सोशल मीडिया के दौर में मशहूर हस्तियों के खान-पान और Lifestyle से जुड़ी बातें अक्सर वायरल हो जाती हैं। हाल ही में अभिनेता राजपाल यादव का एक वीडियो चर्चा में है, जिसमें वे भूख मिटाने के लिए दिनभर में 12 से 13 कप चाय पीने का जिक्र कर रहे हैं। कॉमेडी टाइमिंग के लिए मशहूर Rajpal Yadav की चाय पीने की आदत सेहत के लिए चिंता का विषय है। उनकी पत्नी Radha Y।adav ने Curly Tales को दिए इंटरव्यू में बताया कि राजपाल भूख मारने के लिए चाय पीते हैं। रोज़ाना करीब 12–13 कप चाय हो जाती है। घर पर रोज़ हमारी इस पर बात होती है, जब ये कहते हैं कि मैं चाय छोड़ रहा हूं।
Artemis Hospitals में क्लिनिकल न्यूट्रिशन एंड डाइटेटिक्स विभाग में हेड डॉक्टर शबाना प्रवीन ने बताया चाय पीने की आदत फायदे की जगह नुकसान पहुंचा सकती है। हालांकि चाय लाखों लोगों की रोज़मर्रा की पसंदीदा आदत है, लेकिन इसे खाने की जगह लेना पोषण, मेटाबॉलिज्म और लंबे समय तक सेहत के लिए गंभीर चिंता पैदा कर सकता है। हेल्थ एक्सपर्ट और डॉक्टरों ने इस तरह की आदत को सेहत के लिए गंभीर और खतरनाक बताया है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि राजपाल यादव की चाय पीने की आदत कैसे मेटाबॉलिज्म, पाचन तंत्र और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकती है।
दिन भर में 12-13 कप चाय क्या सचमुच भूख मिटाती है?
डॉक्टर प्रवीन बताती है कि भूख को मिटाने के लिए दिन भर में 12 से 13 कप चाय का सेवन बॉडी के नेचुरल मेटाबॉलिज्म रिदम को बिगाड़ सकता है। कैफीन का सेवन कुछ समय के लिए भूख को कंट्रोल कर सकता है लेकिन ये शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की कमी करता है। चाय शरीर को जरूरी मैक्रोन्यूट्रिएंट्स जैसे प्रोटीन, फैट और कार्बोहाइड्रेट नहीं देती, जो लंबे समय तक ऊर्जा बनाए रखने के लिए जरूरी होते हैं।
एक्सपर्ट के मुताबिक जब शरीर को पर्याप्त पोषण नहीं मिलता, तो मेटाबॉलिज्म तेज होने के बजाय धीमा हो सकता है। शरीर कंजर्वेशन मोड में चला जाता है क्योंकि उसे पर्याप्त ईंधन नहीं मिल रहा होता। एक्सपर्ट ने बताया ज्यादा चाय पीने से पोषक तत्वों का अवशोषण रुक जाता है। ज्यादा चाय यानी दिनभर बार-बार चाय पीने से चाय में मौजूद टैनिन आयरन के अवशोषण को रोक सकता है, जिससे बॉडी में थकान और आयरन की कमी का खतरा बढ़ जाता है। रोजाना चाय का इतना सेवन सेहत के लिए खतरा बन सकता है।
जब चाय बन जाए खाने का विकल्प
डॉ. परवीन कहती हैं खाने की जगह चाय पीना भले ही कैलोरी कम करने का आसान तरीका लगे, लेकिन इससे बॉडी में कई तरह के पोषक तत्वों की कमी हो सकती है। एक्सपर्ट के मुताबिक जब भोजन छोड़कर उसकी जगह चाय ली जाती है, तो शरीर आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन और विटामिन B12 जैसे जरूरी पोषक तत्वों से वंचित रह जाता है। बॉडी में जरूरी पोषक तत्वों की कमी होने से एनीमिया, लगातार थकान, कमजोर इम्यूनिटी,स्किन और बालों की खराब सेहत,मांसपेशियों में कमजोरी और भी बॉडी को कई तरह से नुकसान पहुंच सकता है। डॉक्टर ने बताया ज्यादा चाय का सेवन हेल्दी वेट मैनेजमेंट में मदद नहीं करता, बल्कि पोषण असंतुलन और ऊर्जा के उतार-चढ़ाव का कारण बनता है। ज्यादा कैफीन लेने के अपने अलग जोखिम भी हैं। अत्यधिक चाय पीने से डिहाइड्रेशन, एसिडिटी और नींद से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं, जो कुल मिलाकर सेहत पर असर डालती हैं।
कितनी चाय पीना सही है?
डॉ. परवीन के अनुसार अधिकांश लोगों के लिए दिन में 2–3 कप चाय पीना सुरक्षित माना जाता है, यह उनकी कैफीन सहनशीलता और ओवर ऑल हेल्थ पर निर्भर करता है। अगर आपको दिनभर में कई कप चाय पीने की आदत है, तो इसे अचानक छोड़ना मुश्किल हो सकता है। डॉक्टर ने बताया चाय की लत एकदम कम करने के बजाय आप हर घंटों में एक कप चाय को कम करें। अतिरिक्त चाय की जगह हर्बल टी, गुनगुना पानी या नींबू पानी लें। एक्सपर्ट ने बताया खाली पेट चाय पीने से बचें, इससे एसिडिटी बढ़ सकती है। डॉक्टर ने वजन कम करने के लिए संतुलित आहार का सेवन करने पर जोर दिया। नियमित और पोषक तत्वों से भरपूर भोजन भूख को नेचुरल तरीके से कंट्रोल करता है और चाय जैसे स्टिमुलैंट्स पर निर्भरता कम करता है।
डिस्क्लेमर:
यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी सेलिब्रिटी की जीवनशैली या डाइट को बिना सोचे-समझे फॉलो करना सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी समस्या या डाइट में बदलाव करने से पहले हमेशा किसी योग्य डॉक्टर या प्रमाणित Dietician से सलाह लें। जंसत्ता इस जानकारी की जिम्मेदारी नहीं लेता है।
