भागदौड़ भरी जिंदगी और अनहेल्दी लाइफस्टाइल के कारण आज डायबिटीज भारत में एक गंभीर समस्या बन चुकी है। ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने के लिए केवल सही खान-पान ही नहीं, बल्कि सही फिजिकल एक्टिविटी करना भी जरूरी है। डायबिटीज मरीज अक्सर इस बात को लेकर असमंजस में रहते हैं कि क्या बिना जिम जाए रोज सीढ़ियां चढ़ने-उतरने जैसी साधारण आदत से ब्लड शुगर कंट्रोल हो सकता है, या फिर इसके लिए जिम जाकर हैवी वर्कआउट और वेट ट्रेनिंग करना ही ज्यादा फायदेमंद है?

जब ब्लड शुगर को कंट्रोल करने की बात आती है, तो आमतौर पर जिम में वर्कआउट जैसे नियमित व्यायाम पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया जाता है। हालांकि, कई लोग दिन का ज्यादातर समय बैठकर बिताते हैं, भले ही वो 30 या 60 मिनट का वर्कआउट कर लेते हों। ऐसे में यह सवाल उठता है कि क्या दिनभर थोड़ी-थोड़ी देर पर शारीरिक गतिविधियां करना जैसे सीढ़ियां चढ़ना, टहलने के लिए ब्रेक लेना या लंबे समय तक लगातार बैठने से बचना, ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में फायदा दे सकता है।

कंसल्टेंट डाइटिशियन और डायबिटीज एजुकेटर कनिका मल्होत्रा ने Indianexpress को बताया ब्लड शुगर को कंट्रोल करने के उद्देश्य से व्यायाम कितनी बार किया जाता है, यह उसकी अवधि जितना ही महत्वपूर्ण हो सकता है। जिम में एक बार किया गया वर्कआउट शरीर की समग्र फिटनेस बेहतर बनाने में मदद करता है, लेकिन दिन के बाकी समय में लंबे वक्त तक बैठे रहने से होने वाले प्रभावों को पूरी तरह दूर नहीं कर सकता। दिन के बाकी 23 घंटे भी मेटाबॉलिक हेल्थ के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि लंबे समय तक बैठे रहने से ब्लड शुगर कंट्रोल प्रभावित हो सकता है।

सीढ़ियां चढ़ने से सेहत पर कैसा होता है असर?

सीढ़ियां चढ़ना एक ऐसी शारीरिक गतिविधि है, जिसमें शरीर की बड़ी मांसपेशियां सक्रिय होती हैं। इसे बिना जिम जाएं कम समय में भी किया जा सकता है। खाने के बाद थोड़ी देर चलना या लंबे समय तक बैठने के बीच छोटी-छोटी एक्टिविटी ब्रेक लेना मांसपेशियों को ग्लूकोज का बेहतर इस्तेमाल करने में मदद कर सकता है। इससे भोजन के बाद ब्लड शुगर में होने वाली अचानक बढ़ोतरी को कम करने में भी मदद मिल सकती है।

वहीं, नियमित वर्कआउट भी जरूरी है, क्योंकि इससे दिल की सेहत, मांसपेशियों की ताकत और लंबे समय तक मेटाबॉलिक हेल्थ बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है। ऐसे में सवाल उठता है कि ब्लड शुगर को कंट्रोल करने के लिहाज से दिनभर थोड़ी-थोड़ी शारीरिक गतिविधि करना बेहतर है या एक बार में नियमित वर्कआउट करने से भी उतना ही या उससे ज्यादा फायदा मिल सकता है?

लंबे समय तक बैठने के बीच शारीरिक गतिविधि के छोटे-छोटे ब्रेक लेने से दिनभर ब्लड शुगर कंट्रोल को बेहतर बनाए रखने में भी मदद मिल सकती है। इसलिए जहां जिम में नियमित वर्कआउट लंबे समय में फिटनेस और मांसपेशियों को मजबूत बनाता है, वहीं दिनभर की छोटी गतिविधियां भोजन के बाद ब्लड शुगर में होने वाले उतार-चढ़ाव को कंट्रोल करने में उपयोगी हो सकती हैं। खासकर उन लोगों के लिए यह तरीका मददगार हो सकता है, जिन्हें खाने के बाद ब्लड शुगर बढ़ने की समस्या होती है।

डायबिटीज कंट्रोल के लिए सीढ़ियां चढ़ने का सही तरीका क्या है?

डायबिटीज एजुकेटर कनिका मल्होत्रा के अनुसार, सीढ़ियां चढ़ने जैसी शारीरिक गतिविधियों से फायदा पाने के लिए उनकी अवधि, आवृत्ति और तीव्रता पर ध्यान देना जरूरी है। इसके लिए हर बार लंबे समय तक सीढ़ियां चढ़ना जरूरी नहीं है। अपनी क्षमता के अनुसार थोड़ी देर सीढ़ियां चढ़ना या भोजन के बाद टहलना भी ब्लड शुगर कंट्रोल में मदद कर सकता है।

लंबे समय तक लगातार बैठने के बजाय बीच-बीच में उठकर चलना या हल्की शारीरिक गतिविधि करना भी उपयोगी है। भोजन के बाद ब्लड शुगर बढ़ने पर मांसपेशियां ग्लूकोज का इस्तेमाल करती हैं, जिससे शुगर के स्तर को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।

हालांकि, सीढ़ियां चढ़ने की कोई एक निश्चित मात्रा सभी लोगों के लिए उपयुक्त नहीं होती और इससे ब्लड शुगर सामान्य होने की गारंटी नहीं है। डायबिटीज के मरीज अपनी उम्र, फिटनेस और स्वास्थ्य के अनुसार गतिविधि चुनें। नियमित एरोबिक एक्सरसाइज और मांसपेशियों को मजबूत बनाने वाले व्यायाम को भी अपनी डेली रूटीन में शामिल करें।

सीढ़ियां चढ़ना या जिम, क्या है बेहतर?

ब्लड शुगर कंट्रोल करने के लिए दोनों तरह की गतिविधियों की अपनी अहम भूमिका है। खाने के बाद थोड़ी देर चलना, लंबे समय तक बैठने से बचना और अपनी क्षमता के अनुसार सीढ़ियां चढ़ना रोजमर्रा की दिनचर्या में आसानी से शामिल किया जा सकता है। वहीं, नियमित वर्कआउट मांसपेशियों की ताकत,दिल की सेहत और ओवर ऑल फिटनेस के लिए महत्वपूर्ण है।

डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञों से बातचीत पर आधारित है। अपनी दिनचर्या में कोई नया व्यायाम या बदलाव शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।