मैराथन दौड़ते समय 24 साल की युवती की अचानक मौत ने लंबी दूरी तक दौड़ने से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। न्यूयॉर्क सिटी मैराथन में 1 नवंबर 2026 को 24 साल की युवती रेचल आपा की मौत मैराथन में दौड़ने के दौरान हुई। रेचल अपनी जिंदगी की पहली मैराथन में हिस्सा ले रही थीं। फिनिश लाइन से महज 3 किलोमीटर पहले वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। डॉक्टरी जांच में कार्डियक अरेस्ट सामने आया। रिपोर्ट के मुताबिक उनके पिता ने जानकारी दी कि उनकी मौत रबडोमायोलिसिस के कारण हुई है।

खिलाड़ी की मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक उसकी शुरुआती जांच में रबडोमायोलिसिस को जिम्मेदार माना जा रहा है। सवाल ये उठता है कि ये रबडोमायोलिसिस है क्या जिससे खिलाड़ी की दौड़ने के दौरान मौत हो गई। बीमारी की जानकारी हासिल करने के लिए इंडियन एक्सप्रेस ने वॉकहार्ट हॉस्पिटल्स, मुंबई सेंट्रल के सीनियर कंसल्टेंट ऑर्थोपेडिक, मिनिमली इनवेसिव-रोबोटिक जॉइंट रिप्लेसमेंट एवं स्पोर्ट्स मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. गजनफर पटेल से बातचीत की। डॉक्टर गजनफर पटेल ने बताया रबडोमायोलिसिस एक दुर्लभ और गंभीर बीमारी है।

ये एक ऐसी बीमारी है जिसमें मांसपेशियों के टिश्यू तेजी से टूटने लगते हैं। मांसपेशी फाइबर टूटने के बाद उनसे जो मायोग्लोबिन नाम का प्रोटीन और पोटैशियम निकलता है वो सीधे खून में घुल जाता है जिसकी वजह से खून में मायोग्लोबिन की मात्रा ज्यादा हो जाती है। मायोग्लोबिन की मात्रा ज्यादा होने से किडनी के फिल्टर जाम हो जाते हैं जिससे किडनी फेलियर और दिल का दौरा पड़ने का खतरा बढ़ जाता है।

रबडोमायोलिसिस के लिए कौन-कौन से कारण हैं जिम्मेदार?

  • इस गंभीर और दुर्लभ बीमारी के लिए बहुत ज्यादा शारीरिक श्रम जिम्मेदार होता है। बिना ट्रेनिंग के बहुत ज्यादा दौड़ना, हैवी वेटलिफ्टिंग करना,क्रॉसफिट जैसी कठिन एक्सरसाइज करने से ये बीमारी हो सकती है।
  • शरीर में पानी की गंभीर कमी होना और साथ में तेज धूप या गर्मी में दौड़ना यानी डिहाइड्रेशन को इस बीमारी के लिए जिम्मेदार माना जाता है।
    दुर्घटना या किसी भारी चीज के नीचे दबने के कारण मांसपेशियों का क्षतिग्रस्त होना भी इस बीमारी के लिए जिम्मेदार हो सकता है।
    कुछ खास दवाइयां जैसे कोलेस्ट्रॉल कम करने वाली स्टैटिन, वायरल इन्फेक्शन या ड्रग्स और शराब का अत्यधिक सेवन इस बीमारी के लिए जिम्मेदार हो सकता है।

रबडोमायोलिसिस होने पर कौन कौन से दिखाई देते हैं लक्षण?

  • रबडोमायोलिसिस की वजह से मांसपेशियों में सूजन और ऐंठन हो सकती है। इस स्थिति में इतना ज्यादा दर्द होता है कि पीड़ित का हिलना डुलना भी मुश्किल होता है।
  • पेशाब में इस बीमारी के लक्षण दिखते हैं। पेशाब का रंग कोला या चाय के रंग का दिखाई देता है। पेशाब के रंग में बदलाव प्रोटीन का पेशाब के जरिए बाहर निकलने की वजह से होता है।
  • इस स्थिति में मरीज को बहुत थकान होती है, चक्कर  आते है, डिहाइड्रेशन होता है, उल्टी आती है और भ्रम की स्थिति महसूस होती है।

रबडोमायोलिसिस कैसे किडनी से लेकर दिल तक को नुकसान पहुंचा सकता है?

