साउथ और बॉलीवुड अभिनेत्री खुशबू सुंदर का ट्रांसफॉर्मेशन इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है। खुशबू ने किसी क्रैश डाइट या शॉर्टकट के बिना, 5 साल के लंबे समय में 40 किलो वजन घटाया है। हेल्थ एक्सपर्ट का भी मानना है कि रातों-रात वजन घटाने की बजाय धीरे-धीरे वजन कम करना शरीर के लिए ज्यादा सुरक्षित और टिकाऊ तरीका होता है। अक्सर लोग जल्दी वजन घटाने के चक्कर में क्रैश डाइट और सख्त एक्सरसाइज का सहारा लेते हैं, जो सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। अभिनेत्री खुशबू सुंदर ने 5 साल की हेल्दी रूटीन से 40 किलो वजन घटाकर एक नई मिसाल पेश की है।

अभिनेत्री खुशबू सुंदर ने साल 2021 में जब वजन कम करने की शुरुआत की थी, तब उनका मकसद सिर्फ अपना लुक बदलना नहीं था। उस समय उनका वजन करीब 98.6 किलो था और फिल्म शूटिंग के दौरान लगी चोटों के बाद उन्हें घुटनों में दर्द की समस्या रहने लगी थी। सीढ़ियां चढ़ने जैसी रोजमर्रा की गतिविधियां भी उनके लिए मुश्किल हो गई थीं। डॉक्टर की सलाह पर उन्होंने वजन कम करने का फैसला किया। करीब पांच साल बाद खुशबू सुंदर का कहना है कि उन्होंने लगभग 40 किलो वजन कम किया है। उनकी वेट लॉस जर्नी में किसी जल्दबाजी वाली डाइट के बजाय खान-पान में टिकाऊ बदलाव, पैदल चलना, योग और एक्सरसाइज शामिल रही।

मैं डॉ. मिकी मेहता होलिस्टिक हेल्थ एक्सपर्ट हूं। खुशबू की कहानी का जिक्र करने का मकसद वजन कम करने के एक महत्वपूर्ण पहलू को समझना है। वजन कम करना और कम किए हुए वजन को लंबे समय तक बनाए रखना दो अलग-अलग चुनौतियां हैं। इसलिए ऐसा खान-पान और एक्सरसाइज रूटीन बनाना जरूरी है, जिसे शुरुआती उत्साह खत्म होने के बाद भी लंबे समय तक जारी रखा जा सके।

एक बार में नहीं बल्कि धीरे-धीरे कंट्रोल करें वेट

वजन कम करने के लिए सबसे जरूरी है कि खाने के बाद भोजन से जो एनर्जी मिलती है आप उससे ज्यादा एनर्जी को बर्न करें । हालांकि, इसके लिए बहुत ज्यादा खाना छोड़ने या बेहद कठिन एक्सरसाइज करने की जरूरत नहीं होती। खाने की मात्रा में छोटे और लगातार बदलाव तथा शारीरिक गतिविधि बढ़ाने से भी वजन कम करने में मदद मिल सकती है। वेट लॉस करने के लिए खानपान और बॉडी एक्टिविटी में छोटे छोटे बदलाव करके आपको वजन कम करने में मदद मिल सकती है,बिना इसके कि पूरी जिंदगी सिर्फ वजन घटाने के इर्द-गिर्द घूमने लगे। वजन कम करने की प्रगति को रोजाना वजन के उतार-चढ़ाव से नहीं, बल्कि कई हफ्तों और महीनों के दौरान होने वाले बदलावों से देखना ज्यादा बेहतर होता है।

क्या गेहूं वजन बढ़ने की वजह है?

खुशबू सुंदर ने ग्लूटेन इन्टॉलरेंस के बारे में बात की है और इसके बाद चपाती और मैदा से बनी चीजों से परहेज करने की बात कही है। हालांकि मेरे हिसाब से उनके अनुभव को इस बात के प्रमाण के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए कि गेहूं हर व्यक्ति का वजन बढ़ाता है। गेहूं अपने आप में वजन बढ़ाने वाला भोजन नहीं है। वजन में बदलाव कुल कैलोरी सेवन, शारीरिक गतिविधि और कई व्यक्तिगत कारकों पर निर्भर करता है। साबुत अनाज से बने गेहूं के खाद्य पदार्थ संतुलित डाइट का हिस्सा हो सकते हैं, क्योंकि इनमें फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं।

जिन लोगों को सीलिएक डिजीज (Celiac Disease) है, उनके लिए ग्लूटेन से परहेज करना चिकित्सकीय रूप से जरूरी होता है। वहीं, गेहूं खाने के बाद लगातार किसी तरह के लक्षण महसूस होने पर खुद से ग्लूटेन इन्टॉलरेंस मान लेने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। सिर्फ गेहूं की जगह किसी दूसरे खाद्य पदार्थ को शामिल करने से डाइट अपने आप हेल्दी नहीं हो जाती। ग्लूटेन-फ्री बिस्कुट, पैकेज्ड स्नैक्स और रिफाइंड विकल्पों में भी कैलोरी ज्यादा और फाइबर कम हो सकता है। व्यक्ति की जरूरत और पसंद के अनुसार ज्वार, बाजरा, रागी, चावल और दूसरे अनाज डाइट में शामिल किए जा सकते हैं। इसलिए यह सोचने के बजाय कि वजन घटाने के लिए किस फूड को पूरी तरह छोड़ना है, ये सोचने से बेहतर है कि पूरी डाइट संतुलित हो। वेट लॉस करने के लिए आप जिन बिंदुओं पर काम करेंगे उसमें भोजन की मात्रा का ध्यान रखना,खाने से पर्याप्त प्रोटीन, फाइबर व जरूरी पोषक तत्वों को शामिल करना है।

