लाल और रसीले दाने वाला अनार न केवल स्वाद में लाजवाब है, बल्कि आयुर्वेद से लेकर आधुनिक विज्ञान तक इसे सुपरफूड की श्रेणी में रखा गया है। अक्सर कहा जाता है कि एक अनार सौ बीमार को ठीक कर सकता है, लेकिन क्या वाकई यह हाई ब्लड प्रेशर (Hypertension) जैसी गंभीर स्थिति को कंट्रोल करने में मददगार है? हालिया वैज्ञानिक शोध बताते हैं कि अनार में मौजूद शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स और पॉलीफेनोल्स न केवल धमनियों की सूजन कम करते हैं, बल्कि दिल और दिमाग की कार्यक्षमता को भी बढ़ावा देते हैं। टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक अनार एक ऐसा फल है जो दिखने में जितना आकर्षक है, उतना ही सेहत के लिए फायदेमंद भी है। नई रिसर्च बताती हैं कि ये फल दिल, दिमाग और स्किन की सेहत के लिए बेहद फायदेमंद हो सकता है और कुछ प्रकार के कैंसर से भी बचाव में मदद कर सकता है। अनार दुनिया के सबसे प्राचीन फलों में से एक है, जिसकी उत्पत्ति ईरान क्षेत्र में मानी जाती है। हजारों सालों से इसे भोजन और औषधि दोनों के रूप में इस्तेमाल किया जाता रहा है।
युनानी दवाओं के एक्सपर्ट डॉक्टर सलीम जैदी ने बताया अनार एक बेहद ताकतवर फल है जो कई बीमारियों का एक साथ इलाज करता है। अनार का सेवन बीपी को नॉर्मल रखता है और दिल को हेल्दी रखने में मदद करता है। रोज़ाना एक अनार खाने से या फिर अनार का जूस पीने से दिल की धमनियों (arteries) में जमा फैट और गंदगी धीरे-धीरे साफ होने लगती है, जिससे रक्त प्रवाह बेहतर होता है और दिल ठीक तरीके से काम करता है।
ब्लड प्रेशर करता है कंट्रोल
Pharmacological Research में प्रकाशित एक क्लिनिकल ट्रायल में पाया गया कि रोजाना 150ml अनार का जूस पीने से ब्लड प्रेशर कंट्रोल रहता है। Pharmacological Research में प्रकाशित एक रिसर्च के अनुसार अनार का रस शरीर में ACE (Angiotensin Converting Enzyme) की गतिविधि को 36% तक कम कर सकता है। आधुनिक बीपी की दवाएं भी इसी सिद्धांत पर काम करती हैं। अनार नसों को रिलैक्स करता है, जिससे रक्त का प्रवाह सुचारू होता है और सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर कम होता है।
ब्रेन की हेल्थ में होता है सुधार
क्लीनिकल डायटीशियन जी सुषमा ने बताया कि अनार में कई तरह के कंपाउंड जैसे कि एंटीऑक्सीडेंट्स और पॉलिफिनॉल्स होते हैं जो ब्रेन की हेल्थ को दुरुस्त करते हैं। Nature Medicine के मुताबिक अनार में ‘एलागिटैनिन्स’होते हैं। जब हम अनार खाते हैं तो हमारे पेट के बैक्टीरिया इन्हें यूरोलिथिन ए में बदल देते हैं। यह यौगिक माइटोफैगी नामक प्रक्रिया को सक्रिय करता है, जो क्षतिग्रस्त माइटोकॉन्ड्रिया को साफ करती है। यह मस्तिष्क की कोशिकाओं को बूढ़ा होने से रोकता है और अल्जाइमर व पार्किंसंस जैसी बीमारियों के खतरे को कम करता है। Evidence-Based Complementary and Alternative Medicine में प्रकाशित एक रिसर्च में पाया गया कि जिन वयस्कों ने 4 सप्ताह तक रोजाना अनार के जूस का सेवन किया, उनके मेमोरी टेस्ट स्कोर में बेहतर सुधार दिखा। रिसर्च के मुताबिक, अनार का सेवन करने से याददाश्त और सोचने-समझने की क्षमता में सुधार हो सकता है। यह उम्र से जुड़ी दिमागी कमजोरी को धीमा करने में मदद कर सकता है। कुछ स्टडीज में इसे Alzheimer’s Disease के जोखिम को कम करने से भी जोड़ा गया है।
सूजन को कम करने में मददगार
अनार में पाए जाने वाले पॉलीफेनॉल्स, खासकर एलैजिटैनिन्स (Ellagitannins), शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होते हैं। ये तत्व शरीर में फ्री रेडिकल्स को कम करते हैं और सूजन पैदा करने वाले तत्वों को घटाते हैं। इसका सेवन करने से ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस कंट्रोल रहता है।
दिल और ब्लड प्रेशर के लिए फायदेमंद
अनार को दिल की सेहत के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। यह ब्लड प्रेशर कम करने में मदद कर सकता है। ये ब्लड वेसल्स को रिलैक्स करने में मददगार होता है और ब्लड फ्लो बेहतर करता है। रिसर्च में पाया गया है कि अनार के तत्व नाइट्रिक ऑक्साइड के उत्पादन को बढ़ाते हैं, जिससे धमनियां खुलती हैं और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है।
स्किन रहती है जवान
अनार में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स स्किन को उम्र बढ़ने के प्रभाव से बचाने में मदद करते हैं। ये फल कोलेजन टूटने की प्रक्रिया को धीमा करता हैं, झुर्रियों और ढीली स्किन को कम करने में मदद करता है और स्किन में होने वाली सूजन को घटाता हैं।
कैंसर से बचाव में भी करता है मदद
कुछ शुरुआती शोध बताते हैं कि अनार के तत्व कैंसर सेल्स की ग्रोथ को धीमा कर सकते हैं और ट्यूमर को मिलने वाली ब्लड सप्लाई कम कर सकते हैं। ये फल कैंसर सेल्स को खत्म करने में मदद कर सकते हैं
कितनी मात्रा में अनार खाना सही है?
ज्यादातर रिसर्च में अनार के एक्सट्रैक्ट (500–1000 mg प्रतिदिन, 8 से 12 हफ्ते) का इस्तेमाल किया गया है, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार पूरा अनार खाना ज्यादा फायदेमंद और सुरक्षित विकल्प है।
निष्कर्ष
अनार एक पोषक तत्वों से भरपूर फल है, जो दिल, दिमाग, त्वचा और संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, किसी भी बीमारी के इलाज के लिए इसे अकेले उपाय नहीं माना जाना चाहिए।
डिस्क्लेमर:
यह जानकारी केवल सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से दी गई है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य समस्या के लिए डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
