर्मेंटेड सब्जियों से तैयार होने वाला कोरियन फूड है।
  • सॉकरक्रॉट (Sauerkraut): यह फर्मेंटेड पत्तागोभी से बनाया जाता है।
  • मिसो (Miso): यह फर्मेंटेड सोयाबीन से तैयार किया जाने वाला जापानी फूड है।
  • टेम्पेह (Tempeh): यह भी फर्मेंटेड सोयाबीन से तैयार किया जाता है।

NIH के अनुसार, दही और कुछ अन्य फर्मेंटेड फूड जीवित और फायदेमंद सूक्ष्मजीवों के स्रोत हो सकते हैं। हालांकि, हर फर्मेंटेड फूड में ऐसे प्रोबायोटिक सूक्ष्मजीव मौजूद हों, यह जरूरी नहीं है। फूड प्रोसेसिंग और गर्म करने की प्रक्रिया से भी जीवित बैक्टीरिया नष्ट हो सकते हैं। इसलिए प्रोडक्ट खरीदते समय ‘लाइव एंड एक्टिव कल्चर्स’ का लेबल देखना बेहतर होता है।

प्रोबायोटिक सप्लीमेंट्स लेने का सही तरीका क्या है?

अगर आप प्रोबायोटिक सप्लीमेंट लेने के बारे में सोच रहे हैं, तो सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि हर व्यक्ति को इनकी जरूरत नहीं होती। अगर आपको पेट से जुड़ी कोई परेशानी है या एंटीबायोटिक्स लेने के बाद डॉक्टर ने प्रोबायोटिक्स की सलाह दी है तो सही सप्लीमेंट फायदेमंद हो सकता है।

वर्ल्ड गैस्ट्रोएंटरोलॉजी ऑर्गनाइजेशन (WGO) के दिशानिर्देशों के मुताबिक, प्रोबायोटिक्स की सही मात्रा इस बात पर निर्भर करती है कि उसमें कौन-सी स्ट्रेन मौजूद है और किस स्वास्थ्य समस्या के लिए उसका इस्तेमाल किया जा रहा है। इसलिए सप्लीमेंट खरीदते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

  • स्ट्रेन की जानकारी देखें: सप्लीमेंट में कौन-सी बैक्टीरिया या यीस्ट स्ट्रेन मौजूद है, यह जरूर जांचें।
  • CFU की मात्रा देखें: CFU यानी Colony Forming Units से पता चलता है कि सप्लीमेंट में कितने जीवित सूक्ष्मजीव मौजूद हैं। ज्यादा CFU का मतलब हमेशा ज्यादा फायदा नहीं होता।
  • एक्सपायरी डेट जांचें: प्रोडक्ट की एक्सपायरी और इस्तेमाल की आखिरी तारीख जरूर देखें।
  • स्टोरेज की जानकारी पढ़ें: कुछ प्रोबायोटिक्स को फ्रिज में रखना जरूरी होता है, जबकि कुछ सामान्य तापमान पर भी रखे जा सकते हैं।
  • डॉक्टर की सलाह लें: अपनी जरूरत के हिसाब से सही सप्लीमेंट और उसकी मात्रा तय करने के लिए डॉक्टर से बात करें।

NIH की फैक्टशीट के मुताबिक, प्रोबायोटिक्स के असर के लिए उनकी स्ट्रेन और जीवित सूक्ष्मजीवों की संख्या दोनों महत्वपूर्ण हैं। कुछ प्रोडक्ट में एक तरह की स्ट्रेन होती है, जबकि कुछ में कई स्ट्रेन का मिश्रण होता है। इसके अलावा, सप्लीमेंट के लेबल पर CFU की संख्या उसकी एक्सपायरी डेट तक कितनी रहेगी, यह जानकारी देखना भी जरूरी है।

क्या प्रोबायोटिक्स के कोई नुकसान भी हैं?

आमतौर पर स्वस्थ लोगों के लिए प्रोबायोटिक्स सुरक्षित माने जाते हैं, लेकिन कुछ लोगों को शुरुआत में गैस, पेट फूलना, दस्त या पेट में हल्की परेशानी हो सकती है। ये लक्षण ज्यादातर कुछ समय बाद ठीक हो जाते हैं।

NIH के मुताबिक, गंभीर रूप से बीमार लोगों और कमजोर इम्यूनिटी वाले मरीजों में प्रोबायोटिक्स के इस्तेमाल से संक्रमण का खतरा हो सकता है। कुछ दुर्लभ मामलों में प्रोबायोटिक्स के कारण खून में बैक्टीरिया या फंगस का संक्रमण भी देखा गया है। समय से पहले जन्मे बच्चों में भी इनके इस्तेमाल को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है। इसलिए ऐसे लोगों को डॉक्टर की सलाह के बिना प्रोबायोटिक सप्लीमेंट नहीं लेना चाहिए।

क्या रोजाना प्रोबायोटिक्स लेना जरूरी है?

नहीं, हर किसी के लिए रोजाना प्रोबायोटिक सप्लीमेंट लेना जरूरी नहीं है। अगर आप स्वस्थ हैं और आपकी डाइट में फल, सब्जियां, फाइबर से भरपूर चीजें और फर्मेंटेड फूड शामिल हैं, तो आपको अलग से सप्लीमेंट लेने की जरूरत शायद न पड़े।

NIH के अनुसार, स्वस्थ लोगों के लिए प्रोबायोटिक सप्लीमेंट के नियमित इस्तेमाल को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक सिफारिश नहीं है। हालांकि, कुछ खास स्वास्थ्य समस्याओं में डॉक्टर विशेष प्रोबायोटिक स्ट्रेन लेने की सलाह दे सकते हैं। इसलिए बिना जरूरत सप्लीमेंट लेने के बजाय संतुलित खानपान पर ध्यान देना बेहतर है।

(डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। प्रोबायोटिक सप्लीमेंट का सेवन शुरू करने से पहले डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।)

यह भी पढ़ें: झुर्रियां कम करने और स्किन को जवां रखने में कितना कारगर है Collagen? जानें फायदे और नुकसान

उम्र बढ़ने के साथ चेहरे पर झुर्रियां दिखने लगती हैं, स्किन ढीली पड़ने लगती है और पहले जैसी चमक भी कम हो सकती है। ऐसे में आपने कोलेजन (Collagen) के बारे में जरूर सुना होगा। आजकल बाजार में कोलेजन पाउडर, कैप्सूल और ड्रिंक्स खूब बिक रहे हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।