वजन कम करना हो या दिल की सेहत को दुरुस्त रखना, आज के समय में लोग अपनी डाइट में सूरजमुखी के बीज (Sunflower Seeds) धड़ल्ले से शामिल कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर सूरजमुखी के बीज को एक लोकप्रिय और हेल्दी स्नैक के रूप में बढ़ा-चढ़ाकर बताया जा रहा है। लोग प्रभावित होकर सुपरफूड की लिस्ट में शुमार इन सीड्स को अपनी डाइट में बढ़-चढ़कर शामिल कर रहे हैं। इसमें कोई संदेह नहीं कि ये सीड्स फायदेमंद हैं, लेकिन आप जानते हैं कि इन्हें खाने का गलत तरीका उतना ही खतरनाक हो सकता है। कई लोग इन बीजों को इनके सख्त छिलके समेत ही चबा जाते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, यह छोटी सी लापरवाही आपके पाचन तंत्र को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। कुछ लोग इन सीड्स को तो फायदेमंद मानते ही है साथ ही उनके छिलकों को भी हेल्दी मान लेते हैं और उन्हें छिलकों के साथ खा लेते हैं।

आकाश हेल्थकेयर की हेड ऑफ डाइटेटिक्स डाइटिशियन गिन्नी कालरा बताती हैं कि सूरजमुखी के बीज के छिलके उतने सुरक्षित नहीं हैं, जितना लोग समझते हैं। डाइटिशियन गिन्नी कालरा के मुताबिक, सूरजमुखी के बीज के छिलके जहरीले नहीं होते, लेकिन ये सीड्स छिलकों के साथ खाने पर हमारे पाचन तंत्र पर दबाव डालते है। हमारा पाचन तंत्र उन्हें पचाने के लिए नहीं बना है। एक्सपर्ट ने बताया इन सीड्स में फाइबर की मात्रा बहुत ज्यादा होती है और इनकी संरचना काफी कठोर होती है, जिससे शरीर इन्हें आसानी से तोड़ और पचा नहीं पाता। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि सेहत के लिए उपयोगी सूरजमुखी के बीज छिलके के साथ खाने पर सेहत पर कैसा असर होता है।

छिलके साथ सूरजमुखी के बीज कैसे पहुंचाते हैं नुकसान?

सूरजमुखी के बीज की ऊपरी परत खुरदरी और नुकीली होती है जो पाचन तंत्र में जलन और असहजता पैदा कर सकती है। इन सीड्स को छिलकों के साथ खाने से टॉक्सिटी की समस्या नहीं, बल्कि इनके कारण होने वाली शारीरिक जलन की होती है। एक-दो सीड्स अगर छिलकों के साथ खाए जाएं तो वो आसानी से बॉडी से बाहर निकल जाते हैं लेकिन अगर ज्यादा मात्रा में सीड्स का सेवन छिलकों के साथ किया जाए तो वो पाचन तंत्र में जमा होकर गुच्छे (Clump) की तरह बन सकते हैं। इससे पेट और आंतों में जलन हो सकती है और दुर्लभ मामलों में आंतों में रुकावट (Blockage) भी पैदा हो सकती है। खासतौर पर बच्चों में यह खतरा अधिक हो सकता है।

सूरजमुखी के बीज छिलके समेत खाने पर बॉडी में दिखते हैं ये लक्षण

सूरजमुखी के बीज छिलके समेत खाने पर पेट में दर्द, कब्ज, मल त्याग में परेशानी और पेट में भारीपन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अधिकांश मामलों में हल्की परेशानी होती है जो अपने आप ठीक हो जाती है, लेकिन अगर दर्द या असुविधा लगातार बनी रहे तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।

छिलके के साथ सीड्स कैसे आंतो पर करते हैं असर?

डाइटिशियन गिन्नी कालरा का कहना है कि सूरजमुखी के बीज के छिलकों का नियमित सेवन नहीं करना चाहिए। बार-बार छिलके खाने से आंतों की अंदरूनी परत में लगातार घर्षण और जलन हो सकती है। समय के साथ यह कब्ज की समस्या बढ़ा सकते है और बवासीर (Hemorrhoids) या गुदा में दरार (Anal Fissure) जैसी समस्याओं को भी गंभीर बना सकते है। एक्सपर्ट ने बताया अगर लंबे समय तक इन सीड्स को छिलकों के साथ खाया जाए तो इससे बॉडी को कोई जहरीले तत्व नहीं मिलते बल्कि छिलकों की वजह से पाचन बिगड़ता है।

सूरजमुखी के बीज खाने का सही तरीका क्या है?

एक्सपर्ट के मुताबिक सूरजमुखी के बीज खाते समय हमेशा बाहरी छिलका हटाकर केवल अंदर का बीज ही खाना चाहिए। छिलके को निकालकर फेंक देना चाहिए, क्योंकि खाने योग्य हिस्सा केवल बीज होता है। अगर गलती से छिलके निगल जाएं तो घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन अपने लक्षणों पर नजर रखना जरूरी है। अगर लगातार पेट दर्द, उल्टी, कब्ज या मल त्याग न होने जैसी समस्याएं दिखाई दें तो यह आंतों में रुकावट का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञ द्वारा दी गई जानकारी पर आधारित है। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या या डाइट में बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।