फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर का कार्डियक अरेस्ट आने के कारण निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि अभिनेता को कार्डियक अरेस्ट आने के बाद CPR देकर उनकी जान बचाने की कोशिश की गई थी। कार्डियक अरेस्ट जैसी अचानक आने वाली मेडिकल इमरजेंसी में CPR (Cardiopulmonary Resuscitation) किसी भी इंसान के लिए लाइफ सेवर साबित हो सकती है। लेकिन सही जानकारी के अभाव में लोग अक्सर घबरा जाते हैं। आखिर कार्डियक अरेस्ट आने पर CPR कब शुरू करना चाहिए, चेस्ट कंप्रेशन देने का सही तरीका क्या है और अस्पताल पहुंचने तक इसे कितनी देर देना सुरक्षित है?
अपोलो हॉस्पिटल दिल्ली में कार्डियोलॉजिस्ट और इलेक्ट्रो फिजियोलॉजिस्ट डॉ. वनिता अरोड़ा ने जनसत्ता को बताया कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। डॉक्टर वनिता के मुताबिक, कार्डियक अरेस्ट की पहचान होने के तुरंत बाद CPR शुरू करना चाहिए। जितनी जल्दी CPR शुरू किया जाता है, मरीज को बचाने की संभावना उतनी बेहतर हो सकती है। नाना पाटेकर को कार्डियक अरेस्ट सोते हुए आया था, इसलिए ये तय करना मुश्किल है कि उन्हें सही समय पर CPR दिया गया या नहीं। डॉक्टर ने बताया कार्डियक अरेस्ट आने के बाद हर गुजरते मिनट के साथ मरीज के बचने की संभावना कम होती जाती है और दिल के साथ-साथ दिमाग को भी नुकसान पहुंचता रहता है। डॉक्टर ने बताया आप तुरंत मरीज में कार्डियक अरेस्ट की पहचान करें और मरीज को सीपीआर दें तो आप मरीज की जान बचा सकते हैं। आपकी अलर्ट्स मरीज की जान बचा सकती है।
कैसे पहचानें कि मरीज को कार्डियक अरेस्ट आया है?
डॉक्टर वनिता ने बताया अगर आपके आस-पास मौजूद आपका परिचित या दूसरा कोई कार्डियक अरेस्ट का शिकार होता है तो वो अचानक बेहोश हो सकता है और किसी तरह का कोई रिस्पांस नहीं दे रहा तो आप उसकी स्थिति को तुरंत भाप लें। ऐसी स्थिति में पहले यह देखना जरूरी है कि व्यक्ति सांस ले रहा है या नहीं। अगर मरीज प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है और नॉर्मल तरीके से सांस भी नहीं ले रहा है, तो तुरंत मदद के लिए कॉल करें और CPR शुरू करें। डॉक्टर ने बताया पल्स चेक करने में ज्यादा समय गंवाने के बजाय आप बेहोश इंसान के लिए तुरंत इमरजेंसी मदद बुलाएं और CPR देना शुरू कर दें। डॉक्टर ने बताया हर इंसान को सीपीआर देना आना चाहिए। सीपीआर देना कोई मुश्किल काम नहीं है आप एक से दो स्टेप को समझ कर आपनों की जान बचा सकते हैं।
आम आदमी भी दे सकता है CPR
डॉक्टर ने बताया जरूरी नहीं कि CPR ट्रेंड इंसान ही दे सकता है बल्कि आम आदमी भी ये काम कर सकता है। CPR सीखना हर व्यक्ति के लिए जरूरी है। अगर किसी व्यक्ति को अचानक कार्डियक अरेस्ट आता है और आसपास कोई प्रशिक्षित व्यक्ति मौजूद नहीं है, तो भी मदद करने की कोशिश की जानी चाहिए। डॉक्टर ने कहा कि मरीज को CPR करना, CPR बिल्कुल न करने से बेहतर है। इसलिए अगर किसी व्यक्ति को कार्डियक अरेस्ट आया है और वो सामान्य रूप से सांस नहीं ले रहा है, तो मदद आने तक छाती पर दबाव देकर CPR शुरू करना जीवन बचाने में मदद कर सकता है।
CPR कैसे शुरू करें?
