बारिश की फुहारें जहां गर्मी से राहत देती हैं, वहीं अपने साथ संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ा देती हैं। इस मौसम में अगर डाइट का ध्यान नहीं रखा जाए तो बैक्टीरिया और कीड़े पेट में पहुंच कर पाचन को खराब कर देते हैं फूड प्वाइजनिंग और पेट से जुड़ी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ा देते हैं। हमारी पूरे दिन की डाइट में सबसे अहम रोल हमारी थाली में मौजूद सब्जियों का है जिसका सेवन हम दिनभर के खाने में दो से तीन बार करते हैं। कुदरत ने हमें खाने-पीने की चीजों का खज़ाना दिया है लेकिन उसका सही समय पर सही तरीके से सेवन करना हमारी खुद की जिम्मेदारी है। आयुर्वेद और मेडिकल साइंस दोनों ही बरसात के मौसम में कुछ सब्जियों को सेहत के लिए हानिकारक मानते हैं। इस मौसम में कुछ सब्जियों में बैक्टीरिया और कीड़े तेजी से पनपने लगते हैं जो हमारे पाचन को बिगाड़ देते हैं।
न्यूट्रिशनिस्ट ऋजुता दिवेकर ने एक वीडियो में बताया कि बरसात के मौसम में सेहत के लिए फायदा पहुंचाने वाली कुछ सब्जियां नुकसानदायक भी होती है। ऋजुता ने बताया इस मौसन में लहसुन और प्याज जैसी सब्जियों का सेवन भी बेहद कम करना चाहिए।
खराब डाइट का सेवन करने से उल्टी, दस्त और स्किन से जुड़ी परेशानियां हो सकती है। इस मौसम में डाइट का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। एक्सपर्ट के मुताबिक बरसात में बाहर का खुला खाना खाने से परहेज करें,क्योंकि ये मौसम मक्खियों और मच्छरों के पनपने के लिए अनुकूल है। बरसात में हरी पत्तेदार सब्जियों में कीड़े और बैक्टीरिया पनपने का खतरा सबसे ज्यादा होता है। वहीं कुछ बेल वाली सब्जियां इस मौसम में सेहत के लिए अमृत समान मानी जाती हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि बरसात में किन सब्जियों का सेवन करें और किन सब्जियों से परहेज करें।
मानसून में खाएं ये 5 सब्जियां
लौकी (Bottle Gourd) का करें सेवन
लौकी एक ऐसी सब्जी है जो लगभग पूरे साल मिलती हैं, लेकिन ये गर्मी की फसल है जो सेहत को बेहद फायदा पहुंचाती है। मानसून के मौसम की लौकी सबसे हल्की और आसानी से पचने वाली सब्जियों में से एक है। इसमें पानी की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती है। साथ ही यह पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव नहीं डालती। बरसात में आप चाहते हैं कि आपका पेट दुरुस्त रहे, बैक्टीरिया और कीड़ों से बचाव रहे तो आप लौकी का सेवन करें।
तुरई (Ridge Gourd) खाएं कीड़ों से होगा बचाव
तुरई फाइबर से भरपूर होती है और पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करती है। यह शरीर से अपशिष्ट पदार्थ बाहर निकालने में मददगार सब्जी मानी जाती है और लिवर की सेहत के लिए भी फायदेमंद हो सकती है। इस सब्जी की सतह दूसरी सब्जियों की तुलना में चिकनी होती है, इसपर मिट्टी और गंदगी कम चिपकती है, लेकिन इसे भी अच्छी तरह धोकर और पूरी तरह पकाकर ही खाना चाहिए ताकि संक्रमण का खतरा कम रहे।
करेला (Bitter Gourd) खाएं
करेले में कई ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं जो शरीर की इम्यूनिटी को मजबूत करते हैं और बॉडी का बीमारियों से बचाव करते हैं। इसके अलावा ये सब्जी ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने में भी मददगार मानी जाती है। इसका सीमित सेवन सेहत को फायदा पहुंचाता है।
