आजकल की तेज रफ्तार जिंदगी में समय निकालना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। काम, परिवार और जिम्मेदारियों के बीच अक्सर इंसान खुद को सबसे आखिर में रख देता है। खासकर सुबह के समय, जब जल्दी घर से निकलना होता है। ऐसे में नाश्ता करना कई लोगों के लिए मुश्किल हो जाता है। बहुत से लोग सोचते हैं कि एक समय का नाश्ता छोड़ देने से कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन एक्सपर्ट्स की मानें तो यह आदत धीरे-धीरे सेहत को नुकसान पहुंचा सकती है। लखनऊ के मिडलैंड हॉस्पिटल की चीफ डाइटिशियन और वेलनेस डाइट क्लिनिक की डायरेक्टर स्मिता सिंह के अनुसार, सुबह उठने के एक घंटे के भीतर कुछ न कुछ खाना शरीर के लिए बेहद जरूरी है। स्मिता सिंह के अनुसार, खाली पेट घर से निकलना कई तरह की समस्याओं को जन्म दे सकता है।

सुबह खाली पेट निकलने से क्यों घटती है एनर्जी?

रात भर सोते समय हमारा शरीर अपनी जरूरी गतिविधियों के लिए ग्लूकोज का इस्तेमाल करता रहता है। सुबह उठते-उठते शरीर में ग्लूकोज का स्तर काफी कम हो जाता है। ऐसे में अगर बिना कुछ खाए घर से निकल जाते हैं, तो शरीर को तुरंत ऊर्जा नहीं मिल पाती। इसका नतीजा होता है थकान, कमजोरी और काम में मन न लगना। स्मिता सिंह बताती हैं कि लगातार खाली पेट रहने से ब्लड शुगर लेवल भी बिगड़ सकता है। इससे चक्कर आना, पसीना आना और लंबे समय में डायबिटीज़ का खतरा भी बढ़ सकता है।

पेट की समस्याएं बढ़ जाती हैं

अक्सर लोगों को लगता है कि खाली पेट रहने से पेट को आराम मिलता है, लेकिन असलियत इससे उलट है। जब पेट खाली होता है, तब भी उसमें एसिड बनता रहता है। अगर समय पर कुछ नहीं खाया जाए, तो यह एसिड पेट की परत को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे एसिडिटी, हार्टबर्न, जी मिचलाना और पेट दर्द जैसी परेशानियां हो सकती हैं। लंबे समय तक ऐसा रहने पर गैस्ट्रिक समस्या या अल्सर का खतरा भी बढ़ सकता है।

वजन घटाने के बजाय बढ़ सकता है मोटापा

कई लोग वजन कम करने के लिए जानबूझकर नाश्ता छोड़ देते हैं। लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह तरीका उल्टा असर करता है। सुबह कुछ न खाने से दोपहर तक भूख बहुत तेज हो जाती है, जिससे इंसान जरूरत से ज्यादा खा लेता है। इसके अलावा, नाश्ता न करने से मेटाबॉलिज़्म धीमा हो सकता है। जब मेटाबॉलिज़्म स्लो होता है, तो शरीर फैट को जल्दी स्टोर करने लगता है। नतीजा—वजन घटने के बजाय बढ़ने लगता है।

हार्मोनल असंतुलन का खतरा

सुबह का नाश्ता न करने से शरीर में कोर्टिसोल नामक स्ट्रेस हार्मोन बढ़ सकता है। यह हार्मोन ज़्यादा होने पर फैट स्टोरेज बढ़ाता है, नींद की गुणवत्ता खराब करता है और इम्यून सिस्टम को कमजोर बना सकता है। महिलाओं में हार्मोनल असंतुलन के कारण थायराइड की समस्या या अनियमित पीरियड्स जैसी परेशानियां भी सामने आ सकती हैं। इसलिए सुबह का नाश्ता सिर्फ पेट भरने के लिए नहीं, बल्कि हार्मोनल संतुलन के लिए भी ज़रूरी है।

दिमाग पर भी पड़ता है असर

दिमाग को सही तरीके से काम करने के लिए ग्लूकोज की ज़रूरत होती है। जब शरीर को सुबह पर्याप्त ऊर्जा नहीं मिलती, तो इसका सीधा असर ब्रेन फंक्शन पर पड़ता है। ध्यान लगाने में परेशानी, चिड़चिड़ापन और काम की क्षमता में कमी महसूस हो सकती है। जो लोग सुबह बिना खाए ऑफिस या स्कूल जाते हैं, उन्हें दिन की शुरुआत में ही सुस्ती और फोकस की कमी महसूस होने लगती है।

सुबह नाश्ते में क्या खाना चाहिए?

  • अंडे
  • दही और ओट्स
  • ताजे मौसमी फल
  • होल-ग्रेन टोस्ट
  • मूंग दाल का चीला
  • स्प्राउट्स

निष्कर्ष

सुबह खाली पेट घर से निकलना एक छोटी आदत लग सकती है, लेकिन इसके असर लंबे समय तक सेहत पर पड़ते हैं। इससे एनर्जी की कमी, पेट की समस्याएं, वजन बढ़ना, हार्मोनल असंतुलन और दिमागी कमजोरी जैसी दिक्कतें हो सकती हैं।

डिस्क्लेमर

यह स्टोरी सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार की गई है। किसी भी तरह के स्वास्थ्य संबंधी बदलाव या डाइट में परिवर्तन करने से पहले अपने डॉक्टर या योग्य हेल्थ एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।