पनीर प्रोटीन और कैल्शियम का एक बेहतरीन स्रोत माना जाता है, लेकिन कई लोगों के साथ यह समस्या होती है कि इसे खाते ही उन्हें भारीपन, गैस और ब्लोटिंग की परेशानी होने लगती है। बहुत से लोग पेट फूलने की इस असहजता के डर से पनीर खाना ही छोड़ देते हैं। गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट और डाइटीशियन के अनुसार हर किसी का पाचन तंत्र लैक्टोज और डेयरी फैट को एक जैसे नहीं पचा पाता। यदि पनीर खाने के बाद आपका पेट भी जरूरत से ज्यादा फूलने लगता है, तो इसके पीछे अपच, लैक्टोज इनटोलरेंस या फिर इसे खाने का गलत तरीका जिम्मेदार हो सकता है। कंसल्टेंट डायटीशियन और डायबिटीज एजुकेटर,कनिका मल्होत्रा के मुताबिक पनीर को प्रोटीन का बेहतरीन स्रोत माना जाता है, खासकर शाकाहारी लोगों के लिए। न्यूट्रिशन एक्सपर्ट का कहना है कि समस्या पनीर में नहीं, बल्कि इस बात में है कि आप उसे किसके साथ और किस समय खाते हैं।

सर्टिफाइड न्यूट्रिशनिस्ट आयना सिंघल के अनुसार, अगर पनीर को जरूरत से ज्यादा कार्बोहाइड्रेट, मीठी सॉस या देर रात भारी भोजन के साथ खाया जाए तो इससे पाचन संबंधी समस्याएं जैसे पेट फूलना, भारीपन और कुछ लोगों में स्किन से जुड़ी परेशानियां भी हो सकती हैं। अब सवाल ये उठता है कि क्या पनीर के साथ कुछ फूड्स को कॉम्बिनेशन करके खाने से क्या ब्लोटिंग और गैस की परेशानी होती है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि ब्लोटिंग और गैस से बचाव के लिए पनीर का सेवन कैसे करें।

क्या पनीर के साथ कुछ फूड कॉम्बिनेशन से बचना चाहिए?

आयना सिंघल का कहना है कि पनीर के साथ कुछ भारी फूड कॉम्बिनेशन पाचन को धीमा कर सकते हैं इसलिए पनीर के साथ कुछ फूड्स को कॉम्बिनेशन करके खाने से परहेज करना चाहिए। एक्सपर्ट ने बताया पनीर के साथ एक ही समय में रोटी और चावल दोनों खाएंगे तो आपको ब्लोटिंग की परेशानी होगी। पनीर के साथ राजमा, छोले या दाल का अधिक सेवन ब्लोटिंग का कारण बनता है। पनीर के साथ मीठी सॉस या डेजर्ट का सेवन आपके पाचन को बिगाड़ सकता है। पनीक और डेयरी प्रोडक्ट्स लेने से भी पेट में गैस और ब्लोटिंग की समस्या होती है। ऐसा कॉम्बिनेशन कुछ लोगों में पेट फूलने और भारीपन की वजह बन सकता हैं।

क्या सच में पनीर और कुछ फूड कॉम्बिनेशन नुकसान पहुंचाते हैं?

कंसल्टेंट डाइटिशियन और डायबिटीज एजुकेटर कनिका मल्होत्रा बताती हैं कि फूड कॉम्बिनेशन थ्योरी, जिसमें कहा जाता है कि प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट या दूध और फलों को साथ नहीं खाना चाहिए, इसके स्पोर्ट में मजबूत वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं। एक्सपर्ट के मुताबिक हमारा पाचन तंत्र एक साथ प्रोटीन, वसा और कार्बोहाइड्रेट को पचाने वाले एंजाइम बनाता है। इसलिए ये कहना कि दो फूड्स को साथ खाना पाचन के लिए खतरा है, ये ठीक नहीं है क्योंकि इसके कोई वैज्ञानिक प्रमाण मौजूद नहीं है।

पनीर खाने के बाद ब्लोटिंग होने के लिए है मेडिकल कंडीशन जिम्मेदार

फिर कुछ लोगों को पनीर खाने के बाद ब्लोटिंग होती है उसके लिए पनीर नहीं बल्कि उनकी मेडिकल कंडीशन जिम्मेदार हो सकती है। कनिका मल्होत्रा के अनुसार पनीर में कैसिन नामक प्रोटीन होता है, जो धीरे-धीरे पचता है। अगर इसे राजमा, छोले जैसे हाई FODMAP खाद्य पदार्थों या बहुत ज्यादा रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट के साथ खाया जाए, तो जिन लोगों को इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम (IBS), SIBO या पहले से पाचन संबंधी समस्या है उनमें गैस और ब्लोटिंग बढ़ सकती है। इसके अलावा कई भारतीयों में लैक्टोज असहिष्णुता (Lactose Intolerance) भी होती है, जिसकी वजह से पनीर खाने के बाद होने वाली परेशानी को लोग अक्सर गलत फूड कॉम्बिनेशन समझ लेते हैं।

क्या पनीर खाने के बाद वजन बढ़ता है?

डॉक्टर कनिका मल्होत्रा के अनुसार पनीर खाने से वजन बढ़ता है ये गलत है। वजन बढ़ने का मुख्य कारण पनीर के साथ खाए गए खाद्य पदार्थ नहीं, बल्कि कुल कैलोरी और पोर्शन साइज होता है। अगर पनीर को मक्खन, क्रीम और घी से बनी भारी ग्रेवी में या ज्यादा मात्रा में खाया जाए, तो इससे कैलोरी बढ़ जाती है और वजन बढ़ने का खतरा भी बढ़ सकता है।

पनीर पकाने का तरीका बनता है गैस और ब्लोटिंग की वजह

कनिका मल्होत्रा के मुताबिक पनीर को डीप फ्राई करने या क्रीम वाली ग्रेवी में पकाने से यह देर से पचता है और एसिडिटी, गैस और ब्लोटिंग का खतरा बढ़ सकता है। अगर आप पनीर को खाना चाहते हैं तो आप पनीर का सेवन ग्रिल करके, स्टीम करके, हल्का सा भूनकर (Light Sauté) करें। इस तरह पनीर का सेवन करने से पनीर आसानी से पच जाता है, गैस और ब्लोटिंग की समस्या कंट्रोल रहती है।

क्या रात में पनीर खाना सही है?

एक्सपर्ट का कहना है कि हर व्यक्ति के लिए रात में पनीर खाना नुकसानदायक नहीं होता। अगर कोई व्यक्ति मेटाबॉलिक रूप से स्वस्थ है और सोने से 2–3 घंटे पहले हल्का पनीर खाता है, तो आमतौर पर इससे कोई समस्या नहीं होती। हालांकि, जिन लोगों को एसिडिटी, इंसुलिन रेजिस्टेंस या देर रात भारी भोजन करने की आदत है उन्हें सावधानी बरतनी चाहिए।

पनीर खाने का सबसे हेल्दी तरीका

  • ताजा, कम फैट वाला या घर के बने पनीर का सेवन करें।
  • रोजाना लगभग 150–200 ग्राम पनीर पर्याप्त माना जाता है।
  • पनीर के साथ फाइबर से भरपूर सब्जियां शामिल करें।
  • एक समय में बहुत ज्यादा रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट लेने से बचें।
  • पनीर के साथ मीठे डेजर्ट खाने से बचें।
  • रात में पनीर के साथ जरूरत से ज्यादा क्रीम या घी का सेवन न करें।
  • हमेशा भरोसेमंद ब्रांड या अच्छी गुणवत्ता वाला पनीर खरीदें, क्योंकि मिलावटी पनीर पाचन संबंधी समस्याओं की बड़ी वजह हो सकता है।

डिस्क्लेमर : इस लेख में दी गई जानकारी और डॉक्टरों के परामर्श सामान्य स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से लिखे गए हैं। यदि आपको गंभीर लैक्टोज इनटोलरेंस, आईबीएस (IBS) या पाचन संबंधी अन्य पुरानी बीमारियां हैं, तो अपनी डाइट में किसी भी बड़े बदलाव से पहले एक योग्य डाइटीशियन या चिकित्सक से व्यक्तिगत सलाह जरूर लें।