इसमें कोई दो राय नहीं है कि अंडा प्रोटीन का बेहतरीन सोर्स है और कॉफी आपके फोकस को बढ़ाती है, लेकिन जब बात लगातार 30 दिनों तक रोज सुबह 3 उबले अंडे और कॉफी पीने की हो, तो मेडिकल साइंस इसे एक संतुलित शुरुआत नहीं मानता। एक तरफ जहां यह कॉम्बिनेशन आपको तुरंत एनर्जी और फैट बर्न करने में मदद कर सकता है, वहीं दूसरी तरफ यह आपकी बॉडी में कई बीमारियों जैसे कोलेस्ट्रॉल और पाचन तंत्र को गंभीर नुकसान भी पहुंचा सकता है। अक्सर लोग जल्दबाजी में रहते हैं तो भी रोज अंडा और कॉफी को अपना नाश्ता बना लेते हैं। सुबह के नाश्ते में 3 उबले अंडे और एक कप कॉफी लेना उन लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है, जो हाई-प्रोटीन डाइट अपनाना चाहते हैं। पहली नजर में यह हेल्दी विकल्प लगता है, लेकिन अगर कोई व्यक्ति लगातार एक महीने तक हर सुबह यही नाश्ता करता है तो उसकी बॉडी में इसके फायदे के साथ ही कुछ नुकसान भी होने लगते हैं।
दिल्ली के कैलाश दीपक अस्पताल की कंसल्टेंट न्यूट्रिशनिस्ट ऋचा शर्मा के मुताबिक इस तरह के नाश्ते के कुछ शुरुआती फायदे जरूर हो सकते हैं लेकिन लम्बे समय तक इस तरह का एक ही तरह का नाश्ता करने से बॉडी में कई तरह के साइड इफेक्ट भी हो सकते है।
अंडे में हाई गुणवत्ता वाले प्रोटीन, हेल्दी फैट, विटामिन D, बी-विटामिन और कोलीन भरपूर होता हैं, जबकि कॉफी में एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। यह कॉम्बिनेशन लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराने में मदद कर सकता है। इससे भूख कम लगती है, भोजन की मात्रा नियंत्रित रहती है और वजन कम करने में भी कुछ हद तक मदद मिल सकती है। लम्बे समय तक कॉफी और अंडे का कॉम्बिनेशन सेहत को कई तरह से नुकसान भी पहुंचा सकता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि 30 दिनों तक 3 अंडे और कॉफी रोज पीने से बॉडी में कौन-कौन से बदलाव होते हैं।
3 अंडे और कॉफी का 30 दिनों तक सेवन करने का सकारात्मक बदलाव
एक्सपर्ट के मुताबिक अगर रोजाना एक महीने तक कॉफी और तीन अंडे रोज सुबह नाश्ते में खाएं जाएं तो बॉडी को लगभग 18-20 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाला प्रोटीन मिलता है। प्रोटीन और कॉफी में मौजूद कैफीन दोनों ही आपके मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करते हैं। इससे आपको लंबे समय तक भूख नहीं लगेगी और कैलोरी बर्न करने में मदद मिलेगी। इस तरह रोज सुबह अंडे और कॉफी का सेवन वजन को कंट्रोल करने में मदद कर सकता है।
अगर आप वर्कआउट करते हैं, तो सुबह का यह प्रोटीन डोज़ आपकी मांसपेशियों की मरम्मत (Muscle Repair) और विकास के लिए बेहतरीन साबित होता है। रोजाना अंडे और कॉफी का सेवन आपके मसल्स की रिकवरी और मजबूती के लिए जरूरी होता है। अंडे में ‘कोलीन’ (Choline) नाम का पोषक तत्व होता है जो ब्रेन हेल्थ के लिए अच्छा है, और कॉफी का कैफीन आपके फोकस और एनर्जी लेवल को तुरंत बढ़ा देता है।
एक्सपर्ट के मुताबिक पहले कुछ दिनों में कई लोगों को कम भूख लगने लगती है और वे दिनभर कम मात्रा में खाना खाते हैं। साथ ही हाई-प्रोटीन डाइट मांसपेशियों को बनाए रखने में भी मदद करती है, इसलिए यह फिटनेस और वेट लॉस करने वालों के बीच लोकप्रिय है।
लेकिन लंबे समय तक अपनाने के हो सकते हैं नुकसान
ऋचा शर्मा के अनुसार, केवल अंडे और कॉफी वाला नाश्ता पोषण की दृष्टि से अधूरा है, क्योंकि इसमें कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, फल और सब्जियां शामिल नहीं होतीं। अगर लंबे समय तक यह रूटीन अपनाया जाए तो इससे शरीर में एनर्जी का स्तर कम हो सकता है। इस तरह का नाश्ता कब्ज का कारण बन सकता है और पाचन से जुड़ी परेशानियां बढ़ा सकता है। पोषक तत्वों का अवशोषण प्रभावित हो सकता है और आंत (Gut) की सेहत खराब हो सकती है।
रोज अंडे और कॉफी का सेवन इम्यूनिटी को कमजोर कर सकता है और ओवरऑल हेल्थ को बिगाड़ सकता है। अंडों की जर्दी (Yellow Part) में डाइटरी कोलेस्ट्रॉल होता है। हालांकि ज्यादातर स्वस्थ लोगों पर इसका बुरा असर नहीं पड़ता, लेकिन अगर आपको पहले से हाई कोलेस्ट्रॉल, दिल की बीमारी या डायबिटीज है तो रोज 3 अंडों की जर्दी खाने से आपका लिपिड प्रोफाइल बिगड़ सकता है।
मुंबई के ग्लेनीगल्स हॉस्पिटल के वरिष्ठ गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. शंकर का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति एक महीने तक लगातार ऐसा नाश्ता करता है, तो फाइबर की कमी के कारण आंतों में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया का संतुलन बिगड़ सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि बहुत अधिक अंडे खाने से कुछ लोगों में पेट फूलना, पेट दर्द और दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं। वहीं, कॉफी की अम्लीय (Acidic) प्रकृति आंतों की भीतरी परत में जलन पैदा कर सकती है, जिससे गैस, एसिडिटी या पेट में असहजता महसूस हो सकती है। एक्सपर्ट के मुताबिक हेल्दी नाश्ता हमेशा संतुलित होना चाहिए, जिसमें अलग-अलग फूड ग्रुप शामिल हों। इसके लिए किसी न्यूट्रिशन एक्सपर्ट से सलाह लेकर अपनी जरूरत के अनुसार ब्रेकफास्ट प्लान बनाना बेहतर होता है।
नाश्ते के लिए आप इन हेल्दी विकल्पों को चुन सकते हैं
- ओट्स चीला
- बेसन चीला
- वेजिटेबल स्मूदी
- वेजिटेबल उपमा
एक्सपर्ट के मुताबिक आप नाश्ते में अंडे और कॉफी का सेवन सीमित मात्रा में ही करें, इसे आदत नहीं बनाएं। लंबे समय में यह नाश्ता आपकी आंतों की सेहत पर नकारात्मक असर डाल सकता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और संबंधित विशेषज्ञों से बातचीत के आधार पर तैयार किया गया है। किसी भी नई डाइट या हेल्थ रूटीन को शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह अवश्य लें।
