दिन की शुरुआत कॉफी और चाय से करना लोगों की डेली हैबिट है जिसमें लोग अब मॉडिफिकेशन करके इसे सिर्फ कैफीन तक सीमित नहीं रखना चाहते, बल्कि इसे एक हेल्दी ड्रिंक बनाना चाहते हैं। खासकर वो लोग जिन्हें रोज़ाना की प्रोटीन जरूरत पूरी करने में दिक्कत होती है।

हाल ही में एक इंस्टाग्राम रील में Sara Tendulkar ने अपनी पसंदीदा मॉर्निंग ड्रिंक शेयर की और इसे बनाने का तरीका भी बताया। एक्सपर्ट ने बताया वो दिन की शुरुआत कैफीन के साथ प्रोटीन को भी शामिल कर करती है। वो सुबह कॉफी को हेल्दी ड्रिंक बनाकर उसका सेवन करती हैं। सारा सुबह-सुबह बिना चीनी वाले चॉकलेट प्रोटीन पाउडर में बर्फ डालकर पीती हैं। अगर आप इसे ज्यादा चॉकलेटी बनाना चाहते हैं तो एक चम्मच बिना चीनी वाला कोको पाउडर इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें कुछ चिया सीड्स, कॉफी और बादाम दूध डालें तो इसकी खुशबू बहुत अच्छी आती है और ड्रिंक पीने में मजेदार लगता है। सारा ने बताया वो प्रोटीन गोल्स पूरा करने वाली कॉफी रोज पीती हैं। आइए उनके कॉफी इंग्रीडेंट और प्रोटीन की जरुरत को समझते हुए डायटीशियन से पूरी जानकारी लेते हैं।

इस ड्रिंक को बनाने में सारा ये सभी चीजें इस्तेमाल करती हैं।

  • एक स्कूप चॉकलेट प्रोटीन
  • आधा कप कॉफी
  • एक बड़ा चम्मच बिना चीनी वाला कोको पाउडर
  • एक से दो बड़ा चम्मच चिया सीड्स
  • आधा कप बादाम मिल्क
  • तीन चार बर्फ के टुकड़े
  • इस ड्रिंक में कैफीन के साथ ही प्रोटीन,फाइबर और हेल्दी फैट को शामिल किया गया।

क्या ये ड्रिंक रोज़ाना की प्रोटीन और ऊर्जा की जरूरत पूरी कर सकती है?

टोन 30 पिलेट्स की फिटनेस डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट ऐशलिशा जोशी ने बताया सारा जिस कॉफी का सेवन करती है वो प्रोटीन की रोजाना की जरुरत को पूरा करती है, खासकर उनके लिए जो सुबह पर्याप्त प्रोटीन नहीं ले पाते। इस कॉफी में इस्तेमाल होने वाले प्रोटीन पाउडर से 15-25 ग्राम तक प्रोटीन मिल सकता है, जो मसल्स की देखभाल, रिकवरी और पेट भरा रहने में मदद करता है। चिया सीड्स फाइबर और हेल्दी फैट देते हैं, जबकि बादाम दूध लो-कैलोरी बेस प्रदान करता है। एक्सपर्ट ने बताया ये कॉफी पूरी तरह से नाश्ते का विकल्प नहीं होना चाहिए। सुबह के नाश्ते में जटिल कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, हेल्दी फैट और माइक्रोन्यूट्रिएंट्स शामिल होने चाहिए। यह ड्रिंक वर्कआउट से पहले एक हेल्दी ड्रिंक साबित हो सकता है।

क्या कॉफी में प्रोटीन और फाइबर मिलाने से कैफीन का असर बदलता है?

एक्सपर्ट के मुताबिक खाली पेट कॉफी पीने पर कैफीन जल्दी अवशोषित होती है, जिससे तुरंत ऊर्जा मिलती है लेकिन बाद में गिरावट भी आ सकती है। प्रोटीन और फाइबर पाचन को धीमा करते हैं, जिससे ऊर्जा अधिक समय तक बनी रहती है। प्रोटीन और फाइबर का कनेक्शन पेट भरे रहने एहसास बढ़ाता है और सुबह की भूख को कम करता है। चिया सीड्स जैसे फाइबर युक्त सीड्स ब्लड शुगर को नॉर्मल रखने में मदद करते हैं।

किसे सावधानी बरतनी चाहिए?

ये ड्रिंक सभी के लिए हेल्दी साबित नहीं हो सकता है। जिन लोगों को कैफीन से एलर्जी है या लैक्टोज इनटॉलरेंस हैं उन्हें कॉफी का सेवन नहीं करना चाहिए। संवेदनशील पाचन या इरिटेबल बाउल सिंड्रोम वाले लोगों को अपने अनुकूल प्रोटीन पाउडर चुनना चाहिए, जैसे प्लांट-बेस्ड या लैक्टोज-फ्री विकल्प। अचानक ज्यादा मात्रा में प्रोटीन पाउडर या चिया सीड्स लेने से पेट फूलने की समस्या हो सकती है। थायराइड के मरीजों को दवा लेने के तुरंत बाद कॉफी नहीं पीनी चाहिए, क्योंकि कैफीन दवा के अवशोषण में बाधा डाल सकती है। कम से कम 30-60 मिनट का अंतर रखना बेहतर है।

फिटनेस के लिहाज से यह ड्रिंक वजन कंट्रोल करने और मसल मेंटेनेंस में मदद कर सकती है, लेकिन इसका सेवन पूरे दिन के संतुलित आहार की जगह नहीं ले सकता। एथलीट या बहुत ज्यादा सक्रिय लोगों को सुबह अधिक संतुलित और अधिक पोषण की जरूरत होती है।