Sweet Cravings: मीठे फूड यानी रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट जैसे कैंडी, पेस्ट्री और मीठे ड्रिंक्स का अधिक सेवन शरीर पर कई नकारात्मक असर डाल सकता है। जब आप ज्यादा चीनी या सरल कार्बोहाइड्रेट खाते हैं तो वे बहुत जल्दी पचकर ग्लूकोज में बदल जाते हैं जिससे ब्लड शुगर तेजी से बढ़ता है। शरीर इसे नियंत्रित करने के लिए अधिक मात्रा में इंसुलिन रिलीज करता है। बार-बार ऐसा होने पर इंसुलिन रेजिस्टेंस का खतरा बढ़ सकता है, जो आगे चलकर टाइप 2 डायबिटीज का कारण बन सकता है। अतिरिक्त ग्लूकोज फैट के रूप में जमा होने लगता है। खासकर पेट के आसपास चर्बी बढ़ सकती है। शुगर क्रैश और बार-बार भूख लगने का खतरा अधिक रहता है। ज्यादा मीठा खाने से थकान, चिड़चिड़ापन और दोबारा मीठा खाने की इच्छा बढ़ती है। लगातार हाई शुगर डाइट लेने से शरीर की मेटाबॉलिक सेहत प्रभावित होती है, जिससे फैटी लिवर, हाई ट्राइग्लिसराइड और हार्मोनल असंतुलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
रजिस्टर्ड डायटीशियन क्रिस्टीना मानियन,RDN ने एक लेख में मीठा की क्रविंग कंट्रोल करने वाले फूड्स की लिस्ट बताई है जो कार्ब्स को कंट्रोल करते हैं, ब्लड शुगर नॉर्मल रखते हैं और मीठा खाने की क्रेविंग भी कम करते हैं। आइए जानके हैं कि कौन कौन से ऐसे फूड्स हैं जो चॉकलेट या कैंडी पसंद करने वाले लोगों के लिए बेस्ट फूड हैं।
अंगूर (Grapes) खाएं
अंगूर ऐसे फल हैं जिसमें नेचुरल मिठास मौजूद होती है। इस फल को नेचुरल कैंडी भी कहा जा सकता है। इनमें प्राकृतिक शुगर होती है, न कि अतिरिक्त चीनी, इसलिए ये ब्लड शुगर को धीरे-धीरे बढ़ाते हैं। एक कप अंगूर में लगभग 2 ग्राम फाइबर होता है, जो ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने और पेट को भरा हुआ महसूस कराने में मदद करता है। Journal of Nutrition के अनुसार, कम GI वाले खाद्य पदार्थ रक्त में शुगर को धीरे-धीरे रिलीज करते हैं। जब ब्लड शुगर अचानक से नहीं गिरता तो मस्तिष्क को दोबारा मीठा खाने का संकेत नहीं मिलता। इससे शुगर स्पाइक और क्रैश का चक्र टूट जाता है। आप ताजे अंगूर का सेवन करें आपकी मीठा खाने की क्रेविंग कंट्रोल होगी और बॉडी को पर्याप्त पोषण भी मिलेगा।
पीनट बटर और शहद के साथ टोस्ट खाएं
आपको मीठा खाना पसंद है और बार-बार मीठा खाने की क्रेविंग होती है तो आप ब्रेड, पीनट बटर और शहद को कॉम्बिनेशन में खाएं। पीनट बटर प्रोटीन और हेल्दी फैट देता है, टोस्ट लंबे समय तक ऊर्जा देता है और शहद का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जिससे ब्लड शुगर धीरे-धीरे बढ़ता है। British Journal of Nutrition में प्रकाशित एक शोध के अनुसार, नाश्ते में पीनट बटर का सेवन करने से अगले 12 घंटों तक भूख कम लगती है और मीठा खाने की इच्छा कंट्रोल रहती है। प्रोटीन और फैट पाचन को धीमा कर देते हैं, जिससे आप लंबे समय तक भरा हुआ महसूस करते हैं। आप पीनट बटर और शहद के साथ टोस्ट खाएं आपकी बॉडी को पर्याप्त पोषण मिलेगा और बॉडी हेल्दी रहेगी।
बादाम, बटर और सेब के स्लाइस खाएं
बादाम बटर हेल्दी फैट, प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होता है, जो लंबे समय तक पेट भरा रखता है और मांसपेशियों और पाचन के लिए फायदेमंद है। इसे नेचुरल मिठास वाले सेब के साथ खाने से स्वाद तो बढ़ता है और फाइबर भी मिलता है। ध्यान रखें कि आप बिना अतिरिक्त चीनी वाला बादाम बटर ही खाएं।
ग्रीक योगर्ट, बेरीज़ और डार्क चॉकलेट चिप्स का करें सेवन
अगर आपको आइसक्रीम बहुत पसंद है, तो ग्रीक योगर्ट में बेरीज़ और डार्क चॉकलेट चिप्स मिलाकर खाएं। डार्क चॉकलेट में अधिक कोको और कम चीनी होनी चाहिए। यह स्वाद के साथ-साथ एंटीऑक्सीडेंट भी देता है। इसका सेवन करने से मीठा खाने की क्रेविंग कंट्रोल रहती है और वजन भी कम होता है।
सूखा आम और काजू खाएं
अगर आपको गमी कैंडी पसंद है तो बिना चीनी वाला सूखा आम एक बेहतरीन विकल्प है। इसमें नेचुरल मिठास और विटामिन C भरपूर मात्रा में होता है। इसे काजू के साथ खाने से हेल्दी फैट, प्रोटीन और फाइबर मिलता है, जो ब्लड शुगर को संतुलित रखने और पेट भरा रखने में मदद करता है।
डिस्क्लेमर:
इस लेख में साझा की गई जानकारी केवल सामान्य जागरूकता और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार के विकल्प के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। अपनी डाइट, एक्सरसाइज या दवाओं में कोई भी बदलाव करने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति के मामले में तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।
