इंसान का दिमाग कैसे काम करता है और इसकी जटिलताओं को कैसे समझा जा सकता है? इस सदी के सबसे बड़े सवाल की गुत्थी सुलझाने वाली रिसर्च को इस साल का चिकित्सा नोबेल पुरस्कार (Nobel Prize in Medicine 2026) दिया गया है। वैज्ञानिकों की इस टीम ने ‘ऑप्टो जेनेटिक्स’ (Optogenetics) तकनीक के जरिए दिमाग की न्यूरॉन गतिविधि को प्रकाश की मदद से कंट्रोल करने और समझने का क्रांतिकारी रास्ता दिखाया है। कार्ल डाइसेरोथ, पीटर हेगेमन और जॉर्ज नागेल को वर्ष 2026 का नोबेल पुरस्कार (फिजियोलॉजी या मेडिसिन) संयुक्त रूप से दिया गया है। उन्हें चैनल रोडोप्सिन (Channelrhodopsin) की खोज और ऑप्टो जेनेटिक्स (Optogenetics) तकनीक को विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया है।

क्या है Optogenetics?

ऑप्टो जेनेटिक्स ऐसी तकनीक है, जिसमें रोशनी की मदद से दिमाग की खास तंत्रिका कोशिकाओं यानी न्यूरॉन्स की गतिविधि को कंट्रोल किया जा सकता है। वैज्ञानिक कुछ न्यूरॉन्स को रोशनी के प्रति संवेदनशील बनाते हैं। इसके बाद उन कोशिकाओं पर खास तरह की रोशनी डालकर उनकी गतिविधि को चालू या बंद किया जा सकता है। इस तकनीक से वैज्ञानिकों को यह समझने में मदद मिलती है कि दिमाग की कौन-सी कोशिकाएं किस काम के लिए जिम्मेदार हैं और उनका व्यवहार, याददाश्त, भावनाओं या बीमारियों से क्या संबंध है। यही वजह है कि ऑप्टो जेनेटिक्स ने दिमाग और तंत्रिका तंत्र से जुड़ी रिसर्च को समझने का एक नया रास्ता खोला है।

दिमाग में न्यूरॉन्स कैसे काम करते हैं?

हमारे दिमाग में अरबों न्यूरॉन्स होते हैं। ये कोशिकाएं इलेक्ट्रिकल और केमिकल सिग्नल के जरिए एक-दूसरे से संवाद करती हैं। इन्हीं संकेतों की मदद से हम देखते, चलते, याद रखते, दर्द महसूस करते और भावनाओं का अनुभव करते हैं। ऑप्टो जेनेटिक्स तकनीक ने वैज्ञानिकों को इन न्यूरॉन्स की गतिविधि को केवल देखने के बजाय उन्हें कंट्रोल करके यह समझने का मौका दिया कि दिमाग के अलग-अलग हिस्से किस तरह व्यवहार और शरीर के कार्यों को प्रभावित करते हैं।

Optogenetics तकनीक से पहले क्या परेशानी थी?

Optogenetics तकनीक से पहले वैज्ञानिकों के पास न्यूरॉन्स के अलग-अलग समूहों की भूमिका समझने के लिए कम सटीक तरीके थे, लेकिन ऑप्टोजेनिक तकनीक ने सबकुछ बदल दिया। अब वैज्ञानिक किसी विशेष समूह के न्यूरॉन्स को चुनकर सक्रिय या निष्क्रिय कर सकते हैं। इसे इस तरह समझ सकते हैं जैसे पहले पूरी बिल्डिंग की बिजली बंद करनी पड़ती थी, जबकि अब केवल एक खास बल्ब को ऑन या ऑफ किया जा सकता है।

दिमाग की बीमारियों को समझने में कैसे ये तकनीक करती है मदद?

इस तकनीक की मदद से वैज्ञानिक ऐसे सवालों के जवाब तलाश सकते हैं, जिनका पता लगाना पहले काफी मुश्किल था। जैसे कौन-से न्यूरॉन्स दौरे यानी seizure को ट्रिगर करते हैं? नशे की लत में दिमाग के कौन-से सर्किट शामिल हैं? याददाश्त बनाने में कौन-सी कोशिकाएं भूमिका निभाती हैं? डिप्रेशन या लंबे समय तक रहने वाले दर्द में कौन-से न्यूरो सर्किट प्रभावित होते हैं? वैज्ञानिक दिमाग की कुछ खास कोशिकाओं को सक्रिय या शांत करके उनमें होने वाले बदलावों को देखते हैं। इससे उन्हें समझने में मदद मिलती है कि दिमाग की गतिविधियों का हमारे व्यवहार पर क्या असर पड़ता है।

पार्किंसन और डिप्रेशन के इलाज में उम्मीद की किरण

ऑप्टो जेनेटिक्स का महत्व केवल वैज्ञानिक शोध तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए पार्किंसन रोग, मिर्गी, डिप्रेशन और लंबे समय तक रहने वाले दर्द जैसी बीमारियों को समझने और भविष्य में इनके बेहतर इलाज की दिशा में भी शोध किया जा रहा है। इन बीमारियों में दिमाग की कुछ खास तंत्रिका कोशिकाओं की गतिविधियां असामान्य हो सकती हैं। भविष्य में ऐसी तकनीकों की मदद से किसी दवा या जैविक प्रक्रिया को शरीर के किसी खास हिस्से में या निश्चित समय पर सक्रिय करने की संभावना पर काम किया जा सकता है। इसका फायदा यह हो सकता है कि बीमारी से प्रभावित कोशिकाओं को टारगेट करते हुए स्वस्थ कोशिकाओं पर होने वाले असर को कम किया जा सके।

डिस्क्लेमर: ऑप्टोजेनेटिक्स से जुड़ी कई संभावनाओं पर अभी वैज्ञानिक शोध चल रहा है। इसे पार्किंसन, डिप्रेशन, मिर्गी या अन्य बीमारियों का वर्तमान इलाज या निश्चित उपचार न समझें। किसी भी बीमारी के इलाज के लिए डॉक्टर की सलाह और निर्धारित चिकित्सा पद्धति का ही पालन करें।