NMC New Guidelines: नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के नए दिशा-निर्देशों में डॉक्टरों के ऑनलाइन विज्ञापनों, 100% सफलता के दावों, फर्जी रिव्यू, मरीजों की तस्वीरों, डिस्काउंट ऑफर और AI से बने भ्रामक मेडिकल प्रचार पर सख्ती की गई है। डॉक्टरों के ऑनलाइन प्रचार, सोशल मीडिया पोस्ट और विज्ञापनों को लेकर ये नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इनके तहत डॉक्टर और अस्पताल भ्रामक दावे, फर्जी रिव्यू और मरीजों की सफलता की कहानियों का इस्तेमाल करके मरीजों को आकर्षित नहीं कर सकेंगे। हालांकि, स्वास्थ्य जागरूकता और चिकित्सा से जुड़ी जानकारी साझा करने की डॉक्टरों को अनुमति रहेगी।
NMC के इन दिशा निर्देशों का उद्देश्य चिकित्सा पेशे में नैतिकता बनाए रखना, भ्रामक प्रचार पर रोक लगाना और मरीजों के हितों की रक्षा करना है। हालांकि डॉक्टर सोशल मीडिया पर स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता, जन स्वास्थ्य की जानकारी और शैक्षणिक सामग्री साझा कर सकते हैं, लेकिन इसका इस्तेमाल मरीजों को लुभाने या व्यावसायिक लाभ के लिए भ्रामक प्रचार करने में नहीं किया जा सकेगा।
डॉक्टरों के प्रचार पर क्या हैं नए नियम?
NMC के दिशा-निर्देशों के अनुसार, डॉक्टर डर पैदा करके मरीजों को बेवजह मेडिकल प्रक्रियाएं या जांच कराने के लिए प्रेरित नहीं कर सकेंगे। डॉक्टर मरीजों को लुभाने के लिए अपनी तरफ आकर्षित करने के लिए किसी भी तरह का अनुचित प्रचार भी नहीं कर सकते। इसके अलावा, डॉक्टर किसी दवा, थेरेपी या मेडिकल डिवाइस के प्रचार के लिए अपने नाम का भी इस्तेमाल नहीं कर सकते।
फर्जी रिव्यू और मरीजों की तस्वीरों पर रोक
अब डॉक्टर या अस्पताल अपने मरीजों की किसी भी तरह की सक्सेस स्टोरी सुना कर, दिखा कर मरीजों को भ्रमित नहीं कर सकते। डॉक्टरों को इलाज से पहले और इलाज के बाद की तस्वीर या सेलिब्रिटी मरीजों का इस्तेमाल प्रचार के लिए करने की अनुमति नहीं होगी। मरीजों की जानकारी का उपयोग वैज्ञानिक या शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए किया जा सकता है, लेकिन इसके लिए उनकी पहचान छिपाना जरूरी होगा।
डॉक्टर, अस्पताल या उनकी ओर से काम करने वाले लोग फर्जी फॉलोअर्स, लाइक्स, रेटिंग, कमेंट्स, व्यूज और ऑनलाइन रिव्यू खरीदकर अपनी लोकप्रियता नहीं बढ़ा सकेंगे। सर्च इंजन की रैंकिंग या ऑनलाइन विजिबिलिटी को इस तरह प्रभावित करने पर भी अब रोक लगा दी गई है।
‘बेस्ट डॉक्टर’ और ‘100% सफलता जैसे दावों पर NMC सख्त
नए दिशा-निर्देश के मुताबिक डॉक्टर और अस्पतालों को अपनी उपलब्धियों का भ्रामक या बढ़ा-चढ़ाकर प्रचार करने पर भी रोक लगी है। ‘बेस्ट डॉक्टर’, ‘नंबर-1 स्पेशलिस्ट’, ‘100% सफलता’, ‘बिना दर्द का इलाज’, ‘सबसे भरोसेमंद’ और ‘सबसे बेहतर’ जैसे दावों का इस्तेमाल मरीजों को आकर्षित करने के लिए मनमाने तरीके से नहीं किया जा सकेगा। अगर इस तरह के लोकलुभावन दावे किए जाते हैं तो उनकी सत्यता को सत्यापित किए जा सकने वाले प्रमाण होने चाहिए। जरूरत पड़ने पर दावे के पीछे इस्तेमाल की गई पद्धति, संबंधित तारीखों, शर्तों और पुरस्कार या रैंकिंग देने वाली संस्था की जानकारी भी साझा करनी होगी। इसका उद्देश्य मरीजों को गलत या अधूरी जानकारी के आधार पर इलाज चुनने से बचाना है।
डिस्काउंट, कैशबैक और गिफ्ट ऑफर पर भी रोक
डॉक्टर चिकित्सा सेवाओं या मरीजों को दिए गए रेफरल के बदले कमीशन, रेफरल फीस, बोनस, गिफ्ट या दूसरे आर्थिक फायदे नहीं ले सकेंगे। दिशा-निर्देशों में ऐसे प्रचार ऑफर पर भी रोक लगाई गई है, जो मरीजों को अनावश्यक जांच, परामर्श या इलाज कराने के लिए प्रोत्साहित कर सकते हैं। इसमें सीमित समय के लिए छूट, कूपन, कैशबैक, प्रतियोगिताएं, गिफ्ट और इसी तरह के दूसरे ऑफर शामिल हैं।
AI से बने भ्रामक विज्ञापनों पर भी होगी सख्ती
नए दिशा-निर्देशों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार सामग्री के इस्तेमाल को लेकर भी पूरी तरह रोक लगाई गई है। डॉक्टर और चिकित्सा संस्थान AI से तैयार या AI की मदद से बनाई गई ऐसी सामग्री का उपयोग नहीं कर सकेंगे, जो बीमारी की पहचान, इलाज, उपचार के नतीजों, डॉक्टर की योग्यता या मरीजों के अनुभवों के बारे में भ्रामक, धोखापूर्ण या अप्रमाणित दावे करती हो।
नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई?
दिशा-निर्देशों में उल्लंघन के आधार पर डॉक्टर पर अलग-अलग स्तर की कार्रवाई का प्रावधान बताया गया है। पहली बार नियम तोड़ने पर चेतावनी और अनिवार्य नैतिकता प्रशिक्षण दिया जा सकता है। दूसरी बार उल्लंघन पर औपचारिक निंदा और आर्थिक दंड लगाया जा सकता है। तीसरी बार उल्लंघन करने पर डॉक्टर का मेडिकल रजिस्ट्रेशन तीन से छह महीने तक के लिए निलंबित किया जा सकता है। गंभीर मामलों में, जैसे इलाज से जुड़े भ्रामक दावे करना या अनुचित तरीके से मरीजों को आकर्षित करना, रजिस्ट्रेशन छह से 12 महीने तक निलंबित हो सकता है। बार-बार नियम तोड़ने पर डॉक्टर का नाम मेडिकल रजिस्टर से एक से तीन साल तक हटाया जा सकता है। रजिस्ट्रेशन के बिना डॉक्टर कानूनी रूप से चिकित्सा का अभ्यास नहीं कर सकते, इसलिए ऐसी कार्रवाई के दौरान उनके प्रैक्टिस करने पर रोक लग सकती है।
डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध रिपोर्ट में बताए गए NMC के दिशा-निर्देशों पर आधारित है। नियमों के लागू होने की स्थिति, आधिकारिक अधिसूचना और विस्तृत प्रावधानों की पुष्टि के लिए NMC की आधिकारिक वेबसाइट और मूल दस्तावेज देखें।
