लिवर हमारे शरीर का एक पावर हाउस है जो पाचन से लेकर टॉक्सिन्स को बाहर निकालने तक के 500 से ज्यादा काम करता है। अक्सर लिवर की बीमारी की शुरुआत में कोई स्पष्ट लक्षण नहीं दिखते, लेकिन शरीर के अन्य अंगों, विशेषकर पैरों और टखनों में आने वाले कुछ बदलाव बड़े खतरे का संकेत हो सकते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार अगर समय रहते इन ‘वॉर्निंग साइंस’ को पहचान लिया जाए, तो लिवर को गंभीर क्षति से बचाया जा सकता है। American Association for the Study of Liver Diseases (AASLD) और कई मेडिकल रिसर्च के अनुसार, लिवर की खराबी का असर शरीर के सबसे निचले हिस्से पर जल्दी दिखता है। लिवर खराब होने पर शरीर में हार्मोनल असंतुलन होता है। इसके कारण पैरों या पिंडलियों पर मकड़ी के जाले जैसी नीली या लाल नसें दिखने लगती हैं, उन्हें Spider Angiomas कहते हैं। इसके अलावा, पैरों के तलवों पर लाल रंग के धब्बे भी दिख सकते हैं।
Journal of Hepatology में प्रकाशित शोध के मुताबिक पोर्टल हाइपरटेंशन की स्थिति में शरीर की नसों में दबाव बढ़ जाता है, खासकर पैरों की नसों पर इसका असर ज्यादा दिखाई देता है। इस दबाव के कारण नसों से तरल पदार्थ बाहर निकलकर आसपास के ऊतकों में जमा होने लगता है, जिससे सूजन हो सकती है। हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक ये लक्षण कई बार एडवांस स्टेज की लिवर बीमारी का शुरुआती बाहरी संकेत भी हो सकता है। अक्सर लिवर से जुड़ी परेशानियां सीधे पेट या पाचन से नहीं, बल्कि शरीर के दूसरे हिस्सों में दिखाई देने लगती हैं। खासकर पैरों में होने वाले कुछ बदलाव लिवर के खराब होने का संकेत दे सकते हैं। आइए जानते हैं पैरों में दिखने वाले कौन से 6 लक्षण हैं जिन्हें नजरअंदाज करना जानलेवा साबित हो सकता है।
लिवर में खराबी के आम लक्षण:
त्वचा और आंखों का पीला पड़ना, लगातार थकान और कमजोरी,पेट में सूजन या दर्द,पैरों और टखनों में सूजन,भूख कम लगना और वजन घटना, मतली और उल्टी, गहरे रंग का पेशाब और हल्के रंग का मल,स्किन में खुजली होना। आसानी से चोट लगना या खून बहना लिवर के खराब होने के संकेत हो सकते हैं।
पैरों में दिखने वाले ये संकेत लिवर की समस्या की ओर कर सकते हैं इशारा। नजरअंदाज करने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर।
पैरों पर लाल या भूरे धब्बे दिखना
अगर घुटनों के नीचे या पैरों के ऊपरी हिस्से में लाल या भूरे रंग के धब्बे नजर आने लगें, तो यह सामान्य स्किन समस्या से अलग भी हो सकता है। कई मामलों में लिवर में फैट जमा होने या उसकी कार्यक्षमता कमजोर पड़ने पर स्किन पर इस तरह के निशान उभर सकते हैं, जो छोटे-छोटे चकत्तों की तरह दिखाई देते हैं।
टखनों या पैरों पर जाले जैसी नसें
पैरों या टखनों के आसपास पतली और जाल जैसी नसें दिखाई देना भी लिवर से जुड़ी समस्या का संकेत हो सकता है। लिवर सिरोसिस जैसी स्थिति में शरीर के हार्मोनल संतुलन पर असर पड़ता है, जिससे रक्त वाहिकाएं फैलने लगती हैं और स्पाइडर वेन्स जैसी संरचना दिखाई देने लगती है।
एड़ियों का बार-बार फटना
बार-बार एड़ियों का फटना केवल स्किन की देखभाल की कमी की वजह से ही नहीं होता। लिवर ठीक से काम न करे तो शरीर में विटामिन A, D, E और K जैसे फैट-सॉल्युबल विटामिन्स का अवशोषण प्रभावित हो सकता है। खासकर विटामिन A की कमी से त्वचा ज्यादा रूखी, मोटी और फटी हुई दिखाई देने लगती है।
पैरों में जलन या असामान्य गर्माहट महसूस होना
अगर रात के समय पैरों के तलवों में जलन, गर्माहट या झनझनाहट महसूस हो, तो यह केवल थकान या नसों की कमजोरी का संकेत नहीं भी हो सकता है। लिवर की कार्यक्षमता घटने पर शरीर में विषैले तत्व पूरी तरह बाहर नहीं निकल पाते, जिससे खून में कुछ टॉक्सिन्स का स्तर बढ़ सकता है और यह नसों को प्रभावित कर सकता है।
पैरों और टखनों में सूजन
पैरों या टखनों में सूजन आना और दबाने पर कुछ देर तक गड्ढे बने रहना लिवर की समस्या का एक संभावित संकेत हो सकता है। लिवर डैमेज होने पर शरीर में एल्ब्यूमिन नामक प्रोटीन का स्तर कम हो सकता है, जिससे तरल पदार्थ ऊतकों में जमा होने लगता है और पैरों में सूजन दिखाई देने लगती है।
पैरों से असामान्य और तेज दुर्गंध आना
पैरों से आने वाली बदबू आमतौर पर पसीने और बैक्टीरिया के कारण होती है, लेकिन लिवर की बीमारी में यह गंध ज्यादा तेज या अलग प्रकार की हो सकती है। जब लिवर शरीर से विषैले तत्वों को प्रभावी ढंग से बाहर नहीं निकाल पाता, तो उनमें से कुछ पसीने के माध्यम से निकल सकते हैं, जिससे दुर्गंध अधिक महसूस हो सकती है।
डिस्क्लेमर
ये लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। पैरों में सूजन या अन्य लक्षण हृदय या किडनी की बीमारी के भी हो सकते हैं। सही निदान के लिए तुरंत किसी गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट या विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह लें।
