आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अक्सर नाश्ता छोड़ देते हैं, लेकिन सेहत को लेकर सजग रहने के लिए विटामिन सप्लीमेंट लेना नहीं भूलते। खासतौर पर विटामिन B12, जो थकान दूर करने, नसों की सेहत सुधारने और इसकी कमी से जुड़ी समस्याओं में आमतौर पर लिया जाता है। ऐसे में लोगों के मन में अक्सर सवाल उठता है कि क्या विटामिन B12 खाली पेट लेना सुरक्षित है? इस सवाल का जवाब दिया है डॉ. अरविंदा एस. एन., लीड कंसल्टेंट – इंटरनल मेडिसिन, एस्टर आरवी हॉस्पिटल ने। आइए जानते हैं…

विटामिन B12 और खाने का क्या है कनेक्शन?

डॉ. अरविंदा के मुताबिक, विटामिन B12 उन गिने-चुने सप्लीमेंट्स में से एक है जिसे खाने के साथ या बिना खाए, दोनों तरह से लिया जा सकता है। उनका कहना है कि विटामिन B12 का अवशोषण खाने की मौजूदगी या गैर-मौजूदगी से ज्यादा प्रभावित नहीं होता। चूंकि यह वॉटर-सॉल्युबल विटामिन है, इसलिए इसे पचने के लिए फैट या किसी खास पोषक तत्व की जरूरत नहीं होती। यही वजह है कि इसे खाली पेट लेने पर भी शरीर अच्छे से अवशोषित कर लेता है।

विटामिन B12 खाली पेट लेने से क्या होता है?

कुछ मामलों में खाली पेट विटामिन B12 लेने से इसका असर थोड़ा तेज महसूस हो सकता है, खासकर जब आप च्यूएबल या सबलिंगुअल (जीभ के नीचे रखने वाली) टैबलेट लेते हैं। डॉ. अरविंदा बताते हैं कि खाली पेट लेने पर पाचन के दौरान दूसरे पोषक तत्वों से कोई कम्पटीशन नहीं होता, जिससे इसका असर जल्दी दिख सकता है। यानी अगर आपको जल्दी एनर्जी की जरूरत हो या डॉक्टर ने सलाह दी हो, तो खाली पेट B12 लेना नुकसानदेह नहीं है।

क्या खाली पेट लेने से कोई साइड इफेक्ट हो सकता है?

डॉक्टर के अनुसार, कुछ लोगों को खाली पेट विटामिन B12 लेने से हल्की-फुल्की समस्याएं हो सकती हैं, जैसे – मिचली, पेट में जलन, गैस या ब्लोटिंग, मुंह में अजीब सा मेटैलिक स्वाद आना। हालांकि, ये लक्षण आमतौर पर हल्के और अस्थायी होते हैं और कुछ समय में अपने आप ठीक हो जाते हैं।

किन लोगों को खाली पेट B12 लेने से बचना चाहिए?

डॉ. अरविंदा के मुताबिक, कुछ लोगों के लिए विटामिन B12 खाने के बाद लेना ज्यादा बेहतर रहता है, जैसे – जिन्हें एसिड रिफ्लक्स की समस्या हो, गैस्ट्राइटिस या पेट के छाले (पेप्टिक अल्सर) से परेशान लोग, जिनका पेट बहुत सेंसिटिव रहता है, गर्भवती महिलाएं, जिन्हें मॉर्निंग सिकनेस होती है और जो एक साथ कई दवाएं या सप्लीमेंट्स लेते हैं। ऐसे मामलों में खाली पेट B12 लेने से पेट में जलन या एसिडिटी बढ़ सकती है।

क्या विटामिन B12 से ओवरडोज का खतरा है?

इस पर डॉ. अरविंदा कहते हैं कि विटामिन B12 से ओवरडोज का खतरा बहुत कम होता है। क्योंकि यह वॉटर-सॉल्युबल विटामिन है, शरीर जरूरत से ज्यादा मात्रा को पेशाब के ज़रिए बाहर निकाल देता है। बहुत ही दुर्लभ मामलों में कुछ लोगों को सिरदर्द या चक्कर जैसी शिकायत हो सकती है, लेकिन ऐसे मामले बेहद कम देखे जाते हैं।

विटामिन B12 लेने का सही तरीका क्या है?

डॉक्टरों के मुताबिक, विटामिन B12 एक सुरक्षित सप्लीमेंट है। इसे लेने का सही समय व्यक्ति की पाचन क्षमता और शरीर की प्रतिक्रिया पर निर्भर करता है। अगर आपका पेट ठीक रहता है तो आप खाली पेट भी ले सकते हैं। वहीं, अगर पेट संवेदनशील है तो भोजन के बाद लेना बेहतर है। अगर B12 लेने के बाद लगातार कोई परेशानी महसूस हो, तो खुद फैसला लेने के बजाय डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

निष्कर्ष

विटामिन B12 खाली पेट लेना आमतौर पर सुरक्षित है और कई लोगों के लिए फायदेमंद भी साबित हो सकता है। हालांकि, हर व्यक्ति का शरीर अलग होता है। इसलिए अपने शरीर के संकेतों को समझना और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह लेना चाहिए।

डिस्क्लेमर

यह स्टोरी सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार की गई है। किसी भी तरह के स्वास्थ्य संबंधी बदलाव या डाइट में परिवर्तन करने से पहले अपने डॉक्टर या योग्य हेल्थ एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।

क्या आपको भी बिना वजह रोना आ जाता है? एक्सपर्ट के मुताबिक रोना तनाव घटाता है, मन हल्का करता है और मानसिक सेहत के लिए फायदेमंद है। पूरी जानकारी के लिए लिंक पर क्लिक करें।