पेशाब से जुड़ी समस्याएं बहुत ज्यादा परेशान करती हैं। बार-बार पेशाब आना, पेशाब में जलन या दर्द होना और पेशाब करने के बाद भी ब्लैडर पूरा खाली न होने का अहसास होना यूरिन से जुड़ी आम परेशानियां हैं। कई बार ये समस्या बैक्टीरियल संक्रमण के कारण होती है, जिसे यूटीआई (Urinary Tract Infection) कहा जाता है। समय पर इलाज न मिलने पर संक्रमण बढ़कर बुखार, पेट या कमर दर्द और किडनी तक फैलने का खतरा पैदा कर सकता है। इसके अलावा प्रोस्टेट बढ़ना, ओवरएक्टिव ब्लैडर, डायबिटीज, अत्यधिक चाय-कॉफी का सेवन, कम पानी पीना या यौन संचारित संक्रमण भी यूरिन से जुड़ी समस्याएं हैं जो लोगों को तंग करती है।

यूनानी चिकित्सा के जानकार डॉ. अनिल शर्मा के अनुसार, बार-बार पेशाब आना या पेशाब के बाद भी अधूरापन महसूस होने जैसे लक्षणों को कुछ हर्बल उपायों से ठीक किया जा सकता है। एक्सपर्ट ने बताया यूरिन से जुड़ी हल्की समस्याओं में कुछ पारंपरिक उपाय मददगार माने जाते हैं।

यूरिन से जुड़ी परेशानियों का इलाज करने के लिए एक्सपर्ट ने कबाब चीनी और मिश्री को सही कॉम्बिनेशन में खाने की सलाह दी है।कबाब चीनी जिसे शीतल चीनी भी कहा जाता है। ये चीनी मूत्र मार्ग को शांत करने और जलन कम करने में सहायक मानी जाती है। अगर इस चीनी को बारीक पीसकर मिश्री के साथ मिलाकर सीमित मात्रा में लिया जाए तो रुक-रुक कर पेशाब आने और हल्की जलन जैसी परेशानी में राहत मिल सकती है।

कबाबी चीनी कैसे यूरिन की परेशानी का करती है इलाज

कबाब चीनी एक पारंपरिक औषधीय मसाला है, जिसका उपयोग आयुर्वेद और यूनानी चिकित्सा पद्धति में लंबे समय से किया जाता रहा है। दिखने में यह काली मिर्च जैसी होती है, लेकिन इसके सिरे पर छोटी-सी डंठल होती है। स्वाद में हल्की कड़वी और तीखी होती है। इसकी तासीर गर्म मानी जाती है। ये जड़ी-बूटी कई शारीरिक समस्याओं में सहायक बताई जाती है। आयुर्वेद में कबाबी चीनी को श्वसन तंत्र को साफ रखने वाला बताया गया है। ये खांसी और बलगम कम करने तथा पाचन संबंधी दिक्कतों जैसे गैस, अपच और एसिडिटी में राहत देने में असरदार साबित होती है। इसके अलावा इसे यूरिन से जुड़ी परेशानियों में भी असरदार माना जाता है।

बार-बार पेशाब आना, पेशाब के दौरान जलन या अधूरापन महसूस होने जैसी स्थितियों में यह हर्ब बेहद मददगार साबित होती है। इसमें पाए जाने वाले प्राकृतिक एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-बैक्टीरियल गुण मूत्र मार्ग की सूजन कम करने और संक्रमण को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। यूरिन से जुड़े गंभीर लक्षण होने पर विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है।

कबाबी चीनी को लेकर मेडिकल साइंस क्या कहती है?

वैज्ञानिक रूप से कबाबी चीनी (Piper cubeba) में पिपेरिन और कुछ एसेंशियल ऑयल्स होते हैं जो मूत्र मार्ग के संक्रमण (UTI) में सूजन कम करने में सहायक माने जाते हैं। मिश्री इसकी तासीर को ठंडा करने के लिए मिलाई जाती है। लेकिन बिना लैब रिपोर्ट के इसे इलाज बताना Misleading माना जाएगा।

कबाब चीनी का सेवन कैसे करें?

यूरिन से जुड़ी परेशानियों का इलाज करने के लिए आप कबाबी चीनी का सेवन उसका पाउडर बनाकर कर सकते हैं। लगभग 1 ग्राम कबाब चीनी का बारीक चूर्ण लें और उसमें करीब 2 ग्राम मिश्री पाउडर मिलाकर दिन में दो बार गुनगुने पानी के साथ उसका सेवन करें। याद रखें कि मात्रा बहुत अधिक न रखें। करीब एक चौथाई चम्मच पर्याप्त माना जाता है।
आप इसका सेवन सुबह खाली पेट भी कर सकते हैं। सुबह खाली पेट 1–2 दाने हल्के चबाकर खा लें।
कबाबी चीनी का सेवन आप उसकी चाय बनाकर भी कर सकते हैं। इसका सेवन करने से पेशाब में जलन, बार-बार पेशाब लगना और हल्की सूजन जैसी समस्याओं में राहत मिल सकती है।

डिस्क्लेमर:

इस लेख में साझा की गई जानकारी केवल सामान्य जागरूकता और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार के विकल्प के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। अपनी डाइट, एक्सरसाइज या दवाओं में कोई भी बदलाव करने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति के मामले में तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।