वॉकिंग, योग और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग का कॉम्बिनेशन हो सकता है फायदेमंद

खुशबू सुंदर ने अपनी रूटीन में वॉकिंग के साथ योग और एक्सरसाइज को भी शामिल किया। हालांकि बॉडी की ये एक्टिविटी ऐसी हैं जिन्हें लम्बे समय तक फॉलो किया जा सकता है। खासकर उन लोगों के लिए जिन्हें जिम जाकर वर्कआउट करना मुश्किल लगता है। पैदल चलना यानी वॉक ना सिर्फ दिल की सेहत को दुरुस्त करती है बल्कि रोजाना की कैलोरी बर्न करने में भी मदद करती है। वहीं योग शरीर को लचीला बनाता है, संतुलन और मोबिलिटी को बेहतर बनाने में मदद करता है।

लंबे समय तक फिटनेस बनाए रखने के लिए रेजिस्टेंस या स्ट्रेंथ ट्रेनिंग को भी रूटीन का हिस्सा बनाना जरूरी है। वजन कम करते समय मांसपेशियों को मजबूत रखने में स्ट्रेंथ ट्रेनिंग मदद कर सकती है और रोजमर्रा के काम करने की क्षमता को भी बेहतर बनाए रख सकती है। एरोबिक एक्सरसाइज और मांसपेशियों को मजबूत करने वाली एक्सरसाइज का कॉम्बिनेशन, व्यक्ति की क्षमता के अनुसार, किसी एक तरह की एक्सरसाइज पर निर्भर रहने से ज्यादा उपयोगी हो सकता है। जिन लोगों को घुटनों में दर्द, पुरानी चोट या चलने-फिरने में परेशानी है, उन्हें अपनी क्षमता के अनुसार धीरे-धीरे शुरुआत करनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की सलाह लेनी चाहिए। एक्सरसाइज इतनी ही करें जिससे आपकी बॉडी में दर्द या ज्यादा थकान नहीं हो।

वजन कम करने के लिए इन आदतों को लंबे समय तक अपनाना जरूरी

  • वेट लॉस जर्नी को आसान बनाने के लिए सिर्फ डाइट और एक्सरसाइज पर ही ध्यान देना जरूरी नहीं है बल्कि पर्याप्त नींद, नियमित भोजन, तनाव को कंट्रोल करना भी जरूरी है।
  • वास्तविक लक्ष्य तय करना भी हेल्दी रूटीन को लगातार बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता हैं। भोजन की पहले से प्लानिंग करना, घर में पौष्टिक चीजें मुहैया करना और ऐसी शारीरिक गतिविधि चुनना जिसमें आपको आनंद मिले। इन हेल्दी आदतों को लंबे समय तक कंटिन्यू करके आप आसानी से अपने वजन को कंट्रोल कर सकते हैं।  
  • खाने की मात्रा पर ध्यान देना सबसे ज्यादा जरूरी है। धीरे-धीरे खाना, भूख और पेट भरने के संकेतों को समझना बेहद जरूरी है। 
  • वजन कम करने के लिए कैलोरी काउंट पर ध्यान दें। आप कैलोरी काउंट पर ध्यान देंगे तो आप खुद से ही खाने पर कंट्रोल करना सीख जाएंगे।
  • वजन कम करने के लिए जरूरी नहीं है कि आप अपनी पसंद के खाने को अपनी डाइट से बाहर निकाल दें।आप वेट लॉस करने के लिए खाने  की मात्रा और खाना कितनी बार खाया जाए इसपर ज्यादा ध्यान दें।
  • वजन कम होने की प्रक्रिया हमेशा एक जैसी नहीं रहती। यात्रा, बीमारी, काम का दबाव, हार्मोनल बदलाव और जिंदगी से जुड़ी अन्य परिस्थितियां हेल्दी रूटीन को प्रभावित कर सकती हैं। ऐसे समय में ज्यादा खाना छोड़ने या जरूरत से ज्यादा एक्सरसाइज करने के बजाय दोबारा अपनी पुरानी हेल्दी आदतों पर लौटना ज्यादा जरूरी है।
  • खुशबू सुंदर की कहानी वजन कम करने के पीछे के उद्देश्य को भी सामने लाती है। वजन कम करने का लक्ष्य सिर्फ शरीर का आकार बदलना नहीं, बल्कि हेल्थ को भी बेहतर करना होता है।

डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य स्वास्थ्य जानकारी के लिए है। वजन कम करने की जरूरत, सही डाइट और एक्सरसाइज हर व्यक्ति की उम्र, स्वास्थ्य और मेडिकल स्थिति के अनुसार अलग हो सकती है। किसी भी तरह के वजन घटाने वाले बदलाव को अपनाने से पहले डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह लें।