शरीर में यूरिक एसिड तब बढ़ता है, जब प्यूरीन (Purine) के टूटने से बनने वाला यूरिक एसिड जरूरत से ज्यादा बनने लगे या किडनी उसे पर्याप्त मात्रा में बाहर न निकाल पाए। जब खून में इसका स्तर सामान्य सीमा से ऊपर चला जाता है, तो इस स्थिति को हाइपरयूरिसीमिया (Hyperuricemia) कहा जाता है। समय के साथ यूरिक एसिड के क्रिस्टल जोड़ों, खासकर पैर के अंगूठे, टखनों और घुटनों में जमा होने लगते हैं, जिससे तेज दर्द, सूजन और गाउट (Gout) की समस्या हो सकती है। संतुलित आहार, पर्याप्त पानी, नियमित व्यायाम और स्वस्थ वजन बनाए रखने जैसी आदतें यूरिक एसिड को कंट्रोल रखने में मदद कर सकती हैं। हालांकि, यदि यूरिक एसिड लगातार बढ़ा हुआ हो या गाउट के दौरे पड़ रहे हों, तो डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवा लेना भी जरूरी हो सकता है।
दिल्ली के फोर्टिस एस्कॉर्ट्स अस्पताल के ऑर्थोपेडिक डायरेक्टर डॉ. कौशल कांत मिश्रा के अनुसार, डाइट में कुछ खास चीजों का ज्यादा सेवन करने से यूरिक एसिड तेजी से बढ़ता है। डाइट में रेड मीट , मटन, बीफ, पोर्क,ऑर्गन मीट जैसे कलेजी, लिवर, किडनी, ब्रेन का सेवन तेजी से यूरिक एसिड का स्तर बढ़ाता है। कुछ सीफूड – सार्डिन, एन्कोवी, हेरिंग, मैकेरल, शेलफिश, शराब- खासकर बीयर और हार्ड ड्रिंक्स, मीठे पेय, अधिक चीनी वाले खाद्य पदार्थ, प्रोसेस्ड और फास्ट फूड का सेवन तेजी से यूरिक एसिड को बढ़ाता है।
यूरिक एसिड की सामान्य रेंज
यूरिक एसिड की सामान्य मात्रा उम्र, लिंग के मुताबिक थोड़ी अलग हो सकती है। आमतौर पर इसकी सामान्य रेंज इस प्रकार मानी जाती है
पुरुष- 3.5 से 7.0 mg/dL
महिलाएं- 2.5 से 6.0 mg/dL
यदि यूरिक एसिड का स्तर लगातार सामान्य सीमा से ऊपर बना रहे, तो जोड़ों में यूरिक एसिड के क्रिस्टल जमा होने का खतरा बढ़ सकता है। इससे गाउट, जोड़ों में दर्द और सूजन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। हालांकि, केवल यूरिक एसिड बढ़ा होने का मतलब यह नहीं है कि हर व्यक्ति में गाउट के लक्षण दिखाई देंगे। इसलिए रिपोर्ट के साथ-साथ लक्षणों का भी मूल्यांकन जरूरी है।
Mayo Clinic के मुताबिक यूरिक एसिड की उम्र के हिसाब से सामान्य रेंज नहीं होती। बच्चों में उम्र के साथ रेंज बदल सकती है। चार्ट में देखें यूरिक एसिड का बदलता स्तर
| उम्र | पुरुष (mg/dL) | महिलाएं (mg/dL) |
|---|---|---|
| 0–12 वर्ष (बच्चे) | 2.0–5.5 | 2.0–5.5 |
| 13–18 वर्ष (किशोर) | 3.0–7.0 | 2.5–6.0 |
| 18 वर्ष और उससे अधिक (वयस्क) | 3.5–7.0 | 2.5–6.0 |
| 60 वर्ष से अधिक | 3.5–7.2 | 2.5–6.5 |
यूरिक एसिड कंट्रोल करने के आसान उपाय
- डॉक्टर ने बताया अगर आप यूरिक एसिड को कंट्रोल करना चाहते हैं तो दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, ताकि यूरिक एसिड शरीर से बाहर निकलने में मदद मिले।
- रोजाना ताजे फल, हरी सब्जियां और साबुत अनाज को डाइट में शामिल करें।
- रेड मीट, ऑर्गन मीट और अधिक प्यूरीन वाले सीफूड का सेवन सीमित करें।
- मीठे ड्रिंक्स, कोल्ड ड्रिंक और शराब से दूरी बनाएं।
- लो-फैट दूध, दही और अन्य कम वसा वाले डेयरी उत्पादों का सेवन करें।
- वजन को कंट्रोल रखें और रोज कम से कम 30 मिनट पैदल चलें या व्यायाम करें।
- दाल, सोया और पनीर जैसे प्रोटीन स्रोतों का सेवन संतुलित मात्रा में करें, इन्हें बिना डॉक्टर की सलाह के पूरी तरह न छोड़ें।
- बिना डॉक्टर की सलाह के यूरिक एसिड की दवा बंद या शुरू न करें।
डिस्क्लेमर:यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यूरिक एसिड की सामान्य रेंज उम्र, लिंग और अलग-अलग लैब की रेफरेंस वैल्यू के अनुसार थोड़ी भिन्न हो सकती है। किसी भी जांच रिपोर्ट की सही व्याख्या और इलाज के लिए डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें।
