अक्सर लोग पेट पर जमा होने वाली अतिरिक्त चर्बी (Belly Fat) को केवल सुंदरता या लुक से जोड़कर देखते हैं, लेकिन चिकित्सा विज्ञान की नजर में यह महज एक कॉस्मेटिक समस्या नहीं, बल्कि सेहत के लिए एक बड़ा रेड फ्लैग है। डॉक्टरों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार पेट के आसपास जमा होने वाला फैट दरअसल विसरल फैट (Visceral Fat) होता है, जो हमारे अंदरूनी अंगों को घेर लेता है। यही वजह है कि बेली फैट बढ़ने से टाइप-2 डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, फैटी लिवर और दिल की बीमारियों का जोखिम कई गुना बढ़ जाता है। राहत की बात यह है कि बिना किसी क्रैश डाइट या खतरनाक सप्लीमेंट्स के, केवल अपनी रोजमर्रा की आदतों में कुछ बुनियादी बदलाव करके इसे सुरक्षित तरीके से कम किया जा सकता है।

गैस्ट्रो लिवर हॉस्पिटल, स्वरूप नगर, कानपुर के गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. वी.के. मिश्रा के अनुसार, वजन कम करने के लिए डाइट और नियमित शारीरिक गतिविधि सबसे प्रभावी उपाय हैं, लेकिन बैली फैट को कम करना बहुत ज्यादा चुनौतीपूर्ण होता है। डॉ. मिश्रा बताते हैं कि पेट पर दिखाई देने वाली चर्बी के साथ-साथ शरीर के अंदर भी वसा जमा होती है। यह वसा लिवर, आंतों और अन्य आंतरिक अंगों के आसपास इकट्ठा होती है, जिसे विसरल फैट (Visceral Fat) कहा जाता है। यही फैट कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ाता है। आइए डॉक्टरों से सीधे और आसान शब्दों में समझते हैं कि पेट की अतिरिक्त चर्बी शरीर के लिए कितनी खतरनाक है और लाइफस्टाइल में वे कौन से 5 आसान व वैज्ञानिक बदलाव हैं जो इसे कम करने में आपकी मदद कर सकते हैं।

शरीर को पर्याप्त हाइड्रेट रखें

अगर आप पेट की चर्बी कम करना चाहते हैं तो दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। सही हाइड्रेशन मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाए रखने, भूख को कंट्रोल करने और ओवरईटिंग से बचाने में मदद करती है। पानी के अलावा बिना चीनी वाली ग्रीन टी, नींबू पानी या सादा छाछ जैसे हेल्दी ड्रिंक्स भी अच्छे विकल्प हैं। मीठे पेय और शुगर वाले जूस से बचें, क्योंकि ये अतिरिक्त कैलोरी बढ़ाकर वजन घटाने की कोशिश को प्रभावित कर सकते हैं।

Journal of Clinical Endocrinology and Metabolism में छपी एक प्रसिद्ध स्टडी के अनुसार, पर्याप्त पानी पीने से मेटाबॉलिक रेट (Thermogenesis) लगभग 30% तक बढ़ जाता है। इसका मतलब है कि पानी पीने के बाद आपका शरीर आराम की स्थिति में भी ज्यादा कैलोरी बर्न करता है। पानी फैट बर्निंग प्रोसेस (Lipolysis) के लिए बेहद जरूरी है। इसके अलावा, जब आप भोजन से पहले पानी पीते हैं, तो यह पेट को भरा हुआ महसूस कराता है, जिससे कैलोरी का सेवन अपने आप कम हो जाता है।

रिफाइंड कार्ब्स कम करें, प्रोटीन और हेल्दी फैट बढ़ाएं

पेट की चर्बी घटाने के लिए सफेद चावल, मैदा और चीनी जैसे रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट सीमित करें। इनके बजाय दालें, पनीर, अंडे, मछली, दही और साबुत अनाज जैसे प्रोटीन स्रोत चुनें। हेल्दी फैट के लिए बादाम, अखरोट, अलसी और चिया सीड्स को डाइट में शामिल करें। यह कॉम्बिनेशन लंबे समय तक पेट भरा रखता है, ब्लड शुगर को स्थिर रखने में मदद करता है और अनहेल्दी स्नैकिंग की आदत कम करता है। The American Journal of Clinical Nutrition की रिसर्च बताती है कि रिफाइंड कार्ब्स जैसे मैदा, चीनी खाने से इंसुलिन का स्तर तेजी से बढ़ता है, जो शरीर को फैट स्टोर करने का संकेत देता है। इसके विपरीत, जब आप कॉम्प्लेक्स कार्ब्स और हेल्दी फैट का सेवन करते हैं तो इंसुलिन स्थिर रहता है। इंसुलिन का स्तर कम रहने से शरीर जमा हुई चर्बी (Fat Stores) को ऊर्जा के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर देता है, जिससे पेट की चर्बी तेजी से घटती है।

