नवरात्रि में व्रत रखने वाले लोग अक्सर फलाहार में साबूदाना खिचड़ी, साबूदाना वड़ा और भुने हुए मखाने खाते हैं। ये दोनों ही लोकप्रिय विकल्प हैं, लेकिन जब बात सेहत और वजन को ध्यान में रखकर स्नैक चुनने की आती है, तो सवाल उठता है कि साबूदाना खाना बेहतर है या मखाना? साबूदाना और मखाना दोनों में ही कार्बोहाइड्रेट होता है, जो शरीर को ऊर्जा देता है। हालांकि, इनके पोषण में अंतर है। साबूदाना मुख्य रूप से स्टार्च यानी कार्बोहाइड्रेट का स्रोत है, जबकि मखाने में इसके साथ कुछ प्रोटीन, फाइबर और खनिज भी मिलते हैं। इसलिए स्नैक चुनते समय केवल कैलोरी नहीं, बल्कि उसमें मौजूद दूसरे पोषक तत्वों और उसे बनाने के तरीके पर भी ध्यान देना चाहिए।
न्यूट्रिशनिस्ट नंदिनी अग्रवाल ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करके बताया है कि लोग मोटापा कम करने के लिए और डायबिटीज को नॉर्मल करने के लिए हद से ज्यादा मखाना खाते हैं जो सेहत पर नकारात्मक असर करता है। एक्सपर्ट के मुताबिक अगर आप मखाने को रोज़ाना स्नैक की तरह खाते हैं, खासकर डाइट या ऑफिस ब्रेक के दौरान तो आपके पाचन में दिक्कत हो सकती है। जिन लोगों को कब्ज की परेशानी है ऐसे लोग अगर मखाना का सेवन ज्यादा करें तो उनकी कब्ज की दिक्कत ज्यादा बढ़ सकती है।
फिटनेस एक्सपर्ट कृष अशोक बताते हैं कि आमतौर पर साबूदाना को लोग पौष्टिक डाइट मानते हैं जिसका व़त में ज्यादा इस्तेमाल होता है लेकिन यह बात बिल्कुल भी सच नहीं है। अक्सर लोग व्रत के दौरान साबूदाने की खिचड़ी, टिक्की, पकौड़ी और खीर बनाकर सेवन करते हैं। साबूदाना को बेहद ही शुद्ध और सात्विक भोजन माना जाता है लेकिन अगर इसका सेवन जरूरत से ज्यादा किया जाए तो ये डायबिटीज को बढ़ा सकता है। एक्सपर्ट ने इसे कार्बोहाइड्रेट बम बताया है। यानी साबूदाना खाने के बाद ब्लड शुगर आसमान पर पहुंच जाएगा।
साबूदाना और मखाना किस में हैं कितने पोषक तत्व?
साबूदाना खासतौर से टैपिओका स्टार्च से बनाया जाता है। इसमें कार्बोहाइड्रेट अधिक और प्रोटीन व फाइबर बहुत कम होता है। इस वजह से यह ऊर्जा देने वाला खाद्य पदार्थ है, लेकिन इसे अकेले खाने से शरीर को पर्याप्त प्रोटीन नहीं मिलता और इसका ज्यादा सेवन ब्लड में शुगर का स्तर बढ़ा सकता है।
बात करें मखाना की तो ये एक प्रकार के जलीय पौधे के बीज से तैयार होता है। इसमें कार्बोहाइड्रेट के साथ कुछ प्रोटीन, फाइबर और मैग्नीशियम व फॉस्फोरस जैसे खनिज भी पाए जाते हैं। इसे कम तेल में भूनकर खाने से एक बेहतरीन स्नैक तैयार किया जा सकता है
वजन कम करने वालों के लिए क्या बेहतर है?
अगर आप नवरात्रि में वजन कंट्रोल करना चाहते हैं तो आप कम तेल और सीमित मात्रा में भुने हुए मखाने का सेवन कर सकते हैं। मखाना वेट लॉस करने के लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता हैं। आप साबूदाना का भी सेवन कर सकते हैं, लेकिन उसकी मात्रा और उसे बनाने के तरीके पर ध्यान देना जरूरी है। साबूदाना खिचड़ी में अगर ज्यादा घी, तेल, आलू या मूंगफली डाल दी जाए, तो उसकी कुल कैलोरी बढ़ सकती है। इसी तरह मखाने को ज्यादा घी, तेल, चीनी या अन्य कैलोरी वाले फ्लेवर के साथ खाने से ये भी अधिक कैलोरी वाला स्नैक बन सकता है। यह भी ध्यान रखें कि मखाना अपने आप वजन कम नहीं करता। वजन में बदलाव पूरे दिन की कुल कैलोरी, शारीरिक गतिविधि और खानपान की आदतों पर निर्भर करता है।
ब्लड शुगर के मरीजों के लिए कौन-सा बेहतर है?
डायबिटीज के मरीजों को व्रत में स्नैक चुनते समय खास सावधानी बरतना चाहिए। साबूदाना में कार्बोहाइड्रेट अधिक और फाइबर बहुत कम होता है, इसलिए इसका ज्यादा सेवन तेजी से ब्लड में शुगर का स्तर बढ़ा सकता है। मखाने में भी कार्बोहाइड्रेट होता है, इसलिए इसे पूरी तरह ब्लड शुगर के लिए सुरक्षित मानना सही नहीं है। इसकी मात्रा, साथ में खाए जाने वाले खाद्य पदार्थ और मेडिकल हिस्ट्री का भी ध्यान रखना जरूरी है। अगर आपको डायबिटीज है और आप नवरात्रि का व्रत रखना चाहते हैं, तो पहले डॉक्टर से सलाह लें। खासकर इंसुलिन या ब्लड शुगर कम करने वाली दवाएं लेने वाले लोगों को लंबे समय तक भूखे रहने से हाइपोग्लाइसीमिया यानी ब्लड शुगर बहुत कम होने का खतरा हो सकता है।
व्रत में साबूदाना और मखाना कैसे खाएं?
- अगर आप नवरात्रि में फास्ट रख रहे हैं तो आप साबूदाना का सेवन खिचड़ी बनाकर कर सकते हैं लेकिन उसमें घी और तेल की मात्रा को सीमित रखें।
- साबूदाने के साथ मूंगफली का इस्तेमाल अपनी जरूरत और सहनशीलता के मुताबिक करें।
- एक बार में बहुत अधिक मात्रा खाने के बजाय सीमित मात्रा लें।
- डायबिटीज होने पर अपने डॉक्टर की सलाह के अनुसार इसकी मात्रा का सेवन करें।
मखाना खाने का बेहतर तरीका
अगर आप फास्ट में मखाना खाना चाहते हैं तो मखाना कोकम घी या बिना तेल के भूनकर खाएं। ज्यादा ऑयली मखाना खाने से सीने में जलन और एसिडिटी बढ़ सकती है।
स्वाद के लिए सीमित मात्रा में काली मिर्च का इस्तेमाल कर सकते हैं।
बहुत ज्यादा नमक, चीनी या घी डालने से बचें।
इसे हेल्दी स्नैक समझकर बार-बार न खाएं।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। साबूदाना और मखाना खाने का असर उनकी मात्रा, बनाने के तरीके और व्यक्ति की स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करता है। डायबिटीज, कब्ज या पाचन संबंधी समस्या से जूझ रहे लोग अपनी डाइट में बदलाव करने से पहले डॉक्टर या योग्य डायटीशियन से सलाह लें। यह जानकारी किसी भी बीमारी के इलाज या डॉक्टर की सलाह का विकल्प नहीं है।