CPR में खासतौर पर छाती के बीच वाले हिस्से पर लगातार दबाव दिया जाता है। डॉक्टर के अनुसार, अगर किसी व्यक्ति को CPR की पूरी तकनीक नहीं आती, तब भी मदद के लिए इमरजेंसी नंबर पर कॉल करके chest compressions शुरू करना जरूरी है। हर इंसान को CPR की सही तकनीक सीखने के लिए प्रशिक्षित व्यक्ति से ट्रेनिंग लेना जरूरी है। आपके हाथों की स्थिति, दबाव की गति और सही गहराई मरीज की जान बचा सकती है।
कितनी तेजी और कितनी गहराई तक दें चेस्ट पर दबाव?
डॉक्टर ने CPR देते समय छाती को लगभग डेढ़ से 2 इंच तक दबाने और एक निश्चित गति से compression देने की सलाह दी है। सीपीआर के दौरान सीने पर दबाव देने की गति और गहराई उम्र के हिसाब से अलग हो सकती है। खासकर बच्चों और शिशुओं में सीपीआर देने का तरीका वयस्कों से अलग होता है।
CPR कितनी देर तक देते रहना चाहिए?
डॉक्टर ने बताया CPR शुरू करने से पहले आसपास के लोगों से मदद मांगनी चाहिए और एंबुलेंस, इमरजेंसी मेडिकल सर्विस को तुरंत बुलाना चाहिए। इसके बाद मेडिकल मदद पहुंचने तक CPR जारी रखना चाहिए। अगर CPR देने वाला व्यक्ति थक जाए और आसपास कोई दूसरा व्यक्ति मदद के लिए मौजूद हो, तो दोनों लोग बारी-बारी से CPR दे सकते हैं।
क्या बच्चों को भी CPR दिया जा सकता है?
डॉक्टर ने बताया बच्चों और शिशुओं को भी कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में CPR दिया जाता है। हालांकि, बच्चों की उम्र के अनुसार CPR की तकनीक अलग होती है। इसलिए बच्चों के लिए chest compressions की तकनीक और गहराई वयस्कों से अलग होती है।
CPR देते समय गलती होने का डर सताता है?
कई लोग इस डर से मदद करने से पीछे हट जाते हैं कि CPR के दौरान अगर मरीज को चोट लग गई तो उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। डॉक्टर ने बातचीत में ‘नेक सामरीटियन’ (Good Samaritan) सुरक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि आपात स्थिति में मदद करने वाले व्यक्ति को कानूनी संरक्षण मिलता है।
क्या नींद में भी हो सकता है कार्डियक अरेस्ट?
डॉक्टर ने बताया कि कुछ लोगों में अचानक कार्डियक अरेस्ट नींद के दौरान भी हो सकता है। ऐसी स्थिति में घटना का तुरंत पता न चल पाने के कारण CPR शुरू करने में देरी हो सकती है। डॉक्टर ने बताया कि नाना पाटेकर को कार्डियक अरेस्ट सोते हुए आया है इसलिए ये तय करना संभव नहीं हो सकता कि सीपीआर सही समय पर दिया गया या नहीं।
अचानक कार्डियक अरेस्ट से बचाव के लिए क्या करें?
डॉक्टर ने बचाव और कार्डियक चेकअप कराने पर जोर दिया। खासकर जिन लोगों में दिल से जुड़ी बीमारी का जोखिम हो सकता है, उन्हें डॉक्टर की सलाह के अनुसार समय-समय पर दिस ती की जांच करानी चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी डॉक्टर के साथ हुई बातचीत और उपलब्ध जानकारी पर आधारित है। सीपीआर देने की सही तकनीक व्यक्ति की उम्र और स्थिति के अनुसार अलग हो सकती है। आपात स्थिति में तुरंत मेडिकल इमरजेंसी सेवा से संपर्क करें और प्रशिक्षित व्यक्ति की मदद लें। यह लेख किसी भी तरह की चिकित्सकीय सलाह का विकल्प नहीं है।