भिंडी (Lady Finger) भी है उपयोगी
भिंडी में घुलनशील फाइबर अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जो पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में मदद करता है। यह बच्चों और वयस्कों दोनों के लिए पौष्टिक सब्जी मानी जाती है। बरसात में आप इस सब्जी का सेवन अच्छे से साफ करके ठीक से पकाकर करें। याद रखें इस मौसम में आधी कच्ची सब्जियों का सेवन नहीं करें।
बरसात में इन सब्जियों से करें परहेज
हरी पत्तेदार सब्जियां
मानसून में पालक, पत्ता गोभी और लेट्यूस जैसी पत्तेदार सब्जियों में नमी, मिट्टी और कीटों के संपर्क का खतरा बढ़ जाता है। इन्हें अच्छी तरह धोकर और पूरी तरह पकाकर ही खाएं। कच्चे रूप में या ठीक से साफ किए बिना सेवन करने से संक्रमण का जोखिम बढ़ सकता है।
मशरूम
मशरूम पोषक तत्वों से भरपूर होता है, लेकिन बारिश के मौसम में नमी के कारण यह जल्दी खराब हो सकता है। यदि मशरूम ताजा न हो या सही तरीके से स्टोर न किया गया हो, तो इसके सेवन से फूड पॉइजनिंग और पेट संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।
फूलगोभी और ब्रोकोली
फूलगोभी और ब्रोकोली की परतों में मिट्टी, छोटे कीड़े और गंदगी फंस सकती है। मानसून में इन्हें अच्छी तरह साफ करना और पूरी तरह पकाकर खाना जरूरी है। ठीक से साफ न करने पर संवेदनशील पाचन तंत्र वाले लोगों में पेट संबंधी परेशानियां हो सकती हैं।
बैंगन
बरसात के मौसम में बैंगन में कीड़े लगने या नमी के कारण जल्दी खराब होने की संभावना बढ़ जाती है। खरीदते समय ताजा और बिना छेद वाला बैंगन चुनें। इसे अच्छी तरह धोकर और पूरी तरह पकाकर ही खाएं ताकि संक्रमण का खतरा कम रहे।
बारिश के मौसम में कुछ खाद्य पदार्थ संक्रमण का खतरा बढ़ा सकते हैं। इसलिए इनसे बचना बेहतर माना जाता है।
- कच्चा सलाद, यदि उसे अच्छी तरह साफ न किया गया हो।
- फंगस लगी या खराब हो चुकी सब्जियों से परहेज करें।
- सड़े-गले टमाटर और आलू का सेवन नहीं करें।
- बिना अच्छे से धोए पत्तेदार साग नहीं खाएं
- तले-भुने और खुले में मिलने वाले स्ट्रीट फूड ना खाएं
बारिश के मौसम में डाइट से जुड़े जरूरी टिप्स
- हमेशा ताजी और मौसमी सब्जियों का ही सेवन करें।
- सब्जियों को अच्छी तरह धोकर और पूरी तरह पकाकर खाएं।
- उबला या स्टीम्ड भोजन पाचन के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है।
- खाने में हल्दी, अदरक और अजवाइन जैसे मसालों का संतुलित उपयोग करें।
- साफ पानी पिएं और भोजन की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
- यदि मानसून के दौरान लगातार पेट दर्द, उल्टी, दस्त या बुखार जैसी समस्या हो, तो डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी और मानसून डाइट से जुड़े टिप्स केवल सामान्य जागरूकता और सामान्य पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए हैं। यह जानकारी किसी भी योग्य चिकित्सक, डाइटिशियन या मेडिकल एक्सपर्ट की पेशेवर चिकित्सा सलाह का विकल्प नहीं है। अपनी डाइट में किसी भी तरह का बड़ा बदलाव करने या स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर डॉक्टर या विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें।
