सर्दियों में बाजार में नजर आने वाली सफेद और कुरकुरी मूली सिर्फ सलाद का स्वाद बढ़ाने के लिए ही नहीं, बल्कि सेहत के लिहाज से भी खास है। कम कैलोरी और पानी से भरपूर मूली में फाइबर समेत कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। यही वजह है कि इसे संतुलित डाइट का हिस्सा माना जाता है। मूली पाचन को दुरुस्त रखने में मदद कर सकती है और फाइबर से भरपूर होने के कारण ब्लड शुगर भी कंट्रोल कर सकती है। इसके अलावा, इसमें मौजूद पानी शरीर को हाइड्रेट रखने में मददगार होता है।

एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ बिमल झांजेर के मुताबिक मूली में पानी की अच्छी मात्रा होती है। इसका सेवन रोजमर्रा के भोजन के जरिए शरीर को हाइड्रेट रखने में मददगार होता है। मूली में डाइटरी फाइबर पाया जाता है, जो पाचन को दुरुस्त रखने में मदद करता है। पर्याप्त फाइबर मल त्याग नियमित रखने और कब्ज से बचाव करने में मददगार होता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि मूली का सेवन कैसे सेहत को फायदा देता है और इसे पत्तों के साथ खाएं या बिना पत्तों के खाएं।

मूली के फायदे

मूली का सेवन करने से वजन कंट्रोल रहता है। मूली में कैलोरी कम होती है जो वजन कंट्रोल रखने में मदद करती है। इसे सलाद या हल्के नाश्ते के रूप में अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। इसमें मौजूद फाइबर पेट भरा होने का एहसास कराता है जिससे डाइट पर कंट्रोल होता है। मूली में विटामिन सी पाया जाता है, जो इम्यूनिटी को मजबूत करने में मदद करता है। विटामिन सी एक एंटीऑक्सीडेंट भी है, जो कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव तनाव से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करता है।

मूली में पोटैशियम सहित कुछ खनिज पाए जाते हैं जो शरीर के सामान्य कामकाज में योगदान देते हैं। मूली का सेवन करने से ब्लड शुगर को नॉर्मल रखने में मदद मिलती है। मूली में मौजूद विटामिन सी शरीर में कोलेजन बनाने की प्रक्रिया में योगदान देता है। कोलेजन स्किन की संरचना और सामान्य सेहत के लिए जरूरी प्रोटीन है। संतुलित आहार के हिस्से के रूप में मूली खाने से स्किन को जरूरी पोषक तत्व मिलते है।

क्या मूली का सेवन पत्तों के साथ कर सकते हैं?

मूली का सेवन उसके पत्तों के साथ किया जा सकता है। मूली के पत्तों और मूली में फाइबर, विटामिन और कई खनिज पाए जाते हैं। इन्हें संतुलित डाइट में शामिल करने से शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं। मूली के पत्तों में विटामिन सी, फोलेट और विटामिन के जैसे पोषक तत्व भी पाए जाते हैं जो हमारी बॉडी को हेल्दी रखते हैं। मूली और उसके पत्तों में मौजूद फाइबर मल त्याग को नियमित रखने और कब्ज से निजात दिलाने में असरदार साबित होते हैं। कुछ लोगों को इसका सेवन नुकसान भी पहुंचा सकता है। इसकी अधिक मात्रा पेट में गैस या पेट फूलने की परेशानी को बढ़ा सकती है। कुछ परेशानियों में मूली का सेवन इसके पत्तों के साथ सेहत को नुकसान भी पहुंचा सकता है।

किन लोगों को मूली नहीं खाना चाहिए पत्ते के साथ?

मूली के पत्तों में पोटैशियम समेत कई पोषक तत्व होते हैं जो किडनी के मरीजों के लिए परेशानी बढ़ा सकते हैं। किडनी की बीमारी होने पर डॉक्टर या डायटीशियन से सलाह लेकर ही इसका सेवन करें।कुछ लोगों को मूली या उसके पत्ते खाने के बाद गैस, पेट फूलने की समस्या हो सकती है। जिन लोगों का पाचन तंत्र संवेदनशील है, उन्हें इसका सेवन कंट्रोल करना चाहिए। कुछ लोगों को मूली या उसके पत्तों से एलर्जी हो सकती है। ऐसे में स्किन पर खुजली, लाल चकत्ते या सूजन जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।

मूली के पत्ते खाते समय किन बातों का ध्यान रखें?

मूली के पत्तों को खाने से पहले अच्छी तरह धोएं और साफ-सफाई का ध्यान रखें। इन्हें संतुलित मात्रा में अपनी डाइट में शामिल करें। अगर आपको थायराइड, किडनी की बीमारी, पाचन संबंधी समस्या या किसी तरह की फूड एलर्जी है, तो अपनी स्थिति के अनुसार डॉक्टर या डायटीशियन से सलाह लें।

डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य स्वास्थ्य जागरूकता के लिए है। मूली किसी बीमारी का इलाज नहीं है। यदि आपको कोई पुरानी बीमारी है या खान-पान को लेकर विशेष निर्देश मिले हैं, तो डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही अपनी डाइट में बदलाव करें।