पाचन संबंधी समस्याओं में कब्ज (Constipation) एक आम समस्या है, जिसे अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं या घरेलू नुस्खों के भरोसे छोड़ देते हैं। हालांकि, हर बार कब्ज को सामान्य मान लेना सेहत के लिए जोखिम भरा हो सकता है। हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक जब कब्ज के साथ कुछ विशेष लक्षण दिखाई देने लगें, तो यह किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है। Aster RV Hospital, Bangalore में कंसल्टेंट मेडिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और हेपेटोलॉजी, डॉ. गिरीश पी. वीरन्ना ने बताया  गंभीर कब्ज के लक्षणों में लंबे समय तक मल त्याग में कठिनाई, ऐसा पेट दर्द जो ठीक न हो, या घरेलू उपायों के बावजूद कई दिनों तक मल त्याग न होना शामिल है।

आमतौर पर किसी व्यक्ति को तब कब्ज माना जाता है जब वो हफ्ते में तीन से कम बार मल त्याग करता है, मल सख्त या गांठदार होता है, या मल त्याग के दौरान दर्द महसूस होता है। लेकिन सवाल यह है कि यह सामान्य दिखने वाली समस्या कब गंभीर चिकित्सीय स्थिति बन जाती है? आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि कब्ज कब ‘क्रोनिक’ या खतरनाक श्रेणी में आ जाता है और किन परिस्थितियों में बिना देरी किए डॉक्टर से से मिलना जरूरी है।

कब्ज कब क्रोनिक बन जाता है?

  • कब्ज (Constipation) एक आम पाचन समस्या है, जिसमें मल त्याग कम हो जाता है, मुश्किल हो जाता है या पूरी तरह से नहीं हो पाता। आमतौर पर किसी व्यक्ति को तब कब्ज माना जाता है जब वो 
  • हफ्ते में तीन से कम बार मल त्याग करता है, मल सख्त या गांठदार होता है, या मल त्याग के दौरान दर्द महसूस होता है। कब्ज के लक्षणों में लंबे समय तक मल त्याग में कठिनाई, ऐसा पेट दर्द जो ठीक न हो, या घरेलू उपायों के बावजूद कई दिनों तक मल त्याग न होना। इसके अलावा उल्टी होना, बहुत सख्त या फंसा हुआ मल (impacted stool), मलाशय से खून आना और गैस पास न कर पाना भी चिंता के संकेत हो सकते हैं।

डॉ. वीरन्ना कहते हैं अगर आपको सामान्य तौर पर रोज मल त्याग होता है और अचानक तीन से पांच दिन तक मल नहीं होता, तो यह चेतावनी का संकेत हो सकता है। यहां तक कि तीन दिन तक मल त्याग न होने पर भी डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर रहता है। अगर गंभीर या लंबे समय तक कब्ज का इलाज न किया जाए तो कई जटिलताएं हो सकती हैं। इनमें फीकल इम्पैक्शन (मल का आंत में फंस जाना), दर्दनाक बवासीर, एनल फिशर (गुदा में दरार), रेक्टल प्रोलैप्स, तेज पेट दर्द और कुछ दुर्लभ मामलों में आंतों में रुकावट जैसी स्थितियां शामिल हैं, जिनमें तुरंत चिकित्सकीय हस्तक्षेप की जरूरत पड़ सकती है। डॉ. वीरन्ना के अनुसार, “जब कब्ज के साथ तेज पेट दर्द, मल में खून, बुखार, गैस पास न होना या उल्टी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो यह मेडिकल इमरजेंसी बन सकती है। ऐसी स्थिति में संक्रमण, डायवर्टिकुलाइटिस या बहुत दुर्लभ मामलों में आंत में छेद जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।

कब्ज के साथ दिखने वाले लक्षण जिन्हें नहीं करें नजरअंदाज

कुछ लक्षण ऐसे हैं जिन्हें कब्ज के साथ दिखाई देने पर कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए जैसे मलाशय से खून आना, काले या तारकोल जैसा मल, लगातार उल्टी, अचानक या तेज पेट दर्द, बिना वजह वजन कम होना, बुखार या तेज ऐंठन होना शामिल है। डॉ. वीरन्ना बताते हैं कि ये चेतावनी संकेत पाचन तंत्र से जुड़ी किसी गंभीर बीमारी की ओर इशारा कर सकते हैं, इसलिए तुरंत जांच कराना जरूरी है।

कब्ज का कारण और उपचार

हालांकि कब्ज अक्सर डाइट, पानी की कमी और लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारी होती है, लेकिन लंबे समय तक बनी रहने वाली या गंभीर कब्ज को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कब्ज का इलाज करना चाहते हैं तो नियमित मल त्याग की आदतों पर ध्यान दें। पर्याप्त पानी पिएं, फाइबर से भरपूर भोजन करें और चेतावनी वाले लक्षण दिखने पर समय रहते डॉक्टर से सलाह लेना गंभीर जटिलताओं से बचाव में मदद कर सकता है। कब्ज से बचाव करना है तो बॉडी को एक्टिव रखें। समय पर इलाज न सिर्फ आपकी सेहत बल्कि आपकी आरामदायक जिंदगी को भी सुरक्षित रख सकता है।

डिस्क्लेमर

ये लेख सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञों से हुई बातचीत पर आधारित है। किसी भी नई दिनचर्या या उपचार शुरू करने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर या स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह लें।