अच्छी सेहत के लिए वजन का कंट्रोल होना हर उम्र में जरूरी है। वजन को कंट्रोल करने के लिए अक्सर लोग जिम और डाइट का सहारा लेते हैं लेकिन कुछ लोग ऐसे भी हैं जो ना डाइटिंग करते हैं और ना ही वर्कआउट करते हैं फिर भी उनका वजन कम होने लगता है। बिना किसी प्रयास के वजन का कम होना खतरे का संकेत हो सकता है। हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक छह महीने के अंदर शरीर के कुल वजन में 5 प्रतिशत से अधिक की गिरावट को अनएक्सप्लेंड वेट लॉस (Unexplained Weight Loss) कहा जाता है। अक्सर हम इसे काम की थकान या तनाव समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन इसके पीछे छिपी वजहें सामान्य मेटाबॉलिज्म से लेकर गंभीर बीमारियों तक हो सकती हैं। 

गैस्ट्रो लिवर हॉस्पिटल, स्वरूप नगर कानपुर के डॉक्टर वी.के. मिश्रा बताते हैं कि बिना किसी स्पष्ट कारण के तेजी से वजन घटना कई स्वास्थ्य समस्याओं की ओर इशारा कर सकता है।  इसलिए इसके पीछे के कारणों को समय रहते पहचानना जरूरी है। बेवजह वजन का कम होना थायराइड, डायबिटीज और लीवर ही नहीं बल्कि और भी कई बीमारियों का संकेत हो सकते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि वजन कम होने के लिए कौन कौन से कारण जिम्मेदार हो सकते हैं।

हाइपरथायरायडिज्म (Hyperthyroidism)

थायराइड ग्रंथि शरीर के मेटाबॉलिज्म को कंट्रोल  करती है। जब ये ग्रंथि जरूरत से ज्यादा हार्मोन बनाने लगती है तो इसे हाइपरथायरॉइडिज्म कहा जाता है। इस स्थिति में शरीर का मेटाबॉलिज्म बहुत तेज हो जाता है, जिससे शरीर कैलोरी तेजी से बर्न करता है। इसके कारण व्यक्ति का वजन बिना किसी प्रयास के कम होने लगता है। इसके साथ ही दिल की धड़कन तेज होना, घबराहट, हाथ कांपना, ज्यादा पसीना आना और नींद में कमी जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं। अगर इन लक्षणों के साथ वजन तेजी से घट रहा है तो थायराइड की जांच कराना जरूरी है।

अनियंत्रित डायबिटीज (Uncontrolled Diabetes)

डायबिटीज के मरीजों में भी अचानक वजन कम होने की समस्या देखी जा सकती है, खासकर जब ब्लड शुगर लंबे समय तक कंट्रोल में न हो। इस स्थिति में शरीर ऊर्जा के लिए ग्लूकोज का सही इस्तेमाल नहीं कर पाता। परिणामस्वरूप शरीर ऊर्जा पाने के लिए फैट और मसल्स को तोड़ना शुरू कर देता है, जिससे तेजी से वजन कम होने लगता है। इसके साथ बार-बार पेशाब आना, ज्यादा प्यास लगना, थकान और धुंधला दिखाई देना जैसे लक्षण भी हो सकते हैं। इसलिए अचानक वजन कम होने पर ब्लड शुगर की जांच कराना जरूरी होता है।

डिप्रेशन या मानसिक तनाव

मानसिक स्वास्थ्य का असर शरीर के वजन पर भी पड़ता है। डिप्रेशन, चिंता या लंबे समय तक तनाव रहने से व्यक्ति की भूख कम हो सकती है। कई लोग ऐसी स्थिति में खाना कम कर देते हैं या उनकी खाने में रुचि ही खत्म हो जाती है जिसकी वजह से बॉडी को पर्याप्त कैलोरी और पोषण नहीं मिल पाता, जिससे धीरे-धीरे वजन कम होने लगता है। इसके साथ थकान, उदासी, नींद की समस्या, काम में मन न लगना और सामाजिक गतिविधियों से दूरी जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं।

लीवर से जुड़ी समस्याएं

लीवर शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग है जो पाचन, पोषक तत्वों के मेटाबॉलिज्म और डिटॉक्सिफिकेशन में अहम भूमिका निभाता है। अगर लीवर सही तरीके से काम नहीं करता तो शरीर को जरूरी पोषण नहीं मिल पाता। फैटी लिवर, हेपेटाइटिस या लीवर सिरोसिस जैसी समस्याओं में भूख कम होना, कमजोरी और वजन घटना आम लक्षण हो सकते हैं। कई बार लोगों को लंबे समय तक लिवर की बीमारी का पता भी नहीं चलता और धीरे-धीरे वजन कम होता रहता है।

आंतों की समस्या और मालअब्सॉर्प्शन

कुछ लोगों में आंतें खाने से मिलने वाले पोषक तत्वों को सही तरीके से अवशोषित नहीं कर पातीं। इस स्थिति को मालएब्सॉर्प्शन सिंड्रोम कहा जाता है। जब शरीर को खाने से पर्याप्त पोषण नहीं मिलता, तो वजन धीरे-धीरे कम होने लगता है। इसके साथ बार-बार दस्त होना, पेट में दर्द, गैस, कमजोरी और पोषण की कमी जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं। ऐसी स्थिति में गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट से जांच कराना जरूरी होता है।

कैंसर की संभावना

अचानक और बिना कारण के तेजी से वजन कम होना कई प्रकार के कैंसर के शुरुआती संकेत भी हो सकते हैं। कैंसर होने पर शरीर की ऊर्जा की जरूरत बढ़ जाती है और मेटाबॉलिज्म में बदलाव आ सकता है, जिससे वजन घटने लगता है। हालांकि हर बार वजन कम होना कैंसर का संकेत नहीं होता, लेकिन अगर इसके साथ लगातार कमजोरी, भूख कम होना, दर्द या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।

निष्कर्ष

अगर आपका वजन बिना किसी डाइट या एक्सरसाइज के लगातार कम हो रहा है तो इसे हल्के में न लें। समय पर जांच कराकर कारण का पता लगाना जरूरी है, ताकि गंभीर बीमारी होने की स्थिति में इलाज जल्दी शुरू किया जा सके।

डिस्क्लेमर:

यह जानकारी केवल सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से दी गई है। इसे किसी भी प्रकार की पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। यदि आपका वजन बिना किसी स्पष्ट कारण के तेजी से कम हो रहा है या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दे रहे हैं, तो सही जांच और उपचार के लिए डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें।