खराब डाइट और बिगड़ते लाइफस्टाइल की वजह से कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स बढ़ने की समस्या कम उम्र में ही लोगों को परेशान कर रही है। खून में इन गंदे फैट्स की मात्रा बढ़ने से हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। खून में जमा इस गंदगी को कंट्रोल करने के लिए लाइफस्टाइल और डाइट में सुधार करना जरूरी है, साथ ही कुछ देसी चीजें भी इसे कंट्रोल करने में मदद करती है। किचन में मौजूद लहसुन, दालचीनी और मेथी दाना ऐसे मसाले हैं जिनका अलग-अलग तरह से इस्तेमाल कर पानी तैयार करने से खराब कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में मदद मिलती है।
डॉ. भूषण भूषण रिसर्च लैब के संस्थापक और मुख्य वैज्ञानिक डॉक्टर भूषण ने कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड को कंट्रोल करने के लिए लहसुन,दालचीनी और मेथी दाना का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। एक्सपर्ट ने बताया ये मसाले आसानी से दिल के दुश्मन इस गंदे फैट को कंट्रोल कर सकते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि किचन में मौजूद ये मसाले कैसे ट्राई ग्लिसराइड को कंट्रोल करते हैं और इस पानी को कैसे तैयार किया जाए।
कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड पर कैसे असर करते हैं यह मसाले ?
- लहसुन (Garlic) में ‘एलिसिन’ (Allicin) नामक एक एक्टिव कंपाउंड पाया जाता है। मेडिकल रिसर्च के अनुसार, एलिसिन लीवर में कोलेस्ट्रॉल के उत्पादन को धीमा करता है और नसों में ब्लॉकेज की प्रक्रिया को कंट्रोल करता है।
- दालचीनी (Cinnamon) एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होती है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक यह न केवल बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL) और ट्राइग्लिसराइड्स को कम करने में मदद करती है, बल्कि गुड कोलेस्ट्रॉल (HDL) के स्तर को भी बनाए रखती है। साथ ही यह इंसुलिन सेंसिटिविटी को सुधारती है।
- मेथी दाना (Fenugreek Seeds) में प्रचुर मात्रा में सॉल्युबल फाइबर यानी घुलनशील फाइबर होता है। यह फाइबर आंतों में कोलेस्ट्रॉल और पित्त एसिड के अवशोषण (Absorption) को कम करता है, जिससे खून में ट्राइग्लिसराइड का स्तर प्राकृतिक रूप से घटने लगता है।
कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करने के लिए लहसुन का ऐसे करें सेवन
अगर आप हाई कोलेस्ट्रॉल को नेचुरल तरीके से कंट्रोल रखना चाहते हैं, तो लहसुन को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। इसके लिए 3-4 लहसुन की कलियों को छीलकर अच्छी तरह कूट लें। अब एक गिलास गुनगुने या सामान्य तापमान वाले नींबू पानी में इसे मिलाएं। अगर आपको डायबिटीज नहीं है, तो स्वाद और अतिरिक्त एंटीऑक्सीडेंट लाभ के लिए इसमें एक चम्मच शहद भी मिला सकते हैं।
इस ड्रिंक का सेवन सुबह खाली पेट करें और पीने के बाद कम से कम एक घंटे तक कुछ भी खाने से बचें। लहसुन में मौजूद एलिसिन (Allicin) नामक सक्रिय यौगिक कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कंट्रोल रखने और दिल को हेल्दी बनाने में मददगार माना जाता है। हालांकि, इसका असर व्यक्ति की डाइट, जीवनशैली और स्वास्थ्य स्थिति पर भी निर्भर करता है। इसलिए केवल इस घरेलू उपाय के भरोसे दवा बंद न करें।
मेथी दाना और दालचीनी भी हो सकते हैं फायदेमंद
कोलेस्ट्रॉल मैनेज करने के लिए मेथी दाना और दालचीनी का सेवन भी लाभकारी माना जाता है। एक गिलास पानी में एक छोटा टुकड़ा दालचीनी या आधा से एक चम्मच दालचीनी पाउडर डालकर रातभर भिगो दें। सुबह इस पानी को छानकर पी सकते हैं। वहीं, मेथी दाना घुलनशील फाइबर (Soluble Fiber) का अच्छा स्रोत है, जो शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) और ट्राइग्लिसराइड के स्तर को कंट्रोल करने में सहायक हो सकता है। बेहतर परिणाम के लिए इन उपायों के साथ संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना भी जरूरी है।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी और जागरूकता के उद्देश्य से साझा किया गया है। लेख में दी गई सलाह, सुझाव और घरेलू उपाय स्वास्थ्य विशेषज्ञों के सामान्य अनुभवों और पारंपरिक न्यूट्रिशन डेटा पर आधारित हैं। हाई कोलेस्ट्रॉल और ट्राईग्लिसराइड एक गंभीर चिकित्सीय स्थिति है, जिसके लिए उचित मेडिकल सुपरविजन जरूरी है। इसलिए, इस उपाय को आजमाने से पहले हमेशा अपने कार्डियोलॉजिस्ट या पारिवारिक डॉक्टर से व्यक्तिगत परामर्श अवश्य लें।
