Bloating After Heavy Meals: खाना खाते ही पेट फूलना या गैस बनना पाचन तंत्र से जुड़ी एक आम समस्या है, लेकिन इसे लगातार नज़रअंदाज़ करना भारी पड़ सकता है। अक्सर पेट में बनने वाली गैस, भारीपन और ब्लोटिंग (Bloating) न केवल हमारी रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करती है, बल्कि यह आपके गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल हेल्थ (Gastrointestinal Health) के खराब होने का भी संकेत देती है। कई बार हैवी मील यानी ज्यादा या भारी खाना खाने के बाद पेट फूला हुआ महसूस होने लगता है। पेट में भारीपन, कसाव, गैस और बेचैनी जैसी समस्याएं कभी-कभी होना खराब डाइट का नतीजा है लेकिन जब ये रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करने लगे तो परेशानी का सबब बन सकती है।

बेंगलुरु के साइटकेयर हॉस्पिटल्स में जीआई एवं एचपीबी सर्जरी के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. आदित्य वी. नरगुंड के मुताबिक, भारी भोजन करने पर पाचन तंत्र को एक बार में सामान्य से अधिक मात्रा में खाना पचाना पड़ता है। ज्यादा खाने से पेट फैलता है और पेट से भोजन को छोटी आंत में पहुंचने में अधिक समय लग सकता है। जब पेट खाली होने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है, तो पेट में भारीपन और असहजता महसूस हो सकती है। इसके अलावा, पाचन के दौरान भोजन के टूटने और आंतों में मौजूद बैक्टीरिया की गतिविधि से गैस भी बन सकती है।

पेट में ब्लोटिंग क्यों होती है?

वसा, रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट और नमक से भरपूर भोजन का सेवन पेट में भारीपन की परेशानी बढ़ा सकता है। जब पेट और आंतों को एक बार में अधिक मात्रा में भोजन पचाना पड़ता है, तो पाचन प्रक्रिया धीमी हो सकती है। इससे गैस, अपच और पेट फूलने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि भारी भोजन से पहले, खाते समय और खाने के बाद किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, ताकि पेट में होने वाली गैस और ब्लोटिंग को कंट्रोल किया जा सके।

ज्यादा खाना खाने से क्यों फूलता है पेट?

डॉ. आदित्य वी. नरगुंड के मुताबिक भारी भोजन में अक्सर वसा, रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट और नमक की मात्रा अधिक होती है। खासकर ज्यादा वसा वाला खाना पेट से भोजन को आगे बढ़ने की प्रक्रिया धीमी कर सकता है। इसके अलावा ज्यादा खाना खाने के कारण अक्सर लोग जल्दी-जल्दी खाते हैं, जिससे वे अधिक हवा निगल सकते हैं। पेट का फैलना, धीमा पाचन और गैस का जमा होना मिलकर पेट में दबाव, भारीपन और ब्लोटिंग की परेशानी पैदा कर सकता हैं।

पेट फूलने और गैस से बचने के लिए अपनाएं ये 4 तरीके

हैवी फूड खाने से पहले फाइबर रिच फूड्स खाएं

अगर आप हैवी फूड खाना चाहते हैं तो उससे पहले थोड़ी मात्रा में फाइबर से भरपूर सब्जियां, हल्का सूप या सलाद का सेवन करें। डॉ. नरगुंड के मुताबिक ऐसे खाद्य पदार्थ भोजन के दौरान बहुत तेजी से खाने या जरूरत से ज्यादा खाने की आदत को कम करने में मदद कर सकते हैं। हालांकि हर इंसान का पाचन अलग अलग होता है कुछ लोगों को कच्ची सब्जियां नुकसान भी पहुंचा सकती हैं। अधिक फाइबर वाली चीजें खाने से उनमें गैस और ब्लोटिंग की परेशानी हो सकती है।

धीरे-धीरे खाएं और खाने को अच्छी तरह चबाकर खाएं

अगर आप ब्लोटिंग को कंट्रोल करना चाहते हैं तो खाने को धीरे-धीरे चबाकर खाएं। डॉक्टर के अनुसार खाना अच्छी तरह चबाने से वह छोटे टुकड़ों में टूट जाता है, जिससे पाचन एंजाइमों को भोजन पचाने में मदद मिलती है। खाना धीरे-धीरे चबाकर खाने से खाने के साथ पेट में हवा नहीं पहुंचती।

खाने के साथ कार्बोनेटेड ड्रिंक्स से परहेज करें

सोडा और दूसरे कार्बोनेटेड यानी बुलबुले वाले ड्रिंक पाचन तंत्र में अतिरिक्त गैस पहुंचा सकते हैं। इससे पहले से मौजूद ब्लोटिंग और पेट में भारीपन की परेशानी बढ़ सकती है। डॉ. नरगुंड के मुताबिक भोजन के दौरान सोडा या दूसरे गैस वाले पेय पदार्थ पीने के बजाय जरूरत के अनुसार थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पानी पीना बेहतर विकल्प हो सकता है। अपनी प्यास के अनुसार पानी पिएं और एक बार में बहुत अधिक मात्रा पीने से बचें, यदि इससे आपको असहजता होती है।

खाना खाने के बाद 10 से 15 मिनट टहलें

भारी भोजन करने के बाद तुरंत लेटने के बजाय हल्की सैर करना फायदेमंद हो सकता है। भोजन के बाद 10 से 15 मिनट तक हल्की सैर करने से आंतों की गतिविधियां सक्रिय रहने में मदद मिल सकती है। इससे भोजन को पाचन तंत्र में आगे बढ़ने में सहायता मिलती है और पेट में गैस और ब्लोटिंग भी कंट्रोल रहती है।

कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए?

कभी-कभार पेट फूलना डाइट की वजह से हो सकता है लेकिन अगर ब्लोटिंग लगातार बनी रहती है या बार-बार होती है, तो डॉक्टर से सलाह लें। पेट में तेज दर्द, लगातार उल्टी, मल में खून, बिना कोशिश वजन कम होना या मल और गैस बिल्कुल न निकल पाने के साथ पेट फूलना जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।

डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञ की सलाह पर आधारित है। किसी भी नई दिनचर्या या उपाय को अपनाने से पहले अपनी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार डॉक्टर से सलाह लें।