डॉ. पटेल के मुताबिक मैराथन के दौरान लंबे समय तक मांसपेशियों का लगातार इस्तेमाल होता है। जितनी ज्यादा शारीरिक मेहनत होगी, शरीर को रिकवरी के लिए जितना कम समय मिलेगा स्थिति उतनी ही ज्यादा खतरनाक हो सकती है। इसके अलावा अत्यधिक एक्सरसाइज, शरीर में पानी की कमी, पर्याप्त आराम न करना और गर्म या उमस भरे मौसम में दौड़ना इस बीमारी का जोखिम बढ़ा सकता हैं। एक्सपर्ट ने बताया मांसपेशियों के टूटने से निकलने वाले तत्व खून के जरिए किडनी तक पहुंचकर उसे नुकसान पहुंचा सकते हैं। इससे शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन भी बिगड़ सकता है।

मांसपेशियों की कोशिकाओं के अंदर शरीर का 98% पोटैशियम मौजूद होता है। जब मांसपेशियां टूटती हैं, तो यह पोटैशियम सीधे खून में घुल जाता है। हमारा दिल एक इलेक्ट्रिक सिग्नल के जरिए धड़कता है। खून में पोटैशियम का स्तर अचानक बहुत ज्यादा बढ़ने पर दिल के ये इलेक्ट्रिक सिग्नल ब्लॉक हो जाते हैं और दिल अचानक पूरी तरह धड़कना बंद कर देता है। डॉक्टर ने बताया मैराथन के दौरान होने वाले हर कार्डियक अरेस्ट की वजह रबडोमायोलिसिस नहीं होती। इसके पीछे पहले से मौजूद दिल की बीमारी या हीट स्ट्रोक जैसी दूसरी वजहें भी हो सकती हैं। इसलिए मेडिकल जांच के बिना मौत का कारण रबडोमायोलिसिस मान लेना सही नहीं है।

दौड़ने वाले खिलाड़ियों को नहीं नजरअंदाज करना चाहिए ये लक्षण?

  • दौड़ने वाले खिलाड़ियों को सख्त एक्सरसाइज या मैराथन के बाद मांसपेशियों में होने वाले दर्द और थकान को बिल्कुल नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
  • अगर नॉर्मल गतिविधियों को करने के बाद भी आपकी बॉडी में कमजोरी और थकान महसूस हो तो खिलाड़ी तुरंत सतर्क रहें।
  • मांसपेशियों में दर्द के साथ सूजन आना या हाथ-पैरों को हिलाने में परेशानी होने पर भी खिलाड़ी इन लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करें।
  • अगर पेशाब का रंग चाय या कोला जैसा गहरा हो जाए, तो यह मांसपेशियों से मायोग्लोबिन निकलने का संकेत हो सकता है इसे नजरअंदाज नहीं करें।
  • सामान्य से काफी कम यूरिन डिस्चार्ज होना किडनी पर दबाव डाल सकता है उसे नजरअंदाज नहीं करें।
  • एक्सरसाइज के बाद सामान्य थकान से अलग गंभीर थकान या मतली महसूस होना भी खतरे का संकेत हो सकता है।

खिलाड़ी इन सावधानियों के साथ दौड़ें

  • अचानक बहुत ज्यादा लम्बी दूरी तय नहीं करें और ना ही अचानक से ज्यादा स्पीड बढ़ाएं। शरीर को नई गतिविधियों के अनुरूप ढलने का समय दें।
  • बॉडी को आराम दें। लगातार एक्सरसाइज करने के बजाय कुछ देर आराम भी करें, इससे मांसपेशियों को रिकवर होने का समय मिलेगा।
  • लंबी दूरी तक दौड़ने के लिए शरीर को पर्याप्त ऊर्जा की जरूरत होती है। इसके लिए संतुलित आहार और पर्याप्त कार्बोहाइड्रेट का सेवन करें।
  • पानी पर्याप्त पिएं। बॉडी को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है।
  • गर्मी और उमस में दौड़ते समय अपनी गति कम रखें। बहुत ज्यादा गर्मी में दौड़ने से बचें और शरीर के ओवरहीट होने के संकेतों पर ध्यान दें।

डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञों से बातचीत के आधार पर तैयार किया गया है। किसी भी तरह की नई एक्सरसाइज या मैराथन ट्रेनिंग शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।