अक्सर दिनभर की भागदौड़ या थकान के बाद पैरों में हल्की सूजन या झुनझुनी होना आम बात मानी जाती है। यही वजह है कि अधिकांश लोग इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हमारे पैरों में दिखने वाले ये छोटे-छोटे बदलाव असल में शरीर के भीतर पनप रही किसी बड़ी बीमारी की शुरुआती चेतावनी (Early Warning Signs) भी हो सकते हैं? आयुर्वेदिक डॉक्टर दिव्यानी भगत के मुताबिक पैरों की नसें और रक्त संचार हमारे दिल, किडनी और नर्वस सिस्टम की सेहत से सीधे जुड़े होते हैं जो किसी गंभीर बीमारी का इशारा हो सकते हैं, ताकि आप समय रहते सही पहचान कर सकें।

पैरों में होने वाले छोटे-छोटे बदलावों को थकान मानकर अक्सर हम नजरअंदाज कर देते हैं। मेडिकल साइंस के अनुसार पैरों में लगातार सूजन रहना, झुनझुनी होना या पैरों का अचानक ठंडा पड़ जाना सामान्य नहीं होता। डॉक्टर दिव्यानी भगत के मुताबिक, इन संकेतों को सही समय पर पहचान कर बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। आइए जानते हैं कि पैरों में दिखने वाले वो कौन से लक्षण हैं जो किसी गंभीर बीमारी का इशारा हो सकते हैं और उनकी पहचान कैसे की जाए।

पैरों में लगातार सूजन होना किडनी की समस्या का संकेत

डॉक्टर दिव्यानी भगत ने बताया अगर आपके पैरों में लगातार और बार-बार सूजन हो रही है, ये सूजन आपके पैर, टखनों या पंजों में लगातार बनी हुई है तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। डॉक्टर दिव्यानी भगत के मुताबिक यह किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित होने का संकेत हो सकता है। जब किडनी शरीर से अतिरिक्त तरल पदार्थ को सही तरीके से बाहर नहीं निकाल पाती, तो शरीर के निचले हिस्सों में सूजन दिखाई देने लगती है।

फटी एड़ियां सिर्फ ड्राईनेस नहीं बल्कि ओमेगा-3 की कमी

सर्दियों के अलावा अगर पूरे साल एड़ियां फटी रहती हैं और स्किन बहुत ज्यादा ड्राई महसूस होती है तो यह शरीर में ओमेगा-3 फैटी एसिड की कमी का संकेत हो सकता है। ओमेगा-3 फैटी एसिड स्किन की नमी बनाए रखने और कोशिकाओं को हेल्दी रखने में मदद करता है। ओमेगा-3 की कमी से स्किन को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता, जिसके कारण एड़ियां रूखी और फटी हुई नजर आ सकती हैं।

बार-बार पैरों में ऐंठन आना मैग्नीशियम की कमी का इशारा

रात में सोते समय या दिनभर में पैरों की नस चढ़ना, मांसपेशियों में खिंचाव या बार-बार ऐंठन होना शरीर में मैग्नीशियम की कमी का संकेत माना जाता है। यह मिनरल मांसपेशियों और नसों के सामान्य कामकाज के लिए जरूरी होता है। इसकी कमी से मांसपेशियों में दर्द और अकड़न की समस्या बढ़ सकती है।

पैरों में जलन महसूस होना डायबिटीज और थायराइड का हो सकता है शुरुआती लक्षण

अगर बिना किसी स्पष्ट कारण के पैरों के तलवों में जलन, गर्माहट या चुभन महसूस होती है, तो यह डायबिटीज से जुड़ी नसों की समस्या का संकेत हो सकता है। लंबे समय तक हाई ब्लड शुगर रहने से नसों को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे पैरों में जलन और असहजता महसूस होने लगती है। कुछ लोगों को मौसम सामान्य होने पर भी पैरों में लगातार ठंडक महसूस होती है। डॉक्टर के अनुसार, यह खराब ब्लड सर्कुलेशन, थायरॉयड विकार या डायबिटीज का संकेत हो सकता है।

पैरों में झुनझुनी होना विटामिन B12 की कमी का संकेत

अगर पैरों में बार-बार झुनझुनी, सुन्नपन या सुई चुभने जैसी अनुभूति होती है तो यह विटामिन B12 की कमी से जुड़ा हो सकता है। विटामिन B12 नसों को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक होता है। इसकी कमी होने पर तंत्रिका तंत्र प्रभावित हो सकता है और पैरों में असामान्य संवेदनाएं महसूस हो सकती हैं।

कब लें डॉक्टर की सलाह?

विशेषज्ञों का कहना है कि केवल इन लक्षणों के आधार पर किसी बीमारी की पुष्टि नहीं की जा सकती। यदि ये समस्याएं लगातार बनी रहें, बढ़ती जाएं या इनके साथ अन्य लक्षण भी दिखाई दें, तो डॉक्टर से परामर्श लेकर जरूरी जांच करानी चाहिए।

डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जागरूकता और शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। पैरों में दिखने वाले ये लक्षण अन्य सामान्य कारणों से भी हो सकते हैं। इसे किसी भी प्रकार की चिकित्सीय जांच या इलाज का विकल्प न माना जाए। किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले या लक्षण बने रहने पर योग्य डॉक्टर से व्यक्तिगत परामर्श और आवश्यक टेस्ट ज़रूर करवाएं।