अक्सर लोग हाई ब्लड प्रेशर को ही परेशानी का सबब मानते हैं लेकिन आप जानते हैं बीपी का बढ़ना जितना खतरनाक है उतना ही खतरनाक बीपी का कम होना भी है। जिस तरह बीपी हाई होने पर शरीर में कुछ लक्षण दिखने लगते हैं उसी तरह बीपी के कम होने पर भी शरीर में कुछ लक्षण दिखने लगते हैं। बीपी हाई होने पर लोगों को चक्कर महसूस होते हैं लेकिन आप जानते हैं कि बीपी लो होने पर भी चक्कर आते हैं और कमजोरी महसूस होती है। लो बीपी में कभी-कभी चक्कर आना, कमजोरी महसूस होना या सिर हल्का लगना जैसी लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं, लेकिन अगर इसके साथ हाथ-पैर सुन्न होने लगें या उनमें झुनझुनी महसूस हो तो जरूरी नहीं है कि ये लो बीपी की वजह से हो रहा है।
ISIC मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में कार्डियोथोरेसिक और वैस्कुलर सर्जरी, कार्डियक साइंसेज विभाग के निदेशक और प्रमुख डॉ.सौरभ जुनेजा के मुताबिक सिर्फ लो ब्लड प्रेशर की वजह से आमतौर पर शरीर में सुन्नपन नहीं होता। हाथ-पैरों में सुन्नपन होने के लिए और भी कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि लो ब्लड प्रेशर होने पर बॉडी में कौन से लक्षण दिखते हैं और हाथ-पैरों में सुन्नपन के लिए कौन कौन से कारण जिम्मेदार हैं?
लो ब्लड प्रेशर के लक्षण
ब्लड प्रेशर कम होने पर बॉडी में कुछ लक्षण दिखाई देते हैं जैसे चक्कर आना, सिर हल्का लगना, कमजोरी, आंखों से धुंधला दिखाई देना और बेहोशी जैसी स्थिति पैदा होना। बीपी लो होने पर हाथ पैरों में सुन्नपन होने की वजह दूसरी है। एक्सपर्ट के मुताबिक अगर बीपी अचानक गिर जाए तो बॉडी के जरूरी अंगों तक ऑक्सीजन का प्रवाह कम हो सकता है जिसकी वजह से बॉडी में कमजोरी, भ्रम जैसी स्थिति और दूसरे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। हर बार सुन्नपन को लो बीपी से जोड़ना सही नहीं है।
हाथ पैरों में सुन्नपन क्यों होता है?
एक्सपर्ट ने बताया अगर किसी का बीपी लो है और उसके साथ ही उसके हाथ-पैर सुन्न भी हो रहे हैं तो उसके लिए नसों पर दबाव पड़ना, डायबिटीज होना, बॉडी में विटामिन B12 की कमी होना या कोई दूसरी न्यूरोलॉजिकल परेशानी की वजह से सुन्नपन बढ़ सकता है।
बीपी कम होने पर कब हो सकती है हाथ-पैरों में झुनझुनी?
अगर ब्लड प्रेशर कम होने पर कुछ देर के लिए चक्कर आने लगे, सिर हल्का लगे और बेहोशी महसूस हो तो उसके साथ सुन्नपन हो सकता है। ये सुन्नपन बीपी लो के लक्षणों के साथ ही होता है। लेकिन अगर शरीर का कोई हिस्सा लगातार सुन्न रहता है, या एक खास हिस्से में ही सुन्नपन महसूस होता है, इसके साथ कमजोरी भी महसूस होती है तो तुरंत डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है। डॉक्टर समस्या की सही वजह जानने के लिए मरीज का ब्लड प्रेशर, दवाओं का सेवन, क्रॉनिक बीमारियों और नसों से जुड़ी कुछ जांच के आधार पर बीमारी का पता लगा सकते हैं।
अचानक बॉडी में दिखें ये लक्षण तो तुरंत जाएं डॉक्टर के पास
- डॉ. जुनेजा ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया अगर आपको अचानक चेहरे,हाथ-पैरों में , शरीर के एक तरफ सुन्नपन महसूस हो तो आप तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
- इसके अलावा चेहरा एक साइट लटक जाए तो नजरअंदाज नहीं करें।
- हाथ या पैर में अचानक कमजोरी होना,बोलने या दूसरों की बात समझने में परेशानी होना, आंखों से धुंधला दिखाई देने जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
- तेज सिरदर्द होने पर, चलने में परेशानी होने पर या शरीर का संतुलन बिगड़ने पर भी तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
- इसके अलावा सीने में दर्द, सांस लेने में दिक्कत और बेहोशी के लक्षण दिखने पर भी डॉक्टर के पास जाएं।
बार-बार शरीर सुन्न होने पर क्या करें?
अगर आप बॉडी के कुछ हिस्सों में बार बार सुन्नपन महसूस करते हैं तो बिना देरी के डॉक्टर से जांच कराएं। हर बार इसे लो ब्लड प्रेशर के लक्षण नहीं समझें। ये परेशानी डायबिटीज, विटामिन B12 की कमी, एनीमिया, थायरॉइड की समस्या, नसों पर दबाव या पेरिफेरल न्यूरोपैथी जैसी स्थितियों की वजह से हो सकती है इसलिए कुछ डॉक्टरी जांच कराना जरूरी होता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और एक्सपर्ट की सलाह से मिली जानकारी पर आधारित है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या में खुद से इलाज नहीं करें बल्कि डॉक्टर की सलाह लें।