मीठे और प्रोसेस्ड फूड्स से दूरी बनाएं

मिठाइयां, केक, पेस्ट्री, बिस्कुट, कोल्ड ड्रिंक्स और पैकेज्ड स्नैक्स में चीनी और कैलोरी अधिक होती है, जबकि पोषण कम मिलता है। इनका नियमित सेवन शरीर में अतिरिक्त फैट जमा होने का कारण बन सकता है, खासकर पेट के आसपास। यदि मीठा खाने की इच्छा हो तो ताजे फल या सीमित मात्रा में बिना चीनी वाले हेल्दी विकल्प चुनें। इससे वजन नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है। Journal of Clinical Investigation में प्रकाशित एक रिसर्च बताती है कि जो लोग Soft Drinks और Packed Juice का अधिक सेवन करते हैं, उनके लीवर और पेट के आसपास Visceral Fat सबसे ज्यादा जमा होता है। चीनी में मौजूद फ्रुक्टोज सीधे लीवर में जाकर फैट में बदल जाता है। मीठी चीजें खाना बंद करते ही लीवर पर लोड कम होता है और शरीर में नया फैट बनना रुक जाता है।

हर भोजन में प्रोटीन जरूर शामिल करें

प्रोटीन वजन घटाने के दौरान सबसे महत्वपूर्ण पोषक तत्वों में से एक माना जाता है। यह मांसपेशियों को सुरक्षित रखने, मेटाबॉलिज्म को सपोर्ट करने और लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करता है। दालें, राजमा, छोले, लो-फैट पनीर, अंडे, सोया और दही जैसे खाद्य पदार्थ रोजाना की डाइट में शामिल करें। पर्याप्त प्रोटीन लेने से बार-बार भूख लगने की समस्या कम होती है और कैलोरी का सेवन भी नियंत्रित रहता है। Nutrition & Metabolism की एक स्टडी के अनुसार, प्रोटीन का TEF (Thermic Effect of Food) सबसे अधिक (20-30%) होता है। इसका मतलब है कि प्रोटीन को पचाने के लिए शरीर को खुद अपनी बहुत सारी कैलोरी खर्च करनी पड़ती है। प्रोटीन खाने से ‘घ्रेलिन यानी भूख बढ़ाने वाला हार्मोन का स्तर गिरता है और ‘पेप्टाइड YY’ यानी पेट भरने का अहसास कराने वाला हार्मोन बढ़ता है। इससे आप बिना भूखे रहे कम कैलोरी खाते हैं।

नमक का सेवन सीमित रखें

जरूरत से ज्यादा नमक खाने से शरीर में पानी रुकने लगता है, जिससे सूजन और पेट फूला हुआ महसूस हो सकता है। प्रोसेस्ड फूड्स, नमकीन स्नैक्स, अचार और पैकेज्ड खाद्य पदार्थों में सोडियम अधिक होता है। इनके सेवन को सीमित रखें और भोजन का स्वाद बढ़ाने के लिए नींबू, हर्ब्स और मसालों का उपयोग करें। संतुलित मात्रा में नमक लेना ब्लड प्रेशर के साथ-साथ वजन कंट्रोल करने के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। Harvard T.H. Chan School of Public Health की रिपोर्ट्स के मुताबिक अधिक सोडियम (नमक) शरीर के सेल्स में पानी को रोककर रखता है। इसके अलावा, हालिया न्यूट्रिशन स्टडीज बताती हैं कि ज्यादा नमक खाने से भूख ज्यादा लगती है और लोग ओवरईटिंग के शिकार हो जाते हैं। नमक कम करते ही शरीर में जमा अतिरिक्त पानी बाहर निकल जाता है, जिससे पेट का भारीपन तुरंत कम होता है और पेट सपाट दिखने लगता है।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी केवल शैक्षणिक और सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से है। इसे किसी भी तरह की पेशेवर चिकित्सा सलाह (Medical Advice), निदान (Diagnosis) या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी डाइट, लाइफस्टाइल या वर्कआउट रूटीन में कोई भी बड़ा बदलाव करने से पहले हमेशा किसी प्रमाणित डॉक्टर या योग्य आहार विशेषज्ञ (Dietitian) से परामर्श जरूर करें।