रूस के साइबेरियाई क्षेत्र इरकुत्स्क में एक एंटी-प्लेग रिसर्च इंस्टीट्यूट की 28 वर्षीय महिला कर्मचारी की निमोनिया से मौत के बाद संक्रामक बीमारी को लेकर चिंता बढ़ गई है। महिला की मौत के बाद सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में निमोनिक प्लेग (Pneumonic Plague) की आशंका जताई गई, लेकिन रूसी स्वास्थ्य अधिकारियों ने अभी प्लेग संक्रमण की पुष्टि नहीं की है। स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला इरकुत्स्क एंटी-प्लेग रिसर्च इंस्टीट्यूट में काम करती थी और 2 अक्टूबर को उसकी मौत हुई। उसके संस्थान में काम करने के कारण इस बात को लेकर आशंका जताई गई कि कहीं वह प्लेग के बैक्टीरिया के संपर्क में तो नहीं आई थी। हालांकि, रूस की सार्वजनिक स्वास्थ्य निगरानी एजेंसी Rospotrebnadzor के मुताबिक महिला की जांच में उसके पेशे से जुड़े किसी सूक्ष्मजीव का पता नहीं चला। अधिकारियों ने यह भी कहा है कि संस्थान में खतरनाक सूक्ष्मजीवों से जुड़ी किसी दुर्घटना की जानकारी नहीं मिली है।

फिलहाल आधिकारिक तौर पर महिला की मौत का कारण निमोनिया बताया गया है। इसलिए इसे अभी निमोनिक प्लेग का मामला कहना सही नहीं होगा। महिला के संपर्क में आए लोगों की निगरानी की जा रही है और एहतियात के तौर पर क्वारंटीन समेत कई कदम उठाए गए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के शुरुआती आकलन के मुताबिक आम आबादी के लिए हेल्थ रिस्क कम है। आपको बता दें कि निमोनिक प्लेग, प्लेग बीमारी का एक गंभीर रूप है, जो फेफड़ों को प्रभावित करता है। यह बीमारी Yersinia pestis नामक बैक्टीरिया के कारण होती है। अगर इसका समय पर पता चल जाए तो एंटीबायोटिक दवाओं से इसका इलाज किया जा सकता है, लेकिन इलाज में देरी होने पर यह गंभीर और जानलेवा हो सकती है।

निमोनिक प्लेग से क्या भारत को भी खतरा है?

इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल, नई दिल्ली में संक्रामक रोग विशेषज्ञ, डॉ. जितिन आहूजा ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि रूस की इस घटना के आधार पर भारत में घबराने की जरूरत नहीं है। केवल रूस से आई रिपोर्टों के आधार पर आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन अगर वास्तव में इस बीमारी से मिलता-जुलता कोई मामला सामने आता है तो डॉक्टरों को इसे जल्दी पहचानना चाहिए। हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक भारत में फिलहाल इसका खतरा बेहद कम है। निमोनिक प्लेग दुर्लभ है, लेकिन यह उन संक्रमणों में से एक है जिसमें समय रहते बीमारी की पहचान करना और तुरंत कार्रवाई करना बेहद जरूरी होता है।

निमोनिक प्लेग दूसरे प्लेग से कैसे अलग है?

निमोनिक प्लेग की खास बात यह है कि यह संक्रमित व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक सांस की बूंदों के जरिए सीधे फैल सकता है। यही वजह है कि इसके मरीज की पहचान और इलाज में देरी को गंभीर माना जाता है। निमोनिक प्लेग खसरा जैसी बीमारियों की तरह हवा में लंबे समय तक मौजूद रहकर आसानी से नहीं फैलता और न ही सामान्य फ्लू जितना संक्रामक है। संक्रमित व्यक्ति के खांसने या खून वाला थूक निकलने पर बड़ी श्वसन बूंदों के संपर्क में आने से संक्रमण फैल सकता है।

निमोनिक प्लेग के लक्षण कौन कौन से हैं और ये कितने समय में दिखाई देते हैं?

cdc.gov पर दी गई जानकारी के मुताबिक इस प्लेग की चपेट में आने के बाद बॉडी में कुछ लक्षण दिखाई देते हैं जैसे

  • अचानक तेज बुखार
  • ठंड लगना और कंपकंपी
  • सिरदर्द
  • बहुत ज्यादा कमजोरी या थकान
  • खांसी, जो तेजी से बढ़ सकती है
  • सांस लेने में तकलीफ
  • सीने में दर्द
  • खांसी के साथ पानी जैसा या खूनी बलगम
  • गंभीर स्थिति में सांस लेने में बहुत अधिक परेशानी हो सकती है।

निमोनिक प्लेग के लक्षण आमतौर पर संक्रमण के 1 से 3 दिन के भीतर दिखाई दे सकते हैं। कुछ मामलों में यह अवधि 1 से 7 दिन तक हो सकती है। बीमारी तेजी से बढ़ सकती है, इसलिए शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

किन लोगों को निमोनिक प्लेग से है ज्यादा खतरा?

cdc.gov पर दी गई जानकारी के मुताबिक निमोनिक प्लेग से संक्रमित व्यक्ति के करीबी संपर्क में रहने वाले लोगों को,  स्वास्थ्यकर्मी और देखभाल करने वाले लोगों, प्लेग से संक्रमित जानवरों के संपर्क में आने वाले लोगों, प्रयोगशाला में Yersinia pestis पर काम करने वाले कर्मचारियों और उन इलाकों में रहने या जाने वाले लोगों में जहां प्लेग प्राकृतिक रूप से पाया जाता है ज्यादा खतरा है। संक्रमित बिल्लियों या दूसरे जानवरों के संपर्क में रहने वाले लोगों को भी इस संक्रमण से ज्यादा खतरा हैं, क्योंकि कुछ संक्रमित जानवर भी बैक्टीरिया वाले respiratory droplets फैला सकते हैं।

क्या निमोनिक प्लेग का इलाज संभव है?

डॉ. जितिन आहूजा ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि निमोनिक प्लेग का इलाज प्रभावी एंटीबायोटिक दवाओं से किया जा सकता है। Gentamicin, ciprofloxacin और doxycycline जैसी दवाओं का इस्तेमाल उपचार में किया जाता है। लेकिन इसमें इलाज जितनी जल्दी शुरू हो, उतना बेहतर होता है। निमोनिक प्लेग में फेफड़ों को नुकसान तेजी से बढ़ सकता है। इसलिए लक्षण शुरू होने के बाद 24 घंटे में इलाज करना जरूरी है।

विशेषज्ञों की क्या सलाह है?

डॉक्टर जितिन ने बताया भारत में रूस की इस रिपोर्ट को लेकर फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है। लेकिन तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी और तेजी से बिगड़ते निमोनिया जैसे लक्षणों वाले मरीज में डॉक्टर को बीमारी की संभावित वजहों के साथ उसकी ट्रैवल हिस्ट्री और संक्रमण के संभावित संपर्क को भी ध्यान में रखना चाहिए। समय पर पहचान, जांच, आइसोलेशन और उपचार इस बीमारी के मामले में बेहद जरूरी हैं।

डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य स्वास्थ्य जानकारी और उपलब्ध रिपोर्टों के आधार पर तैयार किया गया है। रूस में सामने आए मामले में निमोनिक प्लेग की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लक्षण या संक्रमण को लेकर किसी भी तरह की आशंका होने पर खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टर से सलाह लें।