Painkillers Side Effects on Kidney: मैं डॉ.नवीनाथ एम हूं और एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ नेफ्रोलॉजी एंड यूरोलॉजी, चेन्नई में सीनियर कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजिस्ट और रीनल ट्रांसप्लांट फिजिशियन हूं। हाल ही में मेरे संज्ञान में एक ऐसा मामला आया जिसमें एक 49 साल का किसान दर्द से राहत पाने के लिए धड़ल्ले से पेन किलर खा रहा था। करीब पांच साल तक दर्द की दवा खाने का सिलसिला कायम रहा जिसका खामियाजा किसान को किडनी खराबी के रूप में भुगतना पड़ा। किसान का लगातार पेनकिलर सेवन करने का नतीजा ये रहा कि 5 सालों में किडनी ने अपना काम करना छोड़ दिया और किसान डायलिसिस पर आ गया। डॉक्टर ने अपने लेख में जिक्र किया दर्द होने पर अक्सर लोग डॉक्टर के पास जाने के बजाय सीधे मेडिकल स्टोर से दवा खरीद लेते हैं। शुरुआत में इससे दर्द से राहत मिल जाती है, लेकिन परेशानी बार-बार होने पर उसी दवा का इस्तेमाल करते रहना सेहत के लिए जोखिम भरा हो सकता है। खासकर कुछ दर्द निवारक दवाओं का लंबे समय तक या बिना चिकित्सकीय निगरानी के इस्तेमाल किडनी को नुकसान पहुंचा सकता है। डॉक्टर ने लेख में जिक्र किया कि डिहाइड्रेशन के दौरान कुछ दर्द निवारक दवाओं का इस्तेमाल किडनी पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है।

द इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित अपने लेख में डॉ. नवीनाथ एम ने, तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई के रहने वाले इस किसान का जिक्र किया जिसे बॉडी में लगातार लक्षण दिख रहे थे लेकिन वो उन्हें समझने या डॉक्टर को दिखाने के बजाय खुद से दवा खाता रहा। किसान को लगातार थकान, मतली, उल्टी, सांस लेने में परेशानी और टखनों में सूजन की शिकायत थी। जांच के दौरान पता चला कि उनकी किडनी गंभीर रूप से खराब हो चुकी थी और उन्हें तत्काल डायलिसिस की जरूरत थी।

5 साल खुद से दवा लेना बनी बड़ी वजह

डॉ. नवीनाथ एम के मुताबिक किसान करीब पांच साल से अपने काम के दौरान होने वाले दर्द से राहत पाने के लिए पेन किलर का इस्तेमाल कर रहे थे। खेत में धान की रोपाई जैसे शारीरिक मेहनत वाले काम के दौरान उन्हें लगभग 10 घंटे तक काम करना पड़ता था। तेज गर्मी में काम करने और ज्यादा पसीना निकलने के कारण उनके शरीर में पानी की कमी हो जाती थी। इसके बाद उन्हें पीठ और शरीर में तेज दर्द होने लगता था।

दर्द बढ़ने पर आराम करने या डॉक्टर से सलाह लेने के बजाय वह स्थानीय मेडिकल स्टोर से गोलियां खरीदकर खाने लगते थे। इन दवाओं में डिक्लोफेनाक (Diclofenac) और एसिक्लोफेनाक (Aceclofenac) शामिल थीं। ये दोनों नॉन-स्टेरॉयडल एंटी-इंफ्लेमेटरी ड्रग्स यानी NSAIDs समूह की दवाएं हैं। जब किसान अस्पताल पहुंचे, तब उनकी जांच में क्रिएटिनिन का स्तर 11.4 mg/dL पाया गया। क्रिएटिनिन खून में पाया जाने वाला एक अपशिष्ट पदार्थ है, जिसका इस्तेमाल किडनी की कार्यक्षमता का आकलन करने में किया जाता है। वयस्कों में इसका सामान्य स्तर अक्सर लगभग 0.6 से 1.2 mg/dL के आसपास होता है, हालांकि उम्र, लिंग, मांसपेशियों और लैब के अनुसार इसकी सामान्य सीमा बदल सकती है।

5 साल दवा खाने के बाद किडनी कैसी दिखी

किसान ने 5 साल तक दर्द की दवाइयों का सेवन तो इसका असर किसान की किडनी पर साफ देखने को मिला। अल्ट्रासाउंड में किसान की दोनों किडनी छोटी और गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त दिखाई दी। डॉक्टरों ने जांच की तो पता चला कि उनकी किडनी की बीमारी लास्ट स्टेज पर पहुंच चुकी है और उन्हें तत्काल डायलिसिस की जरूरत है। डॉक्टर ने लेख में बताया कि मरीज की कोई डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर की हिस्ट्री नहीं थी। जानकारी में पता चला कि वो लगातार पेन किलर का इस्तेमाल करते आ रहे हैं। डॉक्टर ने लेख में ये भी जिक्र किया कि जरूरी नहीं है कि किडनी खराब होने की एकमात्र वजह दर्द की दवाएं ही थीं। किडनी की बीमारी के पीछे और भी कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं।

पेन किलर किडनी को कैसे नुकसान पहुंचा सकती है?

किडनी का काम बॉडी में खून को फिल्टर करना और अपशिष्ट पदार्थों और अतिरिक्त पानी को बाहर निकालना है। किडनी का काम शरीर में नमक और तरल पदार्थों का संतुलन बनाए रखना है। इस प्रक्रिया के लिए किडनी तक पर्याप्त मात्रा में खून पहुंचना जरूरी है। डाईक्लोफेनाक और एसिक्लोफेनाक जैसी NSAIDs दवाएं शरीर में कुछ ऐसे पदार्थों के निर्माण को प्रभावित करती हैं, जो किडनी में खून का प्रवाह बनाए रखने में मदद करते हैं। आमतौर पर शरीर किडनी तक रक्त की आपूर्ति को संतुलित रखने के लिए कई सुरक्षात्मक प्रक्रियाओं का इस्तेमाल करता है। लेकिन जब शरीर में पानी की कमी हो जाती है, तब किडनी तक पहुंचने वाला खून कम हो सकता है। ऐसी स्थिति में NSAIDs का इस्तेमाल किडनी की कार्यक्षमता पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है। अगर इन दवाओं का ज्यादा इस्तेमाल लंबे समय तक किया जाए, तो नुकसान का खतरा बढ़ सकता है।

गर्मी में काम करने वालों के लिए क्यों बढ़ जाता है खतरा?

खेतों, निर्माण स्थलों और खुले मैदानों में काम करने वाले लोगों को गर्मी के दौरान ज्यादा पसीना आ सकता है। अगर शरीर से निकलने वाले पानी की भरपाई पर्याप्त मात्रा में नहीं की जाए, तो डिहाइड्रेशन हो सकता है। इससे किडनी तक खून की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। ऐसी स्थिति में बिना चिकित्सकीय सलाह के NSAIDs जैसी दवाएं लेने से किडनी पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। इसलिए किसानों, मजदूरों, डिलीवरी वर्कर्स और लंबे समय तक धूप में काम करने वाले लोगों को खुद से दर्द की दवाएं बार-बार नहीं लेना चाहिए।

किडनी खराब होने पर शरीर में दिख सकते हैं ये लक्षण

  • लगातार थकान और कमजोरी महसूस होना।
  • जी मिचलाना या बार-बार उल्टी होना।
  • पैरों, टखनों या चेहरे पर सूजन आना।
  • पेशाब की मात्रा में कमी होना।
  • भूख कम लगना।
  • सांस लेने में परेशानी होना।
  • गंभीर मामलों में भ्रम या मानसिक स्थिति में बदलाव होना।
  • हालांकि ये लक्षण केवल किडनी की बीमारी में ही नहीं, बल्कि दूसरी हेल्थ कंडीशन में भी दिखाई दे सकते हैं।

किन लोगों को पेनकिलर लेते समय ज्यादा सावधान रहना चाहिए?

जिन लोगों को पहले से किडनी की बीमारी है, उन्हें NSAIDs समूह की दवाएं लेने से पहले डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। बुजुर्गों और डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर या हृदय रोग से पीड़ित लोगों में भी इन दवाओं से किडनी को नुकसान पहुंचने का जोखिम ज्यादा हो सकता है, खासतौर पर जब शरीर में पानी की कमी रहे।

दवाओं के ब्रेंड भी बन रहे हैं परेशानी

डॉक्टर ने एक ऐसी परेशानी का जिक्र किया जिसमें कुछ लोग अलग-अलग ब्रांड के नाम से एक जैसी या एक ही समूह की दर्द निवारक दवाएं ले लेते हैं। उन्हें पता नहीं चलता कि दोनों दवाओं में एक ही तरह के तत्व मौजूद हो सकते हैं। इससे मरीज एक ही तरह की दवा का ज्यादा सेवन कर लेता है जिसके सेहत पर साइड इफेक्ट होते हैं।

लम्बे समय तक पेनकिलर का इस्तेमाल करने वाले ये जांच जरूर कराएं

अगर आप बार-बार दर्द की दवा लेते हैं या आपको पहले से किडनी की बीमारी का खतरा है तो डॉक्टर आपकी स्थिति के अनुसार कुछ जांच कराने की सलाह दे सकते हैं। डॉक्टर की सलाह के मुताबिक क्रिएटिनिन और eGFR टेस्ट खून में क्रिएटिनिन की जांच और अनुमानित ग्लोमेरुलर फिल्ट्रेशन रेट (eGFR) से किडनी की फिल्टर करने की क्षमता का आकलन किया जा सकता है। यूरिन टेस्ट और UACR पेशाब की सामान्य जांच और यूरिन एल्ब्यूमिन-क्रिएटिनिन रेशियो (UACR) से पेशाब में प्रोटीन या एल्ब्यूमिन की मौजूदगी का पता लगाने में मदद करता है।

दर्द होने पर क्या करें?

डॉ. नवीनाथ एम ने लेख में लिखा है कि पेनकिलर अपने आप में गलत या हमेशा नुकसानदायक नहीं हैं। दर्द और सूजन को कंट्रोल करने के लिए आप बिना डॉक्टर की सलाह के दवा की मात्रा या इस्तेमाल नहीं करें। खासकर किडनी की बीमारी, डिहाइड्रेशन या दूसरी क्रॉनिक बीमारियां होने पर दवा की सुरक्षा के बारे में डॉक्टर या फार्मासिस्ट से पूछें।

डिस्क्लेमर: यह लेख स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और प्रकाशित डॉक्टर के लेख में बताए गए मामले पर आधारित है। हर पेनकिलर से किडनी खराब नहीं होती और हर मरीज में जोखिम समान नहीं होता। दवा का इस्तेमाल डॉक्टर की सलाह के अनुसार करें। यदि आपको नियमित रूप से दर्द की दवा लेने की जरूरत पड़ती है, तो चिकित्सकीय सलाह लें।