बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का 75 साल की उम्र में निधन हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोवा स्थित अपने घर पर उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। आखिर उम्र बढ़ने के साथ कार्डियक अरेस्ट का खतरा क्यों बढ़ सकता है और इसके शुरुआती संकेत क्या होते हैं?
फोर्टिस हॉस्पिटल, शालीमार बाग, नई दिल्ली में प्रिंसिपल डायरेक्टर एवं HOD, कार्डियोलॉजी एंड इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी के डॉक्टर नित्यानंद त्रिपाठी ने बताया उम्र बढ़ने के साथ शरीर में कई तरह के बदलाव आते हैं। 60 या 70 की उम्र पार कर चुके लोगों में अचानक कार्डियक अरेस्ट आने का कारण हार्ट अटैक हो सकता है।
डॉक्टर त्रिपाठी ने बताया अचानक कार्डियक अरेस्ट के कई कारण हो सकते हैं और हार्ट अटैक इसका एक प्रमुख कारण हो सकता है। हार्ट अटैक के दौरान हृदय की विद्युत गतिविधि में गंभीर गड़बड़ी हो सकती है, जिसे वेंट्रिकुलर टैकीकार्डिया (VT) या वेंट्रिकुलर फिब्रिलेशन (VF) कहा जाता है। ऐसी स्थिति में दिल की धड़कन बहुत तेज और अनियमित हो सकती है और प्रभावी तरीके से खून पंप नहीं हो पाता। यही स्थिति अचानक कार्डियक अरेस्ट का कारण बन सकती है।
आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट में क्या अंतर है। इसके लक्षणों की कैसे पहचान की जाए और बचाव कैसे किया जा सकता है।
कार्डियक अरेस्ट और हार्ट अटैक में क्या अंतर है?
डॉक्टर के मुताबिक कार्डियक अरेस्ट और हार्ट अटैक एक ही चीज नहीं है। कार्डियक अरेस्ट हार्ट अटैक से अलग होता है। हार्ट अटैक में आमतौर पर हृदय की किसी धमनियों में ब्लॉकेज के कारण हृदय की मांसपेशियों को नुकसान पहुंचता है। वहीं कार्डियक अरेस्ट में दिल की पंपिंग अचानक बंद हो जाती है और शरीर में खून का प्रवाह रुक जाता है।
हार्ट अटैक से कैसे हो सकता है कार्डियक अरेस्ट?
डॉक्टर ने बताया कि अचानक कार्डियक अरेस्ट के कई कारण हो सकते हैं और हार्ट अटैक इसका एक प्रमुख कारण हो सकता है। हार्ट अटैक के दौरान हृदय की विद्युत गतिविधि में गंभीर गड़बड़ी हो सकती है, जिसे वेंट्रिकुलर टैकीकार्डिया (VT) या वेंट्रिकुलर फिब्रिलेशन (VF) कहा जाता है। ऐसी स्थिति में दिल की धड़कन बहुत तेज और अनियमित हो सकती है और प्रभावी तरीके से खून पंप नहीं हो पाता। यही स्थिति अचानक कार्डियक अरेस्ट का कारण बन सकती है।
उम्र बढ़ने के साथ क्यों बढ़ता है खतरा?
डॉक्टर त्रिपाठी के अनुसार उम्र बढ़ने के साथ हार्ट अटैक का जोखिम बढ़ सकता है। अगर किसी व्यक्ति के हृदय में ब्लॉकेज है और उसका नियमित हेल्थ चेकअप नहीं कराता तो कई बार ब्लॉकेज का पहला गंभीर संकेत हार्ट अटैक या अचानक कार्डियक अरेस्ट के रूप में सामने आ सकता है।
किन लोगों को कार्डियक अरेस्ट का ज्यादा खतरा?
डॉक्टर ने बताया कि डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, स्मोकिंग, बहुत कम शारीरिक गतिविधि और परिवार में हृदय रोग या अचानक मृत्यु की फैमिली हिस्ट्री रखने वाले लोगों को खास सावधानी बरतनी चाहिए। लगातार तनाव और हेल्दी लाइफस्टाइल भी दिल की सेहत को प्रभावित कर सकता है। ऐसे लोगों को नियमित जांच और डॉक्टर की सलाह के अनुसार जोखिम कारकों को नियंत्रित रखना चाहिए।
कार्डियक अरेस्ट से पहले बॉडी में कौन से दिखते हैं संकेत?
डॉक्टर त्रिपाठी ने बताया कुछ लोगों में कार्डियक अरेस्ट या अचानक कार्डियक डेथ से पहले शरीर कुछ संकेत दे सकता है। व्यक्ति को अचानक बहुत कमजोरी महसूस हो सकती है या उसे लग सकता है कि शरीर में कुछ ठीक नहीं है। इसके अलावा सीने में असहजता, अचानक पसीना आना और अचानक बहुत गर्मी महसूस होने जैसे लक्षण भी मरीज को महसूस हो सकते हैं। डॉक्टर ने यह भी बताया कि कुछ बुजुर्गों में व्यवहार में अचानक और असामान्य बदलाव नजर आ सकते हैं। हालांकि ऐसे लक्षण कई दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं में भी हो सकते हैं, इसलिए अचानक बदलाव होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाना जरूरी है।
अचानक कार्डियक अरेस्ट हो जाए तो क्या करें?
अगर कोई इंसान अचानक बेहोश होकर गिर जाए और सामान्य रूप से प्रतिक्रिया न दे तो आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए कॉल करें और मरीज को CPR देना शुरू करें। डॉक्टर ने कहा कि हर व्यक्ति को बेसिक CPR की जानकारी होनी चाहिए। अगर आसपास AED (Automated External Defibrillator) उपलब्ध है, जैसे एयरपोर्ट या कुछ सार्वजनिक स्थानों पर होता है, तो कोई भी ट्रेंड इंसान या डिवाइस के निर्देशों के अनुसार उसका इस्तेमाल किया जा सकता है। CPR जारी रखते हुए जल्द से जल्द मेडिकल मदद पहुंचाना बेहद जरूरी है।
CPR कितनी देर तक दिया जा सकता है?
डॉक्टर ने जनसत्ता को बातचीत में बताया मरीज को अस्पताल ले जाने तक लंबे समय तक CPR दिया जा सकता है। ऐसी स्थिति में मरीज को 1 से 1.5 घंटे तक CPR दिया जा सकता है। डॉक्टर त्रिपाठी ने बताया कि कुछ हार्ट अटैक के मरीजों को CPR देते हुए अस्पताल लाया जाता है। अगर मरीज को एंजियोप्लास्टी के जरिए हृदय में रक्त प्रवाह दोबारा स्थापित किया जा सके, तो कुछ मरीज ठीक होकर घर भी जा सकते हैं।
60–70 साल की उम्र में हार्ट अटैक से कैसे बचें?
डॉक्टर ने बढ़ती उम्र में दिल का बचाव करने के लिए हेल्दी लाइफस्टाइल और नियमित प्रिवेंटिव हेल्थ चेकअप की सलाह दी है। उनके अनुसार उम्र और जोखिम के आधार पर डॉक्टर की सलाह से नियमित जांच करानी चाहिए। अगर किसी व्यक्ति को डायबिटीज या हाई BP है, तो उसे इन क्रोनिक डिजीज को कंट्रोल करना जरूरी है। कार्डियक अरेस्ट और हार्ट अटैक से बचाव करना है तो जो लोग स्मोकिंग करते हैं, उन्हें इसे पूरी तरह छोड़ने की कोशिश करनी चाहिए। इसके अलावा नियमित शारीरिक गतिविधि, योग और रिलैक्सेशन एक्सरसाइज को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। दिल के रोगों से बचाव करने के लिए हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाना जरूरी है।
डिस्क्लेमर: यह लेख डॉक्टर से हुई बातचीत और उपलब्ध मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है। इसमें दी गई जानकारी सामान्य स्वास्थ्य जागरूकता के लिए है। किसी भी लक्षण या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के लिए डